Breaking News: आज की बड़ी खबरें 01 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 1 May 2025 1:15 PM IST
एमपी में ईधन की कीमत: मध्यप्रदेश में आज 01-मई-2025 को डीजल की कीमत
मध्य प्रदेश में डीजल का कारोबार औसतन 92.73 रुपये प्रति लीटर पर हो रहा है। कल यानी 30 अप्रैल 2025 से मध्य प्रदेश में डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मध्य प्रदेश में डीजल की कीमतें पिछले महीने 30 अप्रैल 2025 को औसतन 92.72 रुपये प्रति लीटर पर बंद हुई थीं, जो महीने में अपरिवर्तित रही।
- 1 May 2025 1:05 PM IST
एमपी मे ईधन की कीमत: मध्यप्रदेश में आज 01-मई-2025 को पेट्रोल की कीमत
मध्य प्रदेश में पेट्रोल का कारोबार औसतन 107.38 रुपये प्रति लीटर पर हो रहा है। कल यानी 30 अप्रैल 2025 से मध्य प्रदेश में कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मध्य प्रदेश में पेट्रोल की कीमतें पिछले महीने 30 अप्रैल 2025 को औसतन 107.38 रुपये प्रति लीटर पर बंद हुई थीं, जो महीने में अपरिवर्तित रही।
- 1 May 2025 1:01 PM IST
जम्मू-कश्मीर पहलगाम पहुंचे एनआईए डीजी सदानंद दाते, बैसरन घाटी का करेंगे दौरा
पहलगाम में बीते 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है। इस बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक सदानंद दाते जम्मू-कश्मीर के पहलगाम पहुंच गए हैं। सदानंद दाते उस जगह भी जाएंगे, जहां आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दरअसल, एनआईए ने बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद एनआईए की टीम पहलगाम स्थित घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई।
- 1 May 2025 12:55 PM IST
पीएम मोदी ने किया वेव्स समिट का उद्घाटन, बोले- 'ये एक वेब है- संस्कृति की, रचनात्मकता की'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में पहले विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज यहां मुंबई में 100 से अधिक देशों के कलाकार, निवेशक और नीति निर्माता एक साथ एक ही छत के नीचे एकत्र हुए हैं। एक तरह से आज यहां वैश्विक प्रतिभा और वैश्विक रचनात्मकता के एक ईको-सिस्टम की नींव रखी जा रही है।
- 1 May 2025 12:51 PM IST
सभी सरकारें श्रमिक वर्गों के प्रति अपना संवैधानिक दायित्व जरूर निभाएं मायावती
'अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस' पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि सभी सरकारें भी मजदूरों और श्रमिक वर्गों के प्रति अपना संवैधानिक दायित्व जरूर निभाएं। बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''आज के आधुनिक युग में जब सरकारी स्तर पर भी व्यवसायीकरण अपने चरम पर है और श्रम, श्रमिकों व मजदूरों के महत्व को अत्यंत कम करके आंके जाने की परंपरा है, किंतु उस वर्ग का हर स्तर पर शोषण जारी रहने के कारण 'मजदूर दिवस' का उद्देश्य व भूमिका हमेशा की तरह आज भी प्रासंगिक व आवश्यक।''
- 1 May 2025 12:45 PM IST
सौरभ भारद्वाज की सलाह, पाकिस्तान को रोके गए पानी को दिल्ली को दिया जाए
भले ही दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की विदाई हो चुकी है। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लगातार मौजूदा भाजपा सरकार को घेर रहे हैं। हर दिन भाजपा सरकार पर आरोप लगाकर जवाब की मांग करते हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने सिंधु जल विवाद से लेकर दिल्ली में बुनियादी सेवाओं की बदहाली तक कई मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा। हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान को रोके गए पानी को दिल्ली को देने की सलाह भी दी।
- 1 May 2025 12:40 PM IST
पाकिस्तान उलेमा काउंसिल की गीदड़ भभकी में नहीं आएगा भारत का मुसलमान मौलाना शहाबुद्दीन
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने पाकिस्तान के उलेमा काउंसिल को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने पाकिस्तान के उलेमा काउंसिल को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी गीदड़ भभकी में भारत का मुसलमान नहीं आने वाला है।
- 1 May 2025 12:30 PM IST
भारतीय संगीत का सुनहरा दौर चल रहा अखिल सचदेवा
संगीतकार और गायक अखिल सचदेवा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि कोविड के बाद संगीत की दुनिया में बदलाव आया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने संगीत के विकास में अहम योगदान दिया है। उनका मानना है कि पिछले एक दशक में बॉलीवुड और संगीत के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है और यह भारतीय संगीत का सुनहरा दौर है।
- 1 May 2025 12:25 PM IST
इंटरनेशनल लेबर डे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बोलीं, आज की सरकार श्रमिकों के बारे में सोचती है
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को 'अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस' के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर श्रमिकों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले महज अपने हित साधने के प्रयास किए जाते थे और देश की नींव कहे जाने वाले श्रमिकों के हितों पर हमेशा से ही कुठाराघात किया जाता था।
- 1 May 2025 12:16 PM IST
भारत-नॉर्वे के संबंध विश्वास और विकास के नए चरण में प्रवेश को तैयार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने नॉर्वे की अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है, यह यात्रा 25 वर्षों में भारत के किसी वाणिज्य और उद्योग मंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच संबंध विश्वास और विकास के नए चरण में प्रवेश करने जा रहे हैं।
Created On :   1 May 2025 8:00 AM IST