टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग: मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार, लॉजिस्टिक-वित्तीय सपोर्ट और हथियार मुहैया कराने में थे शामिल

मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार, लॉजिस्टिक-वित्तीय सपोर्ट और हथियार मुहैया कराने में थे शामिल
  • अनिल पंडित द्वारा पैसे भेजने के मिले सुराग
  • तीन गिरफ्तार आरोपी लॉजिस्टिक
  • वित्तीय सपोर्ट और हथियार मुहैया कराने में थे शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गोहाना पुलिस की मदद से हरियाणा से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान अंकित, समीर और जतिन के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें हरियाणा से आज मुंबई लाया जायेगा। पुलिस उपायुक्त राजतिलक रोशन ने बताया कि ये तीनों आरोपी फायरिंग की साज़िश में लॉजिस्टिक,शूटरों को वित्तीय सपोर्ट और हथियारों को मुहैया कराने में शामिल और मुख्य साज़िशकर्ता अनिल पंडित के लगातार संपर्क में थे।

मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, हरियाणा के बरोदा से गिरफ्तार किया गया अंकित मामले में गिरफ्तार दो शूटरों फूल सिंह और रेहान का साथी है और वारदात के लिए रची गई साज़िश में शामिल था। वह करीब 20 दिनों पहले हरियाणा से मुंबई आया था और दोनों शूटरों के साथ न सिर्फ रुका था, बल्कि उनके साथ टाइगर श्रॉफ समेत अन्य बॉलीवुड सितारों के घरों की रेकी भी की थी। हालाँकि, वह फायरिंग की वारदात से पहले मुंबई से वापस हरियाणा चला गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंकित लगातार मुख्य साज़िशकर्ता अनिल पंडित के संपर्क में था।अंकित और अनिल पंडित के बीच हुए वित्तीय लेन-देन के सबूत भी मिले हैं, जिसकी जाँच की जा रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी समीर वह शख्स है,जो सीधे अनिल पंडित के संपर्क में था और उसके कहने पर हरियाणा में रहकर ही मुंबई में शूटरों को पैसे ट्रांसफर किये थे। शूटरों को दिए गए 1.50 लाख रुपयों में से उसने कुछ पैसे ऑनलाइन तो कुछ कैश मुहैया कराये थे।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, हरियाणा से गिरफ्तार तीसरे आरोपी जतिन ने दिल्ली से गिरफ्तार किये गए आरोपी कुणाल और सुमित के साथ पंजाब में हथियार लाने के लिए गया था और उनके साथ हथियारों को लेकर दिल्ली आया था। जतिन भी मामले में पहले से गिरफ्तार शूटर रेहान का दोस्त है। क्राइम ब्रांच दिल्ली से 4 और हरियाणा से गिरफ्तार 3 आरोपियों को आज मुंबई में लेकर उन्हें कोर्ट में पेश करेगी। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ़्तारी हो चुकी है और क्राइम ब्रांच की मानें तो कुछ और आरोपी साज़िश में शामिल हैं,जिनकी तलाश की जा रही है।

तीन शूटरों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने में शामिल तीन शूटरों फूल सिंह, रेहान और ऋतिक रौशन को मुंबई क्राइम ब्रांच ने बुधवार को कोटा से मुंबई लेकर उन्हें किला अदालत में पेश किया। अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस ने दलील दी कि आरोपियों ने फायरिंग को अंजाम देने के बाद हथियारों को फेंक दिया था, जिन्हे तलाशना अभी बाकी है। इतना ही नहीं, वह बिश्नोई गैंग के खास गुर्गे अनिल पंडित के निर्देश पर काम कर रहे थे, उसकी भी जाँच करना अभी बाकी है। इसलिए उन्हें 14 दिनों की रिमांड दी जाए। हालाँकि आरोपियों ने वकीलों ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस के पास पहले से आरोपियों के मोबाइल मौजूद हैं। ऐसे में उन्हें पुलिस रिमांड न देकर न्यायिक हिरासत में भेजा जाये। दोनों पक्षों की दलीलें सुंनने के बाद कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस दौरान पुलिस मामले से जुड़े तमाम कड़ियों को जोड़ने की पूरी कोशिश करेगी।

Created On :   21 Oct 2026 9:52 PM IST

Tags

Next Story