निजीकरण का विरोध: 40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर, बिजली गुल, पानी की किल्लत और सड़कों पर गुस्सा, हरियाणा के कई इलाके अंधेरे में डूबे

40 हजार कर्मचारी हड़ताल पर, बिजली गुल, पानी की किल्लत और सड़कों पर गुस्सा, हरियाणा के कई इलाके अंधेरे में डूबे
हरियाणा में पावर सेक्टर के कथित निजीकरण के खिलाफ बिजली विभाग के कर्मचारी और इंजीनियर हड़ताल पर हैं। इसके बाद बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया है।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में पावर सेक्टर के कथित निजीकरण के खिलाफ बिजली विभाग के कर्मचारी और इंजीनियर हड़ताल पर हैं। इसके बाद बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया है। इस हड़ताल की वजह से गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह समेत राज्य के कई क्षेत्रों में बिजली कटौती, पानी की सप्लाई और उद्योगों पर भारी असर देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि इस हड़ताल में करीब 40,000 कर्मचारी शामिल हैं।

बिजली कटौती और पानी की किल्लत से हाहाकार

बताते चलें कि गुरुग्राम में बुधवार देर रात से ही बड़े पैमाने पर बिजली कटौती की खबर सामने आई है। गुरुवार रात 10 से 12 बजे के बीच महज दो घंटे की अस्थायी राहत मिली थी। इसके बाद दोबारा बत्ती गुल हो गई थी। इसके कारण शहर के ज्यादातर इलाकों में अंधेरा छा गया था। इनमें सब-डिवीजन सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 व 3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार सब-डिवीजन, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 शामिल हैं। इन्हीं इलाकों से सबसे ज्यादा बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं। इसके अलावा, पानी की किल्लत से हाहाकार मचा हुआ है।

बिजली मंत्री का बड़ा बयान

इस हड़ताल के बीच हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने का अनुरोध किया और कहा कि मामले का समाधान लगभग हो चुका है। उनका कहना है कि इस मामले पर मुख्यमंत्री से बात कर ली गई है। साथ ही बताया कि आज दोपहर तीन बजे कर्मचारी नेताओं के साथ मीटिंग भी होने वाली है।

इस इलाके में 24 घंटे से बिजली गुल

खबर मिली है कि नूंह जिले में लगभग 24 घंटे से बिजली गुल है। इसकी वजह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मवेशियों के पीने के पानी पर संकट खड़ा हो गया है। बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस कर रही है।

बिजली कटौती पर रेवाड़ी में ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया है। उन्होंने इस मामले को लेकर नेशनल हाईवे 352 पर जाम लगा दिया। उनके अलावा पलहावास और आसपास के गांवों के लोग विरोध में सड़कों पर आ गए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story