ब्रजेश पाठक की राहुल गांधी को चुनौती, कहा-गृह मंत्री जवाब देने आ रहे हैं, चर्चा से मत भागिए
लखनऊ, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें संसद में चर्चा से नहीं भागने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने सदन में आ रहे हैं, ऐसे में अब राहुल गांधी को चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए। पाठक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार अपने मुद्दे बदल रहे हैं और संसद को संवाद के बजाय राजनीतिक टकराव का मंच बना रहे हैं।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान पाठक ने कहा कि राहुल गांधी गृह मंत्री आपके हर सवाल का जवाब देने सदन में आ रहे हैं। अब मैदान छोड़कर भागना मत और चर्चा से डरना मत। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 15 दिनों से राहुल गांधी लगातार बयान बदलकर संसद की कार्यवाही को प्रभावित कर रहे हैं। पाठक के मुताबिक, पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई, फिर नीट के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठाई गई और बाद में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर गृह मंत्री से सदन में बयान देने की मांग की गई।
डिप्टी सीएम पाठक ने कहा कि सरकार शुरू से ही हर मुद्दे पर चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष ने सदन को चलने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के यह स्पष्ट करने के बाद कि गृह मंत्री सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं, राहुल गांधी ने फिर अपना मुद्दा बदल दिया। उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के उस कथित बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें जंतर-मंतर के प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही गई थी। पाठक ने इसे गलत बताते हुए कहा कि वहां कोई गोली नहीं चली।
उन्होंने राहुल गांधी पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नहीं चाहते कि सदन में चर्चा हो, क्योंकि चर्चा होने और सरकार की ओर से जवाब दिए जाने पर उनके लगाए आरोपों की वास्तविकता सामने आ जाएगी। पाठक ने झारखंड की राजधानी रांची में छात्र-युवा प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन को लेकर मुखर राहुल गांधी झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर चुप हैं, जबकि झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की गठबंधन सरकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों, रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर रांची में कंटीले तार लगाए गए, आंसू गैस के गोले छोड़े गए, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और लाठीचार्ज किया गया। पाठक ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और राज्य सरकार को छात्रों की मांगों पर तत्काल विचार करना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से सवाल किया कि यदि उन्हें छात्रों और युवाओं के भविष्य की इतनी चिंता है तो झारखंड के छात्रों की आवाज उन्हें क्यों नहीं सुनाई देती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने कथित दोहरे रवैये पर देश के युवाओं से जवाब देना चाहिए। पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी जहां राजनीतिक लाभ दिखाई देता है, वहां छात्रों के मुद्दों को जोर-शोर से उठाते हैं, लेकिन जहां कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, वहां छात्रों पर कार्रवाई होने के बावजूद चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने सवाल किया कि अपने अधिकार और भविष्य की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे युवाओं के साथ दमन क्यों किया जा रहा है और क्या छात्रों का समर्थन भी अब राजनीतिक सुविधा के हिसाब से तय होगा।
ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर तीखा हमला जारी रखते हुए कहा कि वह संसदीय इतिहास की गरिमा और मर्यादा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को “अराजकता और झूठ का पोस्टर बॉय” करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को डर है कि यदि सदन में चर्चा हुई और गृह मंत्री ने सभी तथ्यों के साथ जवाब दिया तो उनके आरोपों और भ्रम का पूरा जाल सामने आ जाएगा। पाठक ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस के कथित दोहरे चरित्र को समझ चुका है और झूठ की बुनियाद पर खड़ी राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती।
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के अधिकारों के साथ खड़ी है और झारखंड सरकार को प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से छात्रों के मुद्दे पर अपने कथित दोहरे रवैये के लिए देश के युवाओं से माफी मांगने की मांग की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 8:28 PM IST












