Breaking News: आज की बड़ी खबरें 5 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 6 Nov 2025 1:09 AM IST
देव दीपावली काशी में मां गंगा की गोद से झिलमिलाई आस्था, दीपों से जगमगाया अर्धचंद्राकार गंगा घाट
देव दीपावली के पावन पर्व पर बुधवार की शाम को काशी के अर्धचंद्राकार गंगा घाटों पर शाश्वत ज्योति की लौ प्रज्वलित हुई। इस अवसर पर पूरा शहर दिव्यता और भव्यता के अद्भुत संगम में डूब गया। मां गंगा की गोद से निकलती आस्था की सीढ़ियों पर जलते लाखों दीपों की रोशनी ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो स्वर्ग स्वयं धरती पर उतर आया हो।
- 6 Nov 2025 12:40 AM IST
जम्मू-कश्मीर महिला ने श्रीनगर के ज्वैलर्स से लाखों रुपए ठगे
स्थानीय डीलरों ने बुधवार को बताया कि एक महिला धोखेबाज ने श्रीनगर में कई ज्वैलर्स से कथित तौर पर लाखों रुपए की ठगी की है। ज्वेलर्स के अनुसार, महिला ने धोखे और नकली चेक के जरिए कई सोने और तांबे के व्यापारियों से लाखों रुपए के कीमती सामान ठगे हैं।
- 6 Nov 2025 12:14 AM IST
पश्चिम बंगाल में एसआईआर, दो दिनों में 1.10 करोड़ गणना फॉर्म वितरित
पश्चिम बंगाल में मंगलवार से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले चरण में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली। इस प्रक्रिया के पहले चरण के पहले दो दिनों में प्रदेश में मतदाताओं को 1.10 करोड़ गणना फॉर्म वितरित किए गए हैं। चुनाव आयोग (ईसीआई) ने त्रि-स्तरीय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की शुरुआत की है।
- 5 Nov 2025 11:45 PM IST
एयर इंडिया ने उड़ानों में देरी को लेकर यात्रियों के लिए जारी किया अलर्ट
एयर इंडिया ने बुधवार को यात्रियों को कुछ उड़ानों के प्रस्थान में देरी होने की जानकारी दी है। कंपनी ने बताया कि थर्ड-पार्टी कनेक्टिविटी नेटवर्क में आई तकनीकी समस्या के कारण कई हवाई अड्डों पर चेक-इन सिस्टम प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने बताया कि समस्या अब 'बहाल' हो गई है, लेकिन स्थिति के पूरी तरह सामान्य होने तक कुछ उड़ानों में देरी बनी रह सकती है।
- 5 Nov 2025 11:26 PM IST
भारत और पुर्तगाल ने संबंधों की समीक्षा की, दोनों पक्षों ने समझौतों पर शीघ्र चर्चा करने का किया आह्वान
भारत और पुर्तगाल ने लिस्बन में विदेश कार्यालय परामर्श के पांचवें दौर का आयोजन किया। इस दौरान राजनीतिक संबंधों, व्यापार और आर्थिक सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गई। भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से बुधवार को एक बयान जारी किया गया, जिसके अनुसार, बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों पर चर्चा की। इसके साथ ही, दोनों पक्षों ने साझा हितों के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर अपना विचार भी रखा।
- 5 Nov 2025 11:10 PM IST
झारखंड पलामू में स्टोन माइंस चालू कराने गई पुलिस टीम पर हमला, चार घायल
झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को बंद पड़ी स्टोन माइंस को चालू कराने गई पुलिस एवं प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने संयुक्त रूप से हमला कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
- 5 Nov 2025 10:46 PM IST
नोएडा में चार सब-इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल सस्पेंड, जारचा थाने के एसएचओ लाइन हाजिर
अलीगढ़ जिला कोर्ट में वकीलों और नोएडा पुलिस के बीच हुई खींचतान के बाद कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। ग्रेटर नोएडा में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस की तरफ से कैंपस के अंदर कथित दुर्व्यवहार और वकीलों के साथ धक्का-मुक्की के मामले ने तूल पकड़ा था। अब नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जारचा थाने के एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही चार सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है।
- 5 Nov 2025 10:22 PM IST
वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के ठिकानों से 17 लाख और जमीन-जायदाद के 70 डीड बरामद, चार गिरफ्तार
दुबई में छिपे वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस की कार्रवाई जारी है। शहर में उसके मददगारों और गुर्गों के ठिकाने पर 9 घंटे तक चली रेड के दौरान 17 लाख 34 हजार 900 रुपए नकद, एक पिस्टल, 47 जिंदा कारतूस, 70 जमीन-जायदाद की डीड, बैंक दस्तावेज, दो लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
- 5 Nov 2025 8:26 PM IST
पाकिस्तान ने बलूच कार्यकर्ताओं को आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत रखा, मानवाधिकार समूहों ने की निंदा
मानवाधिकार संस्था बलूच यकजेहती कमेटी (बीवाईसी) ने बलूचिस्तान के राजनीतिक कार्यकर्ताओं और मानवाधिकार रक्षकों को पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी अधिनियम (एटीए) की चौथी अनुसूची में डालने की कड़ी आलोचना की। इस कदम को मानवाधिकार संस्था ने बलूच जन संघर्ष को बल प्रयोग के जरिए खत्म करने की कोशिश बताया।
- 5 Nov 2025 7:47 PM IST
बिहार चुनाव निरहुआ का राहुल गांधी पर तंज, बोले- सेना पर बयान देने से पहले सोचें कांग्रेस नेता
भाजपा नेता और भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय सेना, एसआईआर और खेसारीलाल यादव पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। दिनेश लाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी को देश के खिलाफ और देश के विरोध में दिए जाने वाले बयानों के लिए जाना जाता है। उनको देश की सेना के बारे में ऐसा नहीं बोलना चाहिए, लेकिन यह उनका स्वभाव है। वो जहां जाते हैं, ऐसा ही बोलते हैं।
Created On :   5 Nov 2025 8:00 AM IST












