बीकानेर में अमित शाह की प्रस्तावित यात्रा, सीमा सुरक्षा पर होगी अहम बैठक अर्जुन राम मेघवाल

बीकानेर में अमित शाह की प्रस्तावित यात्रा, सीमा सुरक्षा पर होगी अहम बैठक अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित यात्रा, सीमा सुरक्षा, भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम और केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बीकानेर, 17 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित यात्रा, सीमा सुरक्षा, भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम और केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

मेघवाल ने बताया, "गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा जल्द प्रस्तावित है। संभावना है कि वे 25 मई को यहां रात्रि विश्राम करेंगे और 26 मई को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा स्थिति, सीमा पर चुनौतियों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में बढ़ती चुनौतियों का जिक्र करते हुए आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है।

अर्जुन राम मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का बचाव करते हुए कहा, "जब भी प्रधानमंत्री किसी दौरे पर जाते हैं, तो निश्चित रूप से भारत के हित में कई निर्णय लिए जाते हैं। प्रधानमंत्री के दौरों में भारत का हित सर्वोपरि रहता है।"

उन्होंने तेल आपूर्ति में हो रहे व्यवधानों पर भी चिंता जताई और कहा कि सरकार वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम कर रही है ताकि आम नागरिक और अर्थव्यवस्था पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।

मेघवाल ने भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली का हिस्सा है कि हम सदस्यता अभियान चलाते हैं, नए कार्यकर्ता तैयार करते हैं और फिर उन कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।" उन्होंने बताया कि चल रहे प्रशिक्षण शिविर भाजपा की विचारधारा और नीतियों से जुड़े हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा, "कोई कार्यकर्ता कितना भी वरिष्ठ क्यों न हो, उसे प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना अनिवार्य है।"

नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद पर विपक्ष के लगातार हमलों का जवाब देते हुए मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग पर उन्होंने जवाब दिया, "जब जांच चल रही है, तो उन्हें भी इस पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन वे विपक्ष में हैं, इसलिए वे अपनी बात कहेंगे ही। हालांकि, सरकार इस मामले को लेकर संवेदनशील है। जांच प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, और अगर कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।"

मेघवाल ने केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब, किसान, महिलाएं और युवा लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 May 2026 4:54 PM IST

Tags

Next Story