आतंकी साजिश: माहिम से जैश-ए-मोहम्मद से संबंद्ध आरोपी गिरफ्तार, रैपिडो राइडर की आड़ में फैला रहा था जिहाद के विचार

माहिम से जैश-ए-मोहम्मद से संबंद्ध आरोपी गिरफ्तार, रैपिडो राइडर की आड़ में फैला रहा था जिहाद के विचार
  • टेलीग्राम चैनल का कर रहा था संचालन
  • कड़ी कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की कालाचौकी यूनिट ने माहिम इलाके में एक आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक कट्टरपंथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर (33) के रूप में हुई है। मोहम्मद हसन रैपिडो राइडर और इत्र बेचने की आड़ में देश की आंतरिक सुरक्षा को खंडित करने और समाज में जिहादी विचार प्रसारित करने का काम कर रहा था।

एटीएस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सीधे तौर पर पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटर्स (पीआईओ) के संपर्क में था। वह सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश में सांप्रदायिक वैमनस्य और राष्ट्रविरोधी भावनाएं भड़काने का काम कर रहा था। एटीएस को गोपनीय सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मोबाइल फोन में देश विरोधी सामग्रियां मिली हैं।

टेलीग्राम चैनल का कर रहा था संचालन

एटीएस की जांच में सामने आया है कि आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप का संचालन कर रहा था। इसी ग्रुप पर उसने 1 जून 2026 को भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के बाबरी मस्जिद और अन्य मुद्दों से जुड़े भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे। वह पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल आईबीएन-ई-कासिम का भी सक्रिय सब्सक्राइबर था। इसके अलावा आरोपी ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे की सुरक्षा चूक से जुड़ी खबर पर बेहद आपत्तिजनक, धमकी भरी और भड़काऊ टिप्पणी की थी।

कड़ी कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच

एटीएस की कालाचौकी यूनिट के सहायक पुलिस निरीक्षक तौसिफ रसुल मुल्ला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल एटीएस आरोपी के नेटवर्क से जुड़े लोगों का पता लगाने में लगी है।

Created On :  

Tags

Next Story