ब्लेयर टिकनर ने झटके 4 विकेट, न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में बांग्लादेश को 26 रनों से हराया

ब्लेयर टिकनर ने झटके 4 विकेट, न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में बांग्लादेश को 26 रनों से हराया
न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को शुक्रवार को पहले वनडे मुकाबले में 26 रनों से हराया। शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड से मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 48.3 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

ढाका, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को शुक्रवार को पहले वनडे मुकाबले में 26 रनों से हराया। शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड से मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 48.3 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तंजीद हसन 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 2 रन ही बना सके। वहीं, नजमुल हुसैन शांतो बिना खाता खोले नाथन स्मिथ की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। हालांकि, इसके बाद सैफ हसन और लिटन दास ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 116 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी निभाई। सैफ ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया।

वहीं, लिटन दास ने 68 गेंदों में 3 चौके की मदद से 46 रन बनाए। तौहीद हृदोय भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की दमदार पारी खेली। हृदोय ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए। अफीफ हुसैन ने 27 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान मेहदी हसन मिराज 6 रन ही बना सके। रिशाद हुसैन (4 रन) और शोरिफुल इस्लाम (0) भी बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे सके। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से ब्लेयर टिकनर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नाथन स्मिथ ने 45 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निक केली 23 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके। विल यंग और हेनरी निकोल्स ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। यंग ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 30 रन बनाए। कप्तान टॉम लाथम का प्रदर्शन बल्ले से निराशाजनक रहा और वह 14 रन ही बना सके, जबकि मोहम्मद अब्बास भी 14 रन ही बना सके। निकोल्स एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 83 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए।

वहीं, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 58 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसके दम पर न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 247 रन बनाने में सफल रही। गेंदबाजी में बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन और शोरिफुल इस्लाम ने दो-दो विकेट चटकाए। सीरीज का दूसरा मुकाबला 20 अप्रैल को ढाका में खेला जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 April 2026 7:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story