भाजपा अध्यक्ष 4 जुलाई से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, संगठन को देंगे मजबूती

भाजपा अध्यक्ष 4 जुलाई से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, संगठन को देंगे मजबूती
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान नवीन वरिष्ठ पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकें करेंगे। साथ ही वे भाजपा जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी संवाद करेंगे।

नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान नवीन वरिष्ठ पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकें करेंगे। साथ ही वे भाजपा जनप्रतिनिधियों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी संवाद करेंगे।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की रणनीति को धार देने और प्रदेश भाजपा की नवगठित टीम के मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास अत्यंत महत्वपूर्ण है। नवीन संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम गठित होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है।

नवीन 4 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सीधे प्रदेश भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना होंगे, जो एक भव्य रोड शो की शक्ल में आलमबाग, टीएन चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा, और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचेगा। रास्ते में जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा।

कार्यालय पहुंचने के बाद नवीन प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, तथा जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे।

शाम 4 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के पुराना हैदराबाद स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।

देर शाम 7:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर उत्तर प्रदेश की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात्रि का भोजन वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ करेंगे।

अगले दिन, रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने दिन की शुरुआत उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद से करेंगे। इसके बाद वे सुबह 9:30 बजे उत्तर प्रदेश एनडीए नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे।

पूर्वाह्न 10:30 बजे नितिन नवीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग चर्चा करेंगे।

दोपहर 2:45 बजे नवीन राष्ट्र प्रेरणा स्थल जाएंगे। वहां वे भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

शाम 5 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा के बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे तथा बूथ पर भाजपा की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 4:54 PM IST

Tags

Next Story