Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 4 Aug 2025 5:14 PM IST
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रतिक्रिया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "मैंने आज सुबह सभी जिला अधिकारियों के साथ बैठक की है और सभी को निर्देश दिए हैं कि इस समय पूरी तरह से अलर्ट रहें क्योंकि IMD ने अगले 5 दिनों के लिए आपदा और मानसून को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों को बिजली, पानी, दवाइयां जैसी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं। NDRF, SDRF के साथ लगातार समन्वय करके नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए सभी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।"
- 4 Aug 2025 5:07 PM IST
पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के बाद स्टेडियम से निकलते हुए एक क्रिकेट प्रशंसक ने दिया बयान
पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के बाद स्टेडियम से निकलते हुए एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा, "मेरी मां पंजाब से है और मेरे पापा इंग्लैंड से हैं। मेरे लिए दोनों तरफ जीत ही जीत है। बहुत अच्छा और मनोरंजक मैच था।" भारत ने पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच में इंग्लैंड को हराकर सीरीज 2-2 से बराबर की।
- 4 Aug 2025 4:55 PM IST
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने मानसून सत्र को लेकर दी प्रतिक्रिया
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र है और बदली हुई विधानसभा आपको दिखाई देगी। पेपरलेस है और टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया है। जो बहुत सारे परिवर्तन देशभर में हो रहे थे लेकिन दिल्ली में रुके हुए थे, आज से दिल्ली विधानसभा में भी उस प्रकार के परिवर्तन दिखाई देंगे।"
- 4 Aug 2025 4:30 PM IST
टेस्ट मैच में भारत को मिली ऐतिहासिक जीत, सबसे कम मार्जिन से पहली बार भारत ने हासिल की जीत
भारत को मिली टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत। सबसे कम मार्जिन (6 रनों) से पहली बार भारत ने जीता टेस्ट मैच।
- 4 Aug 2025 4:26 PM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
- 4 Aug 2025 4:21 PM IST
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षियों पर साधा निशाना
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "आज, सप्ताह की शुरुआत में ही, हमारे विपक्ष के साथियों ने सदन को बाधित किया और चलने नहीं दिया। आज, दो बहुत ही महत्वपूर्ण विधेयकों, राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक संशोधन विधेयक पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया। खेल और खिलाड़ियों से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होनी थी, लेकिन इस पर भी व्यवधान डाला गया। मजबूरन कभी-कभी, जब विधेयक को पारित करना होता है और हमारे पास कोई और विकल्प नहीं होता, तो इसे बिना चर्चा के पारित किया जाता है लेकिन हम चाहते हैं कि इस बिल पर चर्चा हो। हमारे देश के एक वरिष्ठ आदिवासी नेता, शिबू सोरेन के निधन के कारण राज्यसभा को पूरे दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया।"
- 4 Aug 2025 4:05 PM IST
सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से उनके बयान पर सवाल पूछने पर शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के की प्रतिक्रिया
सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से उनके बयान पर सवाल पूछा | शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा, "राहुल गांधी देश के बारे में कभी अच्छा नहीं बोलते, मुझे नहीं लगता कि देश के प्रति उनकी जरा भी आस्था है। आज 11वां दिन है, लेकिन वे संसद नहीं चलने दे रहे। वे सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते हैं।" SIR पर उन्होंने कहा, "ऐसा सिर्फ़ बिहार में नहीं, पूरे देश में होना चाहिए। तेजस्वी यादव का नाम दो जगह है तो क्या वे दो जगहों पर वोट देंगे। क्या संविधान में दो जगहों पर वोट देने की बात लिखी है? वे ख़ुद संविधान के ख़िलाफ़ काम करते हैं।"
- 4 Aug 2025 3:45 PM IST
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने एसआईआर को लेकर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, "हम चाहते हैं कि सदन में SIR पर चर्चा हो, हम सदन में चुनाव सुधारों पर चर्चा की मांग करते हैं, हम मतदाता विलोपन, मतदाता समावेशन पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। सरकार इन सभी मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती है। सरकार चुनाव आयोग या चुनावी प्रक्रिया के बारे में बात करने से डरती है। INDIA गठबंधन एकजुट है और हम सदन में इन मुद्दों पर चर्चा की मांग करते रहेंगे।"
- 4 Aug 2025 3:30 PM IST
दिल्ली कांग्रेस नेताओं ने झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़े जाने के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन
दिल्ली कांग्रेस नेताओं ने झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़े जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, "जब से भाजपा की सरकार आई है तभी से ये सरकार गरीबों पर वार कर रही है। ये उनके घरों को उजाड़ने का काम कर रही है। हम लगातार इन गरीबों की आवाज को बुलंद करते रहे हैं। आज एक-एक कांग्रेसी सड़कों पर उनके समर्थन में आया है। इन्होंने 3 हजार झुग्गियों को तोड़कर 15 हजार लोगों को बेघर करने का काम किया है। हम कहना चाहते हैं कि गरीबों के साथ खड़ा होना चाहिए।"
- 4 Aug 2025 3:17 PM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में जाने पर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "हां, हम (झारखंड) जाएंगे और (शिबू सोरेन के) अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। राहुल गांधी और मैं, हम दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने जाएंगे।"
Created On :   4 Aug 2025 8:00 AM IST












