Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 Jun 2025 5:31 PM IST
स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से मुलाकात के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने दी प्रतिक्रिया
स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से मुलाकात के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "बहुत आनंद की अनुभूति है। आज गंगा में स्नान करके मुझे सच में ऐसा लगता है कि दिल्ली में जो विकास की गति है, अब और स्पीड पकड़ पाएगी। आज गुरूजन के आशीर्वाद लेकर मुझे अपने अंदर शक्ति का एहसास और अधिक हो रहा है।"
- 1 Jun 2025 5:10 PM IST
जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने दिया बयान
जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा, "दिल्ली न केवल भारत की राजधानी है बल्कि वो भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पौराणिक परंपराओं के रक्षण के लिए भी प्रसिध्द है। दिल्ली में एक पारदर्शी सरकार आई है। एक ऐसी सरकार जो विकास के लिए और दिल्ली को विश्व के पटल पर एक उच्चतम स्थान देने के लिए प्रतिबद्ध है। रेखा गुप्ता जी के पास एक प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने दिल्ली की स्वाभाविक समस्याओं को समझा है।"
- 1 Jun 2025 5:04 PM IST
अयोध्या जाना चाहती हैं मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता, राम मंदिर के दर्शन की जाहिर की इच्छा
मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीतने वाली थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने आईएएनएस से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारत के कई मंदिरों के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की। उनकी इस सूची में अयोध्या का राम मंदिर भी शामिल है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक रिश्तों के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने कहा, "मैं भारत के बहुत से मंदिरों को देखना चाहती हूं। मुझे ये जगहें बहुत सुंदर और खास लगती हैं। जैसे मैंने कहा, भारत और थाईलैंड की संस्कृति और परंपराएं एक-दूसरे से काफी मिलती-जुलती हैं। इसलिए इन जगहों को देखना और जानना बहुत अच्छा अनुभव होगा।"
- 1 Jun 2025 4:37 PM IST
एडवांस बुकिंग शुरू होते ही छाई 'हाउसफुल 5', चंद घंटों में कमा लिए करोड़ों
'हाउसफुल 5' की रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी है। फिल्म के पहले दिन की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हुए अभी 11 हजार 714 टिकट बिक गए हैं। इसी के साथ 48.84 लाख रुपए कमा लिए हैं और ब्लॉक सीट्स के साथ ये आंकड़ा 2.88 करोड़ रुपए हो गया है।
- 1 Jun 2025 4:25 PM IST
निजी बैंकों ने 1 जुलाई से क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग सेवाओं पर शुल्क बढ़ाने का किया ऐलान
एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख निजी बैंकों ने क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग सेवाओं पर एक जुलाई से शुल्क बढ़ाने का फैसला लिया है। दोनों बैंकों ने आधिकारिक नोटिफिकेशन के माध्यम से अपने ग्राहकों को इन बदलावों के बारे में बताया। एचडीएफसी बैंक ने क्रेडिट कार्ड यूजर्स खासकर ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल वॉलेट और यूटिलिटी पेमेंट से जुड़े लेनदेन के लिए नए शुल्कों की घोषणा की है।
- 1 Jun 2025 4:16 PM IST
लालू परिवार में सिर्फ तेजप्रताप यादव प्रतिभाशाली नीरज कुमार सिंह बबलू
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव इन दिनों बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं। रविवार को उनकी ओर से अपने परिवार को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किए गए पोस्ट के बाद से पटना के गलियारों में उनके राजनीतिक भविष्य की चर्चा होने लगी। इन सबके बीच बिहार सरकार में मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने उन्हें प्रतिभाशाली व्यक्ति बताया है।
- 1 Jun 2025 4:05 PM IST
भाजपा-टीएमसी हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है अधीर रंजन चौधरी
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को यहां की आम जनता के विकास से कुछ भी लेना-देना नहीं है। दोनों पार्टियां सिर्फ सत्ता पाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे को लेकर रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पीएम मोदी का चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। जहां पीएम मोदी जाएंगे, वहां जाने से अमित शाह पीछे कैसे रह सकते हैं।
- 1 Jun 2025 3:58 PM IST
उत्तर प्रदेश हेट स्पीच मामले में सजा के बाद अब्बास की सदस्यता खत्म
हेट स्पीच मामले में सजा के बाद यूपी के मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की विधायकी खत्म हो गई है। विधानसभा के प्रमुख सचिव ने पत्र जारी कर सीट को रिक्त घोषित कर दिया है। कोर्ट का आदेश जारी होने के 24 घंटे के अंदर मऊ से लखनऊ फाइल पहुंची। फिर रविवार के दिन विधानसभा सचिवालय खोला गया। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने अब्बास की सदस्यता समाप्त कर सीट को रिक्त घोषित करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी को उपचुनाव कराने का प्रस्ताव भी भेज दिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने अपने पत्र में कहा कि अब्बास अंसारी जनपद मऊ से 356 विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। फौजदारी मुकदमा थाना कोतवाली जनपद मऊ के प्रकरण में न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट / विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए मऊ द्वारा दोष सिद्ध पाते हुए धारा 171 एफ, आरोप में छह माह के साधारण कारावास की सजा एवं 2,000 के अर्थदंड लगा है।
- 1 Jun 2025 3:40 PM IST
भारत के लिए कई महिला ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी गढ़ने वाली प्रसिद्ध कोच प्रतिमा बरवा का निधन
प्रसिद्ध महिला हॉकी कोच झारखंड की खूंटी निवासी प्रतिमा बरवा का रविवार को निधन हो गया। वह बीते कुछ दिनों से लकवे (पैरालिसिस) से पीड़ित थीं और रांची के पारस हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती थीं। प्रतिमा बरवा भारतीय महिला हॉकी टीम की मौजूदा कप्तान सलीमा टेटे सहित कई ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों की कोच रही हैं। उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता अर्जुन मुंडा सहित कई प्रमुख शख्सियतों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
- 1 Jun 2025 3:30 PM IST
अमरावती में पुलिस ने बंटी-बबली से 3.6 लाख रुपए का माल किया जब्त
20 मई को ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा के दल ने शातिर चोरों की जोडी को पुलगांव बस स्टैंड परिसर से गिरफ्तार किया था। इस बंटी-बबली की जोड़ी ने अमरावती जिले के साथ ही अन्य जिले में भी चोरी की संगीन घटनाओं को अंजाम दिया है। इन दोनों को जब चांदूर रेलवे पुलिस की हिरासत में दिया गया। तब पुलिस ने उनसे सेंधमारी की तीन घटनाओं में चुराए हुए 3 लाख 6 हजार 800 रुपए का माल जब्त किया है।
Created On :   1 Jun 2025 8:00 AM IST