गोकुल दूध महासंघ चुनाव: हार से अलर्ट मोड में फडणवीस, शंभूराज देसाई को फोन कर मांगा पुणे स्नातक सीट पर सहयोग

हार से अलर्ट मोड में फडणवीस, शंभूराज देसाई को फोन कर मांगा पुणे स्नातक सीट पर सहयोग
  • सातारा में नाराजगी दूर करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने ली
  • स्मिता जाधव को लेकर बढ़ी थी नाराजगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ (गोकुल) के चुनाव में महायुति को मिली हार के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अलर्ट मोड में आ गए हैं। करीब एक दर्जन मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के मैदान में उतरने के बावजूद भाजपा समर्थित खेमे को मिली शिकस्त ने सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हार के बाद भाजपा ने पुणे स्नातक सीट पर चुनाव में सहयोगी दलों की नाराजगी दूर करने के लिए पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री फडणवीस ने शिवसेना (शिंदे) के वरिष्ठ नेता और मंत्री शंभूराज देसाई को फोन कर मदद मांगी और सातारा में महायुति के बीच आगे किसी तरह का विवाद नहीं होने देने का भरोसा दिया। जिसके बाद देसाई ने अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा की उम्मीदवार स्मिता जाधव का समर्थन करने को कहा है।

स्मिता जाधव को लेकर बढ़ी थी नाराजगी

दरअसल स्मिता जाधव कुछ दिन पहले सातारा दौरे पर थीं, लेकिन उन्होंने पहले दिन मंत्री शंभूराज देसाई से मुलाकात नहीं की। इससे देसाई ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। बाद में जाधव उनके निवास पर पहुंचीं, लेकिन इसके बावजूद शिवसेना(शिंदे) की ओर से समर्थन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। मामला बढ़ने पर मुख्यमंत्री फडणवीस को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने देसाई से फोन पर बातचीत कर भरोसा दिलाया कि भविष्य में सातारा जिले में महायुति के सहयोगी दलों के बीच इस तरह का विवाद नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद देसाई ने अपने कार्यकर्ताओं को जाधव के समर्थन में प्रचार करने के लिए कह दिया।

गोकुल की हार ने बढ़ाई चिंता

कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ यानी गोकुल के चुनाव में महायुति के कई प्रमुख नेताओं के सक्रिय होने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में कैबिनेट मंत्री और राकांपा (अजित) के वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ के बेटे तथा मौजूदा अध्यक्ष नाविद मुश्रीफ को हार मिली। इसे कोल्हापुर में मुश्रीफ के राजनीतिक प्रभाव के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। गोकुल का नतीजा महायुति के लिए चेतावनी माना जा रहा है।

Created On :   21 Oct 2026 10:07 PM IST

Tags

Next Story