भास्कर पड़ताल: सड़क किनारे मिला एक्सपायर्ड शीतपेयों का जखीरा, जांच की मांग और उठे कई सवाल

सड़क किनारे मिला एक्सपायर्ड शीतपेयों का जखीरा, जांच की मांग और उठे कई सवाल
  • जिंतूर में बड़ी मात्रा में बोतलबंद शीतपेय मिलने से उठे सवाल
  • मिला एक्सपायर्ड शीतपेयों का जखीरा

Jintur News. शहर के वरूड रोड स्थित मार्केट यार्ड परिसर में चिंतामणि वेयरहाउस के पीछे मुख्य सड़क किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड बोतलबंद शीतपेय मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता संजय आडे ने नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

आडे का कहना है कि एक्सपायर्ड खाद्य एवं पेय पदार्थों का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाना चाहिए। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर इतनी बड़ी मात्रा में शीतपेय मिलना गंभीर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की ओर संकेत करता है।

स्थानीय नागरिकों ने भी सवाल उठाया है कि यदि यह स्टॉक किसी गोदाम, वितरक या व्यापारी का था, तो उसे नियमानुसार नष्ट करने के बजाय सड़क किनारे क्यों फेंका गया। लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं सबूत मिटाने का प्रयास तो नहीं किया गया।

ज्ञापन में घटनास्थल का पंचनामा कर स्टॉक जब्त करने, उत्पादन तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और वितरण श्रृंखला की जांच करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006, घनकचरा प्रबंधन नियम-2016 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन की प्रतियां खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिंतूर पुलिस थाना तथा जिला कलेक्टर, परभणी को भी भेजी गई हैं।

भास्कर पड़ताल के बाद - एफडीए की नजर गुटखा कारोबार पर, एक्सपायर्ड शीतपेयों पर कब होगी कार्रवाई?

एफडीए इन दिनों गुटखा, तंबाकूजन्य पदार्थों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सड़क किनारे मिले एक्सपायर्ड शीतपेयों के बड़े जखीरे पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच का इंतजार है।

उठ रहे प्रमुख सवाल

  • एक्सपायर्ड शीतपेयों का यह स्टॉक किसका है?
  • इसे नियमानुसार नष्ट करने के बजाय सड़क किनारे क्यों फेंका गया?
  • क्या सबूत मिटाने की कोशिश की गई?
  • यह स्टॉक यहां कब से पड़ा था?
  • क्या एक्सपायर्ड माल दोबारा बाजार में पहुंचा या पहुंचाने की तैयारी थी?
  • जिम्मेदारों के खिलाफ प्रशासन कब कार्रवाई करेगा?

इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन मामला जनस्वास्थ्य और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय बन गया है।

Created On :   3 July 2026 7:36 PM IST

Tags

Next Story