बीजापुर में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, सुरक्षा बलों ने बरामद किया भारी विस्फोटक जखीरा
बीजापुर, 10 सितंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सघन तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के दौरान माओवादी डंप से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) के कलपुर्जे और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं। इसी कड़ी में बताया कि गुरुवार को ताड़पाल क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
ताड़पाल पहाड़ी में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ने सघन तलाशी अभियान के दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 105 नग बीजीएल राउंड कंपोनेंट्स, 1 बीजीएल नोज, 2 लोहे के पाइप, 1 एल्युमिनियम पतीला और लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
वहीं, 5 सितंबर को डीआरजी और थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान माओवादी डंप से 2 ग्रेनेड और 5 तीर बम बरामद किए गए। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस टीम द्वारा बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।
6 सितंबर को डीआरजी एवं थाना मिरतुर पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरीपलनर जंगल में अभियान चलाया। यहां से 7 बंडल नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और 6 नग डेटोनेटर बरामद किए गए। सुरक्षा बलों की इन लगातार कार्रवाइयों से माओवादी संगठनों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से बरामद करने में सफलता मिली है।
पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा जिले के संवेदनशील एवं माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 10:14 PM IST












