दिल्ली एलबीएस अस्पताल के निरीक्षण के बाद आप ने लगाया बेडशीट खरीद में अनियमितता का आरोप

दिल्ली एलबीएस अस्पताल के निरीक्षण के बाद आप ने लगाया बेडशीट खरीद में अनियमितता का आरोप
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर सरकारी अस्पतालों में दवा खरीद और बेडशीट खरीद में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में फटी हुई बेडशीट, दवाओं की कथित कमी और ओआरएस पैकेट पर एमआरपी छपे होने जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाया।

नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर सरकारी अस्पतालों में दवा खरीद और बेडशीट खरीद में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में फटी हुई बेडशीट, दवाओं की कथित कमी और ओआरएस पैकेट पर एमआरपी छपे होने जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाया।

कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने अस्पताल के विभिन्न वार्ड, ओपीडी, ऑपरेशन ब्लॉक, दवा वितरण केंद्र और रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल के बेड पर बिछी कई चादरें फटी हुई मिलीं, जबकि सरकार रिकॉर्ड में नई बेडशीट की खरीद दिखा रही है। उनका कहना था कि यदि नई बेडशीट खरीदी गई हैं तो वे अस्पताल तक क्यों नहीं पहुंचीं।

कुलदीप कुमार ने अस्पताल में मरीजों को दिए जा रहे ओआरएस पैकेट भी दिखाए। उनका आरोप है कि सरकारी अस्पतालों में वितरित होने वाली दवाओं और चिकित्सा सामग्री पर सामान्यतः 'दिल्ली सरकार' और 'नॉट फॉर सेल' अंकित होता है, लेकिन निरीक्षण के दौरान मिले ओआरएस पैकेट पर ऐसा कोई उल्लेख नहीं था। पैकेट पर 23.11 रुपए की एमआरपी छपी होने का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दवा खरीद प्रक्रिया में अनियमितता हुई है और इससे सरकारी सामग्री के खुले बाजार में बिकने की आशंका बढ़ जाती है।

विधायक ने अस्पताल में मौजूद एक बुजुर्ग मरीज से भी बातचीत की। मरीज ने बताया कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई सभी दवाएं अस्पताल से उपलब्ध नहीं है। कुलदीप कुमार ने इसे सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी का उदाहरण बताते हुए दावा किया कि गरीब मरीजों को मजबूरी में बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।

वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर अस्पताल निरीक्षण से जुड़े कई वीडियो साझा किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपए की दवाएं खरीदने का दावा किया है, लेकिन अस्पतालों में मरीजों को दवाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने बेडशीट खरीद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि खरीदी गई चादरों की गुणवत्ता इतनी अच्छी है तो भाजपा नेताओं को उन्हें अपने घरों में भी इस्तेमाल करना चाहिए। सौरभ भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में ओपीडी पंजीकरण के दौरान सुरक्षा गार्ड मरीजों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और इसकी वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीसी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 July 2026 7:17 PM IST

Tags

Next Story