जमशेदपुर बंद झारखंड सरकार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जनाक्रोश की अभिव्यक्ति है अमर बाउरी

जमशेदपुर बंद झारखंड सरकार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जनाक्रोश की अभिव्यक्ति है  अमर बाउरी
झारखंड प्रदेश भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर और आदित्यपुर बंद को राज्य सरकार के प्रति आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया है।

रांची, 3 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर और आदित्यपुर बंद को राज्य सरकार के प्रति आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया है।

रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री और राज्य के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि जनता ने बंद को स्वतः स्फूर्त समर्थन दिया। बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से लेकर छोटे दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों और आम नागरिकों तक ने बंद में शामिल होकर गुस्से का इजहार कया है।

बाउरी ने कहा कि बंद जरूर भाजपा ने बुलाया था, लेकिन जिस तरह हर तबके के लोग बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आगे आए, वह सरकार के लिए स्पष्ट संदेश है। अगर अब भी सरकार की आंखें नहीं खुलीं तो जनाक्रोश की यह लहर राज्य के कोने-कोने तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में जिस तरह पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की हत्या हुई, उसकी जिम्मेदार राज्य सरकार है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और जमशेदपुर इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।

उन्होंने राज्य में नशे के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि जमशेदपुर और आदित्यपुर में मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। बाउरी ने दावा किया कि झारखंड ‘उड़ता पंजाब’ जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार के पीछे बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है। केवल पुलिस अधिकारियों का तबादला कर देने से स्थिति नहीं सुधरेगी। सरकार को अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

उन्होंने हिमांशु सिंह हत्याकांड में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग दोहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने अपने कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही बरती। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई करती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 6:56 PM IST

Tags

Next Story