UP News: सपा सांसद अफजाल अंसारी की अचानक बिगड़ी तबीयत, देर रात लखनऊ के मेदांता अस्पताल में हुए भर्ती

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। शुक्रवार देर रात उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें पेट दर्द और लगातार उल्टियां हो रही थीं। हालत बिगड़ने पर परिवार उन्हें रात के करीब 12 बजे एंबुलेंस से गाजीपुर से लखनऊ लेकर पहुंचा, जहां फिल्हाल डॉक्टर की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़े -मतदान के बीच सियासी संग्राम, गोरखपुर से आगरा तक सपाई-भाजपाई में भिड़ंत, सपा ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर राकेश कुमार के मुताबिक, शरीर में पानी की कमी होने के कारण उन्हें रात के 12 बजे मेदांता के गेस्ट्रो मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया। विभाग के डॉक्टर उनकी देखरेख में लगे हुए हैं। उनकी जांच के लिए खून की जांच और अल्ट्रासाउंड कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा।
अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
अफजाल अंसारी के भतीजे और मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी है। उन्होंने समर्थकों अफजाल अंसारी के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील भी की है। अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा "बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब (सांसद गाजीपुर) की तबीयत अचानक खराब हो गई है। वह लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती हैं। आप सभी से दुवाओं, प्रार्थनाओं की गुजारिश है।''
यह भी पढ़े -पुलिस स्मृति दिवस पर पीएम मोदी ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, कहा - 'उनका साहस और बलिदान हमेशा रहेगा याद'
कौन हैं अफजाल अंसारी?
आपको बता दें कि, अफजाल अंसारी गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं। अफजाल पूर्वांचल के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं। उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से राजनीति की शुरूआत की और मोहम्मदाबाद सीट से पांच बार विधायक रहे। इसके बाद वह तीन बार गाजीपुर से सांसद चुने गए। बस इतना ही नहीं, बल्कि साल 2004 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए और सांसद बने। बाद में बसपा (बहुजन समाज पार्टी) में गए। 2019 में बसपा के टिकट से चुनाव जीत कर आए लेकिन 2023 में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद, वर्ष 2024 में वह फिर सपा के टिकट पर गाजीपुर से सांसद चुने गए।
Created On :  
