Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 2 May 2025 12:53 PM IST
पहलगाम की गुस्ताखी का स्थान और समय चुन भारतीय सेना देगी जवाब रविंदर रैना
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन करता आ रहा है। पाकिस्तान एलओसी से सटे गांवों में गोलीबारी कर रहा है। लगातार हो रही इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व अध्यक्ष रविंदर रैना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तान की इस गुस्ताखी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि हमारी सेना ने पाकिस्तान की कई चौकियों को ध्वस्त कर दिया है।
- 2 May 2025 12:45 PM IST
मध्य प्रदेश विदिशा में बारातियों का वाहन पलटा, चार की मौत, सीएम मोहन यादव ने शोक जताया
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार की देर रात को बारातियों से भरा वाहन पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है और सहायता राशि का भी ऐलान किया है। बताया गया है कि इंदौर के एक गांव से विदिशा के सिरोंज में बारात आई थी। यह बारात गुरुवार की देर रात को लौट रही थी, इसी दौरान मदागन घाटी पर बारातियों का वाहन पलट गया। इस वाहन में 16 लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है।
- 2 May 2025 12:36 PM IST
नोएडा में बारिश बनी लोगों के लिए मुसीबत, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
शुक्रवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव और फिसलन ने हालात और बिगाड़ दिए। इसका सीधा असर लोगों के दफ्तर जाने के समय पर पड़ा। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही, जिससे हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे रहा, जहां कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया। एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और वाहन रेंगते नजर आए। दलित प्रेरस्थल के सामने भी ट्रैफिक की स्थिति बेहद खराब रही। वहां पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे स्थानीय लोग और ऑफिस जाने वाले यात्री घंटों तक फंसे रहे। कालिंदी कुंज बॉर्डर पर भी वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति गंभीर हो गई।
- 2 May 2025 12:32 PM IST
पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया, इस बार लड़कों ने मारी बाजी
पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार लड़कों ने बाजी मारते हुए लड़कियों को पछाड़ दिया। एक तरफ जहां लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.56 रहा, वहीं दूसरी तरफ लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 84.31 रहा। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। स्टूडेंट अपनी जन्मतिथि और रोल नंबर डालकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, छात्र चाहें तो डिजिलॉकर और एसएमएस के जरिए भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
- 2 May 2025 12:21 PM IST
भारत और यूरोपीय संघ 2025 के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने पर हुए सहमत
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और यूरोपीय व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस सेफकोविक ने 2025 के अंत तक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को पूरा करने के लिए अपनी साझा सहमति व्यक्त की है। ब्रसेल्स में बैठक के बाद शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी सम्मान की भावना से लंबित मुद्दों को सुलझाने के अपने उद्देश्य को दोहराया। इसमें 12-16 मई को नई दिल्ली में होने वाली अगली बैठक भी शामिल है।
- 2 May 2025 12:15 PM IST
जातीय जनगणना केंद्र सरकार का स्वागतयोग्य फैसला, पीएम मोदी ने लोगों की भावनाओं का किया सम्मान मनोज तिवारी
भोजपुरी अभिनेता और दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने बिहार की सियासत और एनडीए के सहयोगियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चिराग पासवान, नीतीश कुमार, जातिगत गणना और महागठबंधन की रणनीति पर खुलकर अपनी राय रखी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने और भविष्य में मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर तिवारी ने कहा, "चिराग पासवान हमारे गठबंधन के प्रमुख नेता हैं। उनके निर्णय का हम सम्मान करते हैं और उसी के आधार पर भविष्य में विचार करेंगे।"
- 2 May 2025 12:00 PM IST
बिहार में जातीय सर्वेक्षण का पूरा श्रेय नीतीश कुमार के नाम, तेजस्वी बस सुर्खियों बटोर रहे अशोक चौधरी
बिहार में जातीय जनगणना को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के ताजा बयान पर तीखा पलटवार किया है। तेजस्वी के क्रेडिट लेने के दावों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि बिहार में जातीय सर्वेक्षण का पूरा श्रेय नीतीश कुमार और उनकी सरकार को जाता है। उन्होंने तेजस्वी पर बिना मेहनत किए सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया।
- 2 May 2025 11:55 AM IST
प्लेऑफ में पहुंचने के बाद मुंबई इंडियंस किसी के लिए भी खतरनाक हो जाती है अंबाती रायडू
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन में लगातार छठी जीत दर्ज की है। इस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू ने कहा कि पांच बार की चैंपियन टीम की सफलता का राज उनकी समझदारी से की गई योजना और खिलाड़ियों द्वारा अपने-अपने रोल को सही तरीके से निभाना है। मुंबई इंडियंस ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को 100 रन से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने 11 मैचों में 14 अंक जुटा लिए हैं। इस जीत में रयान रिकेल्टन (61 रन), रोहित शर्मा (54 रन), सूर्यकुमार यादव (नाबाद 48) और कप्तान हार्दिक पांड्या (नाबाद 48) की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को 217/2 तक पहुंचाया। गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट लेकर राजस्थान को 16.1 ओवर में सिर्फ 117 रनों पर ढेर कर दिया।
- 2 May 2025 11:41 AM IST
कांग्रेस-भाजपा की नीयत बहुजन के प्रति साफ होती तो ओबीसी समाज की देश के विकास में उचित भागीदारी होती मायावती
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जातीय जनगणना को लेकर हमलावर दिखाई दी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं भाजपा आदि की अगर नीयत व नीति बहुजन समाज के प्रति पाक-साफ होती तो ओबीसी समाज देश के विकास में उचित भागीदार बन गया होता। बसपा प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि काफी लंबे समय तक ना-ना करने के बाद अब केंद्र द्वारा राष्ट्रीय जनगणना के साथ जातीय जनगणना भी कराने के निर्णय का भाजपा व कांग्रेस आदि द्वारा इसका श्रेय लेकर खुद को ओबीसी हितैषी सिद्ध करने की होड़, जबकि इनके बहुजन-विरोधी चरित्र के कारण ये समाज अभी भी पिछड़ा, शोषित व वंचित है।
- 2 May 2025 11:35 AM IST
डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी, सात महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंचा
डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी का दौर जारी है और शुक्रवार को यह 40 पैसे की तेजी के साथ 84 के स्तर के नीचे पहुंच गया। यह सात महीनों में पहला मौका है जब डॉलर की तुलना में रुपया इस स्तर पर कारोबार कर रहा है। अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले स्थानीय मुद्रा की शुरुआत 84.09 के स्तर पर हुई और शुरुआती कारोबार में ही यह 83.90 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले के सत्र में डॉलर के मुकाबले रुपया 84.49 पर बंद हुआ था।
Created On :   2 May 2025 8:00 AM IST