- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- जिन्तुर
- /
- अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़ा,...
Jintur News: अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़ा, कार्रवाई किए बिना छोड़े जाने का आरोप, पटवारी पर साठगांठ के आरोप
Jintur News. तहसील अंतर्गत करपरा नदी क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन किए जा रहे एक ट्रैक्टर को पटवारी ने पकड़ा, लेकिन ट्रैक्टर चालक व मालिक पर कोई कानूनी कार्रवाई किए बिना उसे छोड़ दिए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और ग्रामीणों ने राजस्व प्रशासन से गहन जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार करपरा नदी क्षेत्र में रेत भंडार की नीलामी न होने के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है। इसी संबंध में सूचना मिलने पर दुधगांव के तलाठी (पटवारी) शेख खलील मंगलवार 27 जनवरी को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच कौडगांव क्षेत्र में पहुंचे।
बताया गया है कि इसी दौरान रेत से भरा ट्रैक्टर कौडगांव से दुधगांव की ओर आता दिखाई दिया। पटवारी ने कौडगांव सीमा में ट्रैक्टर को रोककर चालक से रेत परिवहन परमिट/अनुमति पत्र की मांग की, लेकिन चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पटवारी स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर उसे दुधगांव बायपास तक लेकर आए।
ग्रामीणों के अनुसार, बायपास पर ट्रैक्टर मालिक के पहुंचने के बाद दोनों के बीच कथित तौर पर ‘लेन-देन’ की चर्चा हुई। इसके पश्चात अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर पर कोई दंडात्मक कार्रवाई किए बिना उसे छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने तहसीलदार से की शिकायत
इस मामले को लेकर गांव के जिजाराव नागरे, मंगेश नागरे, मदन नागरे, रामप्रसाद नागरे सहित अन्य ग्रामीणों ने बुधवार 28 जनवरी की सुबह तहसीलदार शीतल कच्छवे से मुलाकात की। ग्रामीणों ने तहसीलदार को छायाचित्र भी दिखाए, जिनमें पटवारी शेख खलील ट्रैक्टर पर बैठे नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि साठगांठ कर ट्रैक्टर छोड़ा गया।
“जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे” : तहसीलदार कच्छवे
तहसीलदार शीतल कच्छवे ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर दोष सिद्ध होता है तो संबंधितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   29 Jan 2026 7:29 PM IST







