Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 Aug 2025 6:36 PM IST
यवत गाँव में शांति, पुलिस ने दी जानकारी
एसपी संदीप सिंह गिल ने कहा यहाँ यवत गाँव में दोपहर लगभग 12-12.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवा लड़के ने अपने व्हाट्सएप/फेसबुक पर एक आपत्तिजनक स्टेटस पोस्ट किया है। शिकायत के बाद लड़के को पुलिस स्टेशन लाया गया। कार्रवाई शुरू की गई। कुछ गाँव भी वहाँ पहुँचे। हमारी पुलिस टीम ने गाँव में शांति बनाए रखने के लिए गाँव के प्रतिनिधियों के साथ बैठक शुरू की।
- 1 Aug 2025 6:21 PM IST
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर कहा,राहुल गांधी को दुनिया और भारत में भी कोई गंभीरता से नहीं लेता। इनके गठबंधन में इन्हें बोलते हैं कि ये अपरिपक्व और असंवेदनशील है।
- 1 Aug 2025 6:00 PM IST
पीएम मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी के डीसीपी आकाश पटेल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री की जनसभा और दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद है। सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती है। डीसीपी आकाश पटेल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभी सेक्टर और जोन को अलग-अलग अधिकारियों के जिम्मे सौंपा गया है। शिवपुरी ब्लॉक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर पुलिस बल की अग्रिम तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों की रिहर्सल की गई है, जिसमें आईजी, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
- 1 Aug 2025 5:55 PM IST
महाराष्ट्र में फर्जी करेंसी रैकेट का पर्दाफाश, 60 लाख के नोट जब्त
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 60 लाख रुपए के नकली नोट जब्त किए हैं और इस मामले में 7 लोगों को हिरासत में भी लिया है। अहिल्यानगर तालुका पुलिस ने ये कार्रवाई छत्रपति संभाजीनगर में की है। यहां नकली नोट छापने वाली एक फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस की कार्रवाई में 500 की करेंसी वाले 60 लाख रुपए के नकली नोट और 2 करोड़ 16 लाख रुपए के नोट छापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कागज बरामद किए हैं। इसके अलावा, 88 लाख रुपए मूल्य का अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
- 1 Aug 2025 5:47 PM IST
चीन की अंतरिक्ष, विमानन और नेविगेशन प्रदर्शनी हांगकांग में शुरू
चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन और हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र की सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 31 जुलाई को हांगकांग विज्ञान संग्रहालय में "अंतहीन अन्वेषण: चीन का अंतरिक्ष, विमानन और नेविगेशन" नामक एक प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ। यह प्रदर्शनी चीनी राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन द्वारा चीन की मुख्य भूमि के बाहर आयोजित की गई अपनी तरह की पहली प्रदर्शनी है, जिसमें अंतरिक्ष, विमानन और नौवहन जैसे तीन प्रमुख क्षेत्रों की उपलब्धियों को एक साथ दिखाया गया है।
- 1 Aug 2025 5:30 PM IST
बेंगलुरु रेप केस में पूर्व जेडी(एस) सांसद प्रज्वल रेवन्ना दोषी करार, शनिवार को सजा का ऐलान
बेंगलुरु में एमपी/एमएलए की विशेष अदालत ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व जेडी(एस) सांसद प्रज्वल रेवन्ना को अश्लील वीडियो और बलात्कार मामले में दोषी ठहराया। जज संतोष गजानन भट ने रवन्ना को दोषी करार दिया। अदालत शनिवार को प्रज्वल रेवन्ना और उसके वकील को दोषसिद्धि पर अपनी अंतिम दलीलें देने का मौका देने के बाद सजा की अवधि का ऐलान करेगी। प्रज्वल रेवन्ना को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया और जैसे ही फैसला सुनाया गया, अदालत कक्ष में बैठे-बैठे उसकी आंखों में आंसू देखे गए और वह उन्हें पोंछते नजर आए। कोर्ट रूम से बाहर निकलने के बाद वह कुर्सी पर बैठ गए और रो पड़े।
- 1 Aug 2025 5:20 PM IST
'द ओवल' टेस्ट भारत की पहली पारी 224 रन पर सिमटी, गस एटकिंसन ने झटके 5 विकेट
'द ओवल' टेस्ट के दूसरे दिन पहले सत्र के शुरुआती ओवरों में ही भारतीय टीम पहली पारी में 224 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने 5 विकेट लिए। भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत 6 विकेट पर 204 रन से की थी। करुण नायर 52 रन पर नाबाद थे। खेल शुरू होने के कुछ ओवर बाद ही 218 के स्कोर पर भारतीय टीम को नायर के रूप में सातवां झटका लगा। नायर 57 रन बनाकर जोश टंग की गेंद पर आउट हुए। उनके साथ नाबाद रहे वाशिंगटन सुंदर भी 26 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के आउट होने के बाद भारतीय पारी 224 पर सिमट गई। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा अपना खाता नहीं खोल पाए, जबकि आकाश दीप शून्य पर नाबाद लौटे।
- 1 Aug 2025 5:12 PM IST
कांग्रेस ने हिन्दुओं को बदनाम करने की साजिश रची थी राज पुरोहित
मालेगांव विस्फोट मामले में 31 जुलाई को मुंबई की विशेष एनआईए अदालत ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर सहित सभी सात आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया। महाराष्ट्र भाजपा नेता राज पुरोहित ने इस फैसले का स्वागत किया। शुक्रवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान राज पुरोहित ने दावा किया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हिंदुओं और संघ को निशाना बनाने की साजिश रची थी। कोर्ट का यह फैसला सच और झूठ को स्पष्ट करता है और कांग्रेस का इरादा भाजपा को आतंकवादी घोषित करना था।
- 1 Aug 2025 5:00 PM IST
राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों को चुनाव आयोग ने बताया गैर-जिम्मेदाराना
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है, जिसमें कांग्रेस नेता ने दावा किया था कि ईसीआई इलेक्शन में भाजपा के साथ मिलकर धांधली कर रहा है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा, "हम ऐसे निराधार आरोपों को नजरअंदाज करते हैं और बार-बार की धमकियों के बावजूद सभी चुनाव अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे इन गैर-जिम्मेदाराना बयानों पर गौर न करें और अपने कर्तव्यों पर ध्यान दें।"
- 1 Aug 2025 4:50 PM IST
शशि थरूर का पलटवार- "भारत की अर्थव्यवस्था मृत नहीं", ननों की गिरफ्तारी को बताया अन्याय
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 'भारतीय अर्थव्यवस्था' के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 'भारत अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है' टिप्पणी को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है। तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर से पत्रकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी को लेकर सवाल पूछा था। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, "ऐसा (मृत अर्थव्यवस्था) नहीं है और हम सब यह जानते हैं।"
Created On :   1 Aug 2025 8:03 AM IST