Dombivalikar Friendship Run: 29 नवंबर को आयोजित होगा ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण, थीम टी-शर्ट और मेडल का अनावरण

29 नवंबर को आयोजित होगा ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण, थीम टी-शर्ट और मेडल का अनावरण
स्वास्थ्य, मित्रता और एकजुटता का संदेश देने वाले ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण आगामी 29 नवंबर 2026 को डोंबिवली में आयोजित किया जाएगा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। स्वास्थ्य, मित्रता और एकजुटता का संदेश देने वाले ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण आगामी 29 नवंबर 2026 को डोंबिवली में आयोजित किया जाएगा। ‘डोंबिवली शहर का उत्सव’ की संकल्पना पर आधारित इस आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुर्गाष्टमी के अवसर पर भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं डोंबिवली के विधायक रविंद्र चव्हाण के हाथों ‘नमो रमो नवरात्रि’ के प्रांगण में इस उपक्रम की थीम टी-शर्ट और मेडल का अनावरण किया गया।

‘कल्याण डोंबिवली रनर्स’ (KDR) की ओर से तथा ‘डोंबिवलीकर एक सांस्कृतिक परिवार’ के सहयोग से इस आयोजन का संचालन किया जा रहा है। शहर के नागरिकों को एक साथ लाना, महाराष्ट्र के धावकों को एक मंच उपलब्ध कराना तथा दौड़ के माध्यम से स्वास्थ्य, मित्रता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस वर्ष ‘डोंबिवली शहर का उत्सव’ की संकल्पना के माध्यम से डोंबिवली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला के प्रति लगाव, खेलों के प्रति प्रेम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की झलक देखने को मिलेगी।

विधायक रविंद्र चव्हाण ने कहा, “‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों को एक साथ जोड़ने वाला उत्सव है। इस वर्ष के आयोजन के माध्यम से फिटनेस और मित्रता के साथ-साथ डोंबिवली की संस्कृति का सुंदर संगम अनुभव करने का अवसर मिलेगा। नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धावकों का उत्साह बढ़ाएं और डोंबिवली की एकजुटता का उत्सव मनाएं।”

कल्याण-डोंबिवली सहित पूरे महाराष्ट्र के धावकों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त करने वाले इस आयोजन के पिछले दो संस्करणों में लगभग 6,000 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़ाकर 10,000 तक पहुंचाने के लिए आयोजक प्रयासरत हैं। यह जानकारी कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से रविंद्र सकपाल ने दी।

कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से सूरज शेट्टी ने बताया, “सभी आयु वर्गों के पेशेवर धावकों के साथ-साथ फिटनेस प्रेमियों, परिवारों और बच्चों को भी इसमें भाग लेने का अवसर मिले, इस उद्देश्य से इस रनिंग इवेंट में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की टाइम रन तथा 5 किलोमीटर और 1.6 किलोमीटर की फन रन सहित कुल 5 श्रेणियां रखी गई हैं। टाइम रन के विजेताओं के लिए लगभग 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।”

उन्होंने आगे बताया, “विशेष बात यह है कि 8 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए 1.6 किलोमीटर की फन रन पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। कम उम्र से ही बच्चों में मैदानी गतिविधियों और व्यायाम के प्रति रुचि विकसित हो, साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक तंदुरुस्ती का महत्व स्थापित हो, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक बच्चों और परिवारों से इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में भाग लेने की अपील की है। आयु वर्ग के अनुसार पुरस्कार राशि और विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट तथा इंस्टाग्राम पेज पर उपलब्ध कराई गई है।”

‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन 2026’ को ठाणे जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की मान्यता प्राप्त होगी। इस रन में पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को ड्राई-फिट टी-शर्ट, फिनिशर मेडल, हाइड्रेशन की सुविधा और हल्का नाश्ता दिया जाएगा। टाइम रन श्रेणी के धावकों को टाइमिंग चिप और क्वालिफिकेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले धावकों को सहभागिता प्रमाणपत्र के साथ उनकी तस्वीरें भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे अपनी भागीदारी और उपलब्धियों की यादों को संजोकर रख सकें।

धावकों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव प्रदान करने के लिए आयोजकों की ओर से विशेष सावधानी बरती जाएगी। प्रतियोगिता का रूट जल्द ही घोषित किया जाएगा। यह जानकारी कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से सूरज शेट्टी ने दी।

‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन 2026’ में भाग लेने के इच्छुक धावकों को 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण कराना आवश्यक है। कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से रविंद्र सकपाल ने ठाणे जिले सहित पूरे महाराष्ट्र के अनुभवी और नए धावकों, बच्चों, अभिभावकों तथा वरिष्ठ नागरिकों से इस आयोजन में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है। पंजीकरण के लिए इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट www.dombivlikarfriendshiprun.com पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story