मांग स्वीकार: 12वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद ही होगी एमएचटी-सीईटी की दोनों परीक्षाएं, दिसंबर में पहली परीक्षा का प्लान स्थगित

12वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद ही होगी एमएचटी-सीईटी की दोनों परीक्षाएं, दिसंबर में पहली परीक्षा का प्लान स्थगित
  • राकांपा (शरद) ने कहा विद्यार्थियों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
  • दिसंबर में पहली परीक्षा का प्लान स्थगित
  • बिना सोचे समझे लिए जा रहे फैसले-मातेले

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंजीनियरिंग, फार्मेसी और कृषि पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ली जाने वाली एमएचटी सीईटी की दोनों परीक्षाएं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के बाद आयोजित की जाएंगी। इससे पहले पहली परीक्षा दिसंबर जबकि दूसरी परीक्षा मई में आयोजित करने की योजना बनाई गई थी लेकिन अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस फैसले का यह कहते हुए विरोध किया कि दिसंबर तक पाठ्यक्रम ही पूरा नहीं होता ऐसे में आधी अधूरी तैयारी के साथ विद्यार्थी परीक्षा कैसे देंगे। सीईटी सेल के जनसंपर्क अधिकारी विनोद मलाले ने कहा कि पहले दिसंबर में पहली प्रवेश परीक्षा लेने पर विचार किया गया था लेकिन विद्यार्थियों और अभिभावकों की मांग पर तय किया गया है कि पिछले वर्ष की तरह ही बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के बाद मार्च-अप्रैल में पहली एमएचटी-सीईटी जबकि मई में दूसरी एमएचटी-सीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। 2027 की सीईटी परीक्षा की तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। सीईटी सेल के मुताबिक विद्यार्थियों को अतिरिक्त तनाव से बचाने के लिए उनकी मांग स्वीकार की गई है।

बिना सोचे समझे लिए जा रहे फैसले-मातेले

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश महासचिव अमोल मातेले ने मामले में सरकार और सीईटी सेल को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस तरह बार-बार निर्णय बदलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में भ्रम और चिंता का माहौल बनता है। 12वीं का 50 से 60 प्रतिशत पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हुआ था, ऐसे में दिसंबर में एमएचटी-सीईटी की पहली परीक्षा लेने का निर्णय किस आधार पर लिया गया? मातेले ने कहा कि दिसंबर में परीक्षा की तैयारी के लिए कई विद्यार्थियों और अभिभावकों ने महंगे क्रैश कोर्स में दाखिला लिया। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अतिरिक्त मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के जल्दबाजी में लिए गए फैसलों का खामियाजा विद्यार्थियों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

Created On :   21 Oct 2026 9:37 PM IST

Tags

Next Story