Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 Aug 2025 4:41 PM IST
इंग्लैंड को बड़ा झटका, कंधे की चोट के कारण वोक्स पांचवें टेस्ट से हुए बाहर
इंग्लैंड टेस्ट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स भारत के खिलाफ चल रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांचवें टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ईसीबी ने एक बयान में कहा, "भारत के खिलाफ मैच के पहले दिन बाएं कंधे में लगी चोट के बाद, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे।" बयान में कहा गया है कि इस समय, चोट के कारण वह आगे टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे। सीरीज के अंत में आगे की जांच की जाएगी।
- 1 Aug 2025 4:30 PM IST
'मोहन भागवत को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया था', मालेगांव मामले पर बोले पूर्व एटीएस अधिकारी
महाराष्ट्र एटीएस के एक पूर्व अधिकारी, जो 2008 के मालेगांव बम धमाके की जांच करने वाली टीम का हिस्सा थे, ने शुक्रवार को एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने इस निर्देश का पालन करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें झूठे मामले में फंसाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूर्व एटीएस अधिकारी महबूब मुजावर ने कहा, "मुझे फरार आरोपियों संदीप डांगे और रामजी कलसांगरा को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन इसके साथ ही, मुझे मोहन भागवत को भी गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया था। यह निर्देश सीधे परमबीर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों से आया था।"
- 1 Aug 2025 4:20 PM IST
राहुल गांधी का भारत विरोधी बयान देना सही नहीं किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को भारत विरोधी बताया और कहा कि वह बार-बार भारत विरोधी बयान दे रहे हैं, जो सही नहीं है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, "संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही के पहले दिन से विपक्ष ने हंगामा करने का काम किया। विपक्ष की मांग पर 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा की गई और सभी दलों ने इसमें हिस्सा भी लिया। जब एक विषय पर चर्चा खत्म हो जाती है तो अलग-अलग दलों की ओर से नोटिस दिए जाते हैं, लेकिन बहस शुरू होते ही वे वेल में आ जाते हैं। विपक्ष सदन को चलने नहीं देता और फिर आरोप लगाता है कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा। मैं इस झूठे आरोप की निंदा करता हूं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा।"
- 1 Aug 2025 4:10 PM IST
‘निकिता रॉय’ को कम स्क्रीन मिलने पर कुश सिन्हा बोले- 'गलतफहमी से बढ़ा विवाद'
फिल्म निर्माता कुश सिन्हा ने अपनी पहली फिल्म ‘निकिता रॉय’ को कम स्क्रीन मिलने के विवाद पर सफाई दी है। मीडिया में खबरें थीं कि कुश ने यशराज फिल्म्स की ‘सैयारा’ को उनकी फिल्म की कम स्क्रीन का कारण बताया था। कुश का मानना है कि हर सफल फिल्म भारतीय सिनेमा को मजबूत करती है। इस पर कुश ने बयान जारी कर कहा, “मीडिया ने गलत जानकारी दी, जिससे गलतफहमी हो सकती है। मैंने यशराज और ‘सैयारा’ की टीम को उनकी सफलता के लिए बधाई दी है। हर सफल फिल्म भारतीय सिनेमा को मजबूत करती है।”
- 1 Aug 2025 4:01 PM IST
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर साधा निशाना
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "ये संवैधानिक संस्था का अपमान करते हैं। जनता को भ्रमित करने के लिए अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने का RJD-कांग्रेस के लोग बहाना ढूंढ रहे हैं। इनकी हार तय है। तेजस्वी यादव घबराहट में हैं।"
- 1 Aug 2025 3:50 PM IST
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर दिए गए बयान पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की प्रतिक्रिया
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर दिए गए बयान पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को धमका रहे हैं। यह लोकतंत्र को कमजोर करने की एक बड़ी साजिश है। यहां तक कि विपक्षी दल के नेता भी आंतरिक रूप से राहुल गांधी का विरोध करने लगे हैं। कुछ लोग कहने लगे हैं कि राहुल खतरनाक खेल खेल रहे हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं।"
- 1 Aug 2025 3:32 PM IST
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई शिलान्यास कार्यक्रम में लिया हिस्सा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डांडा नूरीवाला सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में ग्राम्य विकास भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया।
- 1 Aug 2025 3:22 PM IST
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मालेगांव मामले पर दी प्रतिक्रिया
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मालेगांव मामले पर कहा, "कोई हिंदू आतंकवादी नहीं हो सकता, भगवा आतंकवाद नहीं हो सकता। सालों बाद मालेगांव फैसला आने पर यह साबित हो गया है। यह उन लोगों पर थप्पड़ है जो इतने सालों से भगवा आतंकवाद, हिंदू आतंकवाद की बात करते रहे हैं, इसलिए मैं अदालत के फैसले का स्वागत करता हूं। सच्चाई को हमेशा न्याय मिलता है और यही न्याय अभी मिला है।"
- 1 Aug 2025 3:10 PM IST
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर दी प्रतिक्रिया
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कहा, "राहुल गांधी की सारी नाराजगी इसलिए है कि उन्हें वोट नहीं मिलता। तो हम क्या करें? वे देश हार गए तीसरी बार, महाराष्ट्र हार गए, हरियाणा हार गए, दिल्ली हार गए, अब वे बिहार भी हारेंगे, बंगाल भी हारेंगे तो इसमें हम क्या करें? जब वे जीते तो क्या चुनाव आयोग ठीक था? राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को पहले अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए कि जनता उन्हें वोट क्यों नहीं देती है। जहां तक सवाल है SIR का तो 99.9% लोगों ने बिहार में फॉर्म भरे हैं। कानून तो यही कहता है कि जो असल वोटर है और जो उस क्षेत्र में रहता है वही वोट देगा। तो अगर यह कार्रवाई हो रही है तो उन्हें परेशानी क्यों हो रही है? क्या इसी तरह के जाली मतदाताओं के आधार पर यह लोग जीतना चाहते हैं? कभी तो राहुल गांधी को सीधी बात करनी चाहिए।"
- 1 Aug 2025 2:56 PM IST
दो दिन से गायब युवक की खदान में उतराती मिली लाश
नागौद थाना अंतर्गत शहपुर गांव की बंद खदान में लापता युवक की निर्वस्त्र लाश मिलने से हडक़ंप मच गया, जिस पर मर्ग कायम किया गया है।
Created On :   1 Aug 2025 8:03 AM IST