Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 02 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
02 मई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 2 May 2025 11:20 AM IST

    एप्पल ने भारत में मार्च तिमाही में किया रिकॉर्ड प्रदर्शन, जल्द खुलेगा नया रिटेल स्टोर टिम कुक

    एप्पल ने जनवरी-मार्च तिमाही में भारत सहित दुनिया के कई देशों में रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की है। इसके साथ ही कंपनी दुनियाभर में नए रिटेल स्टोर खोलने की योजना बना रही है। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने कहा, "तिमाही के दौरान एप्पल ने दो नए रिटेल स्टोर खोले हैं। हम यूएई में एक नया रिटेल स्टोर, सउदी अरब में ऑनलाइन स्टोर और इस वर्ष के अंत में भारत में नए रिटेल स्टोर शुरू करेंगे।"

  • 2 May 2025 10:41 AM IST

    दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 25 लाख की लूट में शामिल तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

    दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच ने दिल्ली के आनंद पर्वत में चोरी के एक मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी आदित्य गौतम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीमों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को ट्रैक किया और इसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुछ नकदी भी बरामद की गई है।

  • 2 May 2025 10:34 AM IST

    महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने पंकजा मुंडे को अश्लील कॉल करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

    महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे को कथित तौर पर अश्लील कॉल करने और अभद्र मैसेज भेजने के आरोप में पुणे के भोसरी से एक 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमोल काले के रूप में हुई है, पिछले कुछ दिनों से पंकजा मुंडे को फोन कॉल और मैसेज के जरिए परेशान कर रहा था। इस घटना ने साइबर अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

  • 2 May 2025 10:26 AM IST

    उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली ने ली दो मजदूरों की जान

    उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही तेज हवाओं के बीच मूसलाधार बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि एक मजदूर घायल हुआ है। मामला थाना नसीरपुर क्षेत्र के कुतकपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह एक ही गांव के 15 मनरेगा मजदूर एक साथ काम करने के लिए निकले थे, तभी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, एक मजदूर घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

  • 2 May 2025 10:15 AM IST

    आईपीएल 2025 एमआई ने 'तीसरी सबसे बड़ी जीत' दर्ज कर 17वीं बार बनाया 'क्लीन स्वीप' का रिकॉर्ड

    पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में अपनी लगातार छठी जीत हासिल करने के बाद अंक तालिका में टॉप स्थान पर कब्जा कर लिया है। एमआई ने आईपीएल 2025 के 50वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से हरा दिया। आईपीएल के इतिहास में तीन बार ऐसे मौके आए हैं जब एमआई ने एक सीजन में लगातार छह जीत हासिल की। उन्होंने सबसे पहले सीजन 2008 में ऐसा किया था। इसके बाद सीजन 2017 में भी उन्होंने ऐसा ही किया। इसके बाद मौजूदा सीजन में भी शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद उनकी गाड़ी अब सरपट दौड़ रही है।

  • 2 May 2025 10:06 AM IST

    भारत का साथ दे पाकिस्तान- पहलगाम हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए बोले जेडी वेंस

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गुरुवार को एक इंटरव्यू में कहा कि पहलगाम आतंकियों को ढूंढने के लिए पाकिस्तान को भारत की मदद करनी चाहिए। इसी के साथ वेंस ने यह भी कहा यूएस आशा करता है कि भारत पाकिस्तान को सावधानी से जवाब देगा ताकि दोनों देशों के बीच हालात जंग तक न पहुंच सकें।   

  • 2 May 2025 9:50 AM IST

    धर्म-हेमा की शादी को 45 साल पूरे, बेटी ईशा बोलीं- 'मम्मी-पापा आप मेरी दुनिया'

    बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र और इंडस्ट्री की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की शादी को 45 साल हो गए हैं। 45वीं सालगिरह पर उनकी बेटी ईशा देओल ने खूबसूरत तस्वीरों के साथ शुभकामनाएं दीं। ईशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिता धर्मेंद्र और मां हेमा की पुरानी तस्वीरें शेयर की। पहली तस्वीर में दोनों साथ में मुस्कुराते नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे की ओर प्यार से देख रहे हैं। फोटो में हेमा ने धर्मेंद्र के चेहरे पर प्यार से हाथ रखा हुआ है, वहीं धर्मेंद्र उनकी आंखों में डूबे हुए हैं।

  • 2 May 2025 9:31 AM IST

    खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जारी किया भड़काऊ बयान

    खालिस्तानी समर्थक आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारतीय सेना में शामिल सिख सैनिकों से अपील की है। उसने कहा कि अगर भारत पाकिस्तान के साथ युद्ध करता है तो वे देश के लिए न लड़ें। साथ ही यह भी कहा कि इस्लामाबाद, सिखों और खालिस्तान का "दोस्त" है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पन्नू ने एक भड़काऊ वीडियो संदेश में कहा, "अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया, तो यह भारत और पीएम मोदी के लिए अंतिम युद्ध होगा। भारतीय पक्ष के पंजाबी पाकिस्तानी सेना के लिए लंगर परोसेंगे।"

  • 2 May 2025 9:21 AM IST

    शुभ मुहूर्त में खोले गए केदारनाथ धाम के कपाट, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

    उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार को विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ भक्तों के लिए खोल दिए गए। अब अगले छह महीनों तक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर पाएंगे।

    शुक्रवार सुबह 7 बजे शुभ मुहूर्त में विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ खोले गए। मंदिर के कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। कपाट खुलते समय आर्मी बैंड ने मधुर धुनें बजाईं। इस दौरान केदारनाथ घाटी श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठी।

  • 2 May 2025 9:07 AM IST

    ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार वॉल्ट्ज को हटाया, उप राष्ट्रपति वेंस बोले ये 'प्रमोशन'

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज को पद से हटाए जाने और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत पद पर चुने जाने को 'प्रमोशन यानि पदोन्नति' के रूप में पेश करने की कोशिश की है। उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया है कि वह शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा पद से उनके हटने को बर्खास्तगी के रूप में पेश कर रहा है। वेंस ने गुरुवार को चार्ल्सटन, साउथ कैरोलिना में फॉक्स न्यूज को एक साक्षात्कार में बताया- "उन्हें जाने नहीं दिया गया। उन्हें संयुक्त राष्ट्र में राजदूत बनाया जा रहा है, जिसे निश्चित तौर पर सीनेट ने कंफर्म किया है। मुझे लगता है कि आप एक अच्छा तर्क दे सकते हैं कि यह एक प्रमोशन है।

Created On :   2 May 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story