Breaking News: आज की बड़ी खबरें 04 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 04 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
04 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 4 Jun 2025 12:15 PM IST

    कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम मोहन यादव की प्रतिक्रिया

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि नेता प्रतिपक्ष मर्यादा त्याग कर जिस प्रकार के बयान देते हैं वह ना केवल उनकी छवि खराब करता है बल्कि देश के संस्कार के भी विरुद्ध है। पहले उन्होंने जिस तरह से अपनी दादी को जूते पहनकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जैसे शब्द कहे, उससे उनका हल्कापन सामने आया है। मैं कठोर शब्दों में उनकी निंदा करता हूं। देश ने देखा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना ने कैसे पाकिस्तान की हालत खराब की। उन्हीं के दल के सांसद दुनिया भर में जाकर इसके बारे में बात कर रहे हैं। इतने बड़े व्यक्तित्व के सामने वे(राहुल गांधी) जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैं, मेरे मन में उसे लेकर निराशा है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए। बहुत दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस इसकी कीमत चुकाएगी।"

  • 4 Jun 2025 12:07 PM IST

    आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का बयान

    आरसीबी के आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा, "आरसीबी ने हमें सम्मान और गौरव दिलाया। मैंने पूरा मैच देखा और मैं कर्नाटक के लोगों की ओर से उन्हें बधाई देता हूं। हमारे पुलिस अधिकारी और सरकार इस बारे में सोच रहे हैं कि हम उन्हें कैसे सम्मानित कर सकते हैं। हम आपको इसके बारे में बताएंगे। मैं राज्य के गृह मंत्री और पुलिस अधिकारियों से बात करूंगा। हम जश्न की तैयारी कर रहे हैं।"

  • 4 Jun 2025 12:01 PM IST

    ईरान में लापता हुए तीन भारतीयों तेहरान पुलिस ने ढूंढ निकाला

    ईरान में लापता हुए तीन भारतीयों को वहां की पुलिस ढूंढ लिया है। पुलिस ने तीनों भारतीयों को ढूंढकर मुक्त भी करवा दिया है। तीनों भारतीयों के नाम हुशनप्रीत सिंह (संगरूर), जसपाल सिंह (नवांशहर) और अमृतपाल सिंह (होशियारपुर) हैं। नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि तीनों नागरिकों को बंधकों के कब्जे से छुड़ा लिया गया है।

  • 4 Jun 2025 12:00 PM IST

    दादरी में महिला के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में 11 लोग गिरफ्तार

    ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दादरी लुहारली टोल पर महिला कर्मी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले 11 आरोपियों को गिरप्तार किया है। गाड़ी निकालने को लेकर दादरी लुहारली टोल पर विवाद के बाद टोल पर महिला कर्मी के साथ गलत व्यवहार किया था। जिसका वीडियो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दादरी थाना पुलिस ने की वीडियो को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की है। 

  • 4 Jun 2025 11:50 AM IST

    ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

    ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम के समाधान के लिए चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का निर्माण हो रहा है। निर्माण कार्य की वजह से ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। सूरजपुर से बिसरख होकर चार मूर्ति चौक जाने वाले मेन कैरिज वे को 150 मीटर पहले वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। मेन कैरिज वे के वाहनों को सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। इसके लिए सर्विस रोड को चौड़ा किया गया है।  

  • 4 Jun 2025 11:45 AM IST

    पाकिस्तान की जासूसी के आरोप में एक और यूट्यूबर गिरफ्तार

    पंजाब पुलिस ने एक और पाकिस्तानी जासूस यू-ट्यूबर को गिरफ्तार किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने मोहाली से रूपनगर के गांव महालन के निवासी जसबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। जसबीर सिंह यू-ट्यूब पर 'जान महल' नाम का एक चैनल चलाता है। उसका कनेक्शन PIO शाकिर उर्फ ​​जट्ट रंधावा के साथ निकला है।

  • 4 Jun 2025 11:30 AM IST

    प्रतापगढ़ में मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार

    प्रतापगढ़ में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई, इनमें से एक बदमाश अब्दुल रब निवासी तिलौरी लीलापुर के पैर में गोली लग गई। उसको और उसी गांव के उसके साथ ही बदमाश शाहिद खान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूट के कुछ रुपए और तमंचा तथा बाइक बरामद हुई है। 

  • 4 Jun 2025 11:20 AM IST

    चांदी की कीमत में भारी बढ़त

    सोना- चांदी (Gold- Silver) की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहता है। कभी इनकी कीमतें आसमान पर होती हैं तो कभी भाव नीचे गिरते हैं। फिलहाल, बात करें चांदी की कीमत की तो इसके दाम में 1900 रुपए प्रति किलोग्राम तक की तेजी देखने को मिली है। जिसके बाद आज अधिकांश शहरों में आज चांदी 1,02,000 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है।

  • 4 Jun 2025 11:10 AM IST

    सोने की कीमत में तेजी आई

    सोना- चांदी (Gold- Silver) की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहता है। कभी इनकी कीमतें आसमान पर होती हैं तो कभी भाव नीचे गिरते हैं। फिलहाल, सोने की कीमत में आज एक बार फिर से तेजी देखने को मिली है। 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 90,900 रुपए प्रति 10 ग्राम तक हो गई है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 99,300 रुपए प्रति 10 ग्राम तक हो गई है।

  • 4 Jun 2025 11:01 AM IST

    कई शहरों में बदल गए ईंधन के रेट

    आज जयपुर में पेट्रोल 19 पैसे बढ़कर 104.91 रुपए और डीजल 17 पैसे महंगा होकर 90.38 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, गुड़गांव में पेट्रोल और डीजल 16-16 पैसे कम होकर क्रमश: 94.95 रुपए और 87.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार नोएडा में पेट्रोल 28 पैसे कम होकर 94.77 रुपए और डीजल 30 पैसे घटकर 87.89 रुपए प्रति लीटर हो गया है। भुवनेश्वर में पेट्रोल 19 पैसे घटकर 101.16 रुपए और डीजल 18 पैसे सस्ता होकर 92.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार पटना में पेट्रोल 19 पैसे कम होकर 105.41 रुपए और डीजल 17 पैसे घटकर 91.66 रुपए प्रति लीटर हो गया है। 

Created On :   4 Jun 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story