राम मंदिर मामले के आरोपी के दादा का दावा, घर गिराने का मिला एक हफ्ते का नोटिस

अयोध्या, 3 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी बनाए गए लवकुश मिश्रा के परिवार ने प्रशासन पर घर गिराने की तैयारी का आरोप लगाया है। आरोपी के दादा जगदंबा प्रसाद मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि उनके परिवार को मकान ध्वस्तीकरण का एक सप्ताह का नोटिस मिला है। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि बिना पर्याप्त अवसर दिए घर तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जा सकती।
आईएएनएस से बातचीत में जगदंबा प्रसाद मिश्रा ने बताया कि अधिकारियों ने उनसे मकान का स्वीकृत नक्शा मांगा है। उन्होंने कहा कि मकान का स्वीकृत नक्शा ठेकेदार के पास है, जो फिलहाल मौजूद नहीं है। ठेकेदार के लौटते ही नक्शा अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने एक सप्ताह का समय दिया है और कहा है कि यदि नक्शा पेश नहीं किया गया तो मकान को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "सिर्फ नोटिस देकर हमारा घर कैसे गिराया जा सकता है? हमारे मकान का नक्शा बना हुआ है और स्वीकृत भी है। जमीन के कुछ दस्तावेज भले पूरे न हुए हों, लेकिन मकान का नक्शा वैध है।"
जगदंबा प्रसाद मिश्रा ने दावा किया कि उन्हें बताया गया है कि बुलडोजर भी मौके पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा, "अगर उनके पास ताकत है तो घर गिरा दें, वे कुछ भी कर सकते हैं।"
राम मंदिर में कथित धन गबन के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट आने और अदालत में आरोप साबित होने से पहले किसी प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार ध्वस्तीकरण का विरोध करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी दस्तावेज की कमी है तो उसे पूरा करने और प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। अगर उसके बाद भी निर्माण अवैध पाया जाता है, तभी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट से मुलाकात करेंगे और बुलडोजर कार्रवाई रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हालांकि, फिलहाल अदालत जाने की आवश्यकता नहीं है।
वहीं, इस मामले के एक अन्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की भाभी साधना मिश्रा ने पुलिस की बरामदगी पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उनके घर से बरामद की गई नकदी मंदिर से नहीं, बल्कि निजी कैमरा संचालन के व्यवसाय से अर्जित की गई थी।
साधना मिश्रा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से टिन्नू यादव उनके घर पर नहीं रह रहे थे और उनका उनसे कोई संपर्क भी नहीं था। उन्होंने कहा, "जब हमारे पास कुछ है ही नहीं, तो पुलिस क्या बरामद करेगी?"
हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि राम मंदिर में चढ़ावे और धन के गबन का मामला सामने आया है, लेकिन टिन्नू यादव पर लगाए गए आरोपों को गलत बताया। उनका कहना था कि इस पूरे मामले में "बड़े नाम" भी शामिल हो सकते हैं और जांच में सच्चाई सामने आनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 6:36 PM IST










