मंगोलिया में पूरा हुआ 18 देशों का बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस) बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट 2026’ का शुक्रवार को सफल समापन हो गया। 20 जून से 3 जुलाई 2026 तक चले इस प्रतिष्ठित सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना ने सक्रिय और प्रभावशाली भागीदारी निभाई। भारतीय सेना ने यहां अपनी पेशेवर क्षमता, अनुशासन और संयुक्त अभियान संचालन कौशल का प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि इस अभ्यास में 18 देशों के 1,000 से अधिक सैनिकों ने हिस्सा लिया है। सेना के मुताबिक इस वर्ष के अभ्यास में कमांड पोस्ट और फील्ड ट्रेनिंग दोनों प्रकार की गतिविधियां शामिल रहीं। इनका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के मानकों को मजबूत करना, विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच आपसी समझ बढ़ाना और संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना था। ‘खान क्वेस्ट’ सैन्य अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलिया के बीच एक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास के रूप में हुई थी।
इस वर्ष ‘खान क्वेस्ट’ का 23वां संस्करण मंगोलिया की राजधानी उलानबटार के फाइव हिल्स प्रशिक्षण क्षेत्र में आयोजित किया गया। यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-7 के तहत शांति स्थापना अभियानों के लिए सैनिकों को प्रशिक्षित करने, विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने और संयुक्त अभियानों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
वर्ष 2006 में इसे बहुराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया और तब से यह संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के लिए सैनिकों को प्रशिक्षित करने वाले एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित हो चुका है। अभ्यास के दौरान भारतीय सेना के दल ने विभिन्न संयुक्त सैन्य गतिविधियों, सामरिक अभ्यासों और सिमुलेशन आधारित परिदृश्यों में भाग लिया। सैनिकों ने शांति स्थापना अभियानों से जुड़ी जटिल परिस्थितियों में काम करने की क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और बहुराष्ट्रीय बलों के साथ प्रभावी समन्वय का प्रदर्शन किया।
भारतीय दल ने यहां अपने उत्कृष्ट अनुशासन, पेशेवर दक्षता और परिचालन तैयारी से सभी प्रतिभागी देशों के बीच एक मजबूत छाप छोड़ी है। सैन्य गतिविधियों के साथ-साथ भारतीय सेना ने सांस्कृतिक मंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। भारतीय दल ने एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भारतीय सैनिकों ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम् – विश्व एक परिवार है’ की भावना को प्रदर्शित किया।
इसके तहत भारत के सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं से अन्य देशों के सैनिकों को परिचित कराया गया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति को प्रतिभागी देशों के प्रतिनिधियों ने काफी सराहा। अभ्यास के समापन समारोह में मंगोलिया के रक्षा उपमंत्री मेजर जनरल बासानदाम्बा दश्तसेदेन तथा मंगोलियाई सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल गनब्याम्बा सुनरेव उपस्थित रहे।
उन्होंने सभी सहभागी देशों के सैनिकों द्वारा प्रदर्शित समर्पण, पेशेवर दक्षता और सहयोग की भावना की प्रशंसा की तथा अभ्यास की सफलता के लिए सभी दलों को बधाई दी। अभ्यास के समापन पर भारतीय सेना ने मंगोलिया सरकार और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भारतीय सेना के अनुसार, इस अभ्यास से प्राप्त अनुभव भविष्य में संयुक्त अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाने, विभिन्न सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता को मजबूत करने और सहभागी देशों के बीच मित्रता एवं विश्वास के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दरअसल ‘खान क्वेस्ट 2026’ केवल एक सैन्य अभ्यास नहीं रहा, बल्कि यह विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच सहयोग, शांति स्थापना और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इसमें भारतीय सेना ने अपनी पेशेवर क्षमता और सांस्कृतिक पहचान दोनों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
--आईएएनएस
जीसीबी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 5:14 PM IST












