बिहार शेखपुरा में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत निकली जागरूकता साइकिल रैली, डीएम ने किया नेतृत्व
शेखपुरा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत बुधवार को जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व जिलाधिकारी शेखर आनंद ने स्वयं साइकिल चलाकर किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर जनसंख्या स्थिरता का संदेश दिया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने जनसंख्या नियंत्रण, छोटे परिवार और स्वस्थ समाज से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार नियोजन और सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग के प्रति आमजन को जागरूक करना था। इस अवसर पर जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि प्रत्येक परिवार की तरह वैश्विक स्तर पर भी संसाधन सीमित हैं। ऐसे में संसाधनों का बेहतर उपयोग तभी संभव है, जब जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण रखा जाए।
उन्होंने कहा कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है और इसी क्रम में जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के लोगों से 'हम दो, हमारे दो' के सिद्धांत को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि परिवार नियोजन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी नसबंदी जैसे परिवार नियोजन के उपायों में आगे आना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करा रही है। इसके तहत महिला नसबंदी पर 2,000 रुपये तथा पुरुष नसबंदी पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
साइकिल रैली भी इसी अभियान का हिस्सा है। उनका कहना था कि नियंत्रित जनसंख्या से परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य का निर्माण संभव हो सकेगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 2:01 PM IST












