बिहार राज्यपाल ने पथ निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा की, भूकंप संवेदनशीलता पर जोर

बिहार राज्यपाल ने पथ निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा की, भूकंप संवेदनशीलता पर जोर
बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने पथ निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं और चालू कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। शनिवार को राज्यपाल सचिवालय में आयोजित बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने विभाग के विजन, नई पहलों और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और एनएचएआई की चालू एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी।

पटना, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने पथ निर्माण विभाग की प्रमुख परियोजनाओं और चालू कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। शनिवार को राज्यपाल सचिवालय में आयोजित बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने विभाग के विजन, नई पहलों और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और एनएचएआई की चालू एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी।

राज्यपाल ने बिहार में विगत 20 वर्षों में हुए विकास कार्यों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था में सुधार और आधारभूत संरचना के विकास में बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्यपाल ने कहा, "बिहार के किसी भी कोने से पांच घंटे में पटना पहुँचने की सुविधा अत्यंत सराहनीय है। यह बिहार की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।"

बैठक में राज्यपाल ने सड़क निर्माण की योजनाओं में एयरक्राफ्ट लैंडिंग और हैलीपैड की व्यवस्था शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी इस दिशा में सुझाव दिया है। आपदा प्रबंधन के दौरान हैलीपैड की बहुत जरूरत पड़ती है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा में सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि पुल निर्माण के समय बिहार की भूकंप संवेदनशीलता को विशेष ध्यान में रखा जाना चाहिए।

राज्यपाल ने फ्रेंडली टोल प्लाजा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि टोल प्लाजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। सड़कों का एक संपूर्ण इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव ने आश्वासन दिया कि नई परियोजनाओं में इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

बैठक में राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. रॉबर्ट एल. चोंग्थू, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक जितेन्द्र कुमार, एनएचएआई एवं पथ निर्माण विभाग के वरिष्ठ अभियंता तथा राज्यपाल सचिवालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने विभाग को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल आर्थिक विकास को गति देंगी, बल्कि आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूत बनाएंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 10:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story