Breaking News: आज की बड़ी खबरें 05 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 Jun 2025 9:43 AM IST
सीएम योगी के जन्मदिन पर अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन-जन तक विकास और गरीब कल्याण के लाभ पहुंचा रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।"
- 5 Jun 2025 9:33 AM IST
सीएम योगी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। सीएम योगी के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश को बदलने के लिए अथक प्रयास किए हैं, जिससे राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।"
- 5 Jun 2025 9:28 AM IST
'कार्यक्रम का साक्षी बनने का सौभाग्य...', सीएम योगी ने किया 'एक्स' पोस्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि प्रभु श्री राम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम में आज श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल पर श्री राम दरबार सहित अष्ट देवालयों में पवित्र देव विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु आयोजित कार्यक्रम का साक्षी बनने का परम सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह पावन अवसर 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की नूतन अभिव्यक्ति है।
- 5 Jun 2025 9:13 AM IST
अफगानिस्तान-ईरान सहित इन 12 देशों के नागरिकों की अमेरिका में एंट्री BAN, डोनाल्ड ट्रंप को क्यों उठाना पड़ा इतना बड़ा कदम?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने देश के लिए बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने अफगानिस्तान, ईरान सहित 12 देशों के नागरिकों की यूएस में एंट्री पर रोक लगा दी है। यह फैसला आतंकवाद के खिलाफ उठाया है।
किन 12 देशों के नागरिकों की एंट्री बैन?
ट्रंप ने अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है
- 5 Jun 2025 9:07 AM IST
दो साल तक डिप्रेशन में रहीं पायल घोष, मौजूदा स्थिति पर दी अपडेट
अभिनेत्री पायल घोष ने बताया कि पिछले दो सालों से वह काम न मिलने के कारण डिप्रेशन और एंग्जाइटी से जूझ रही थीं। उन्होंने बताया कि इस मुश्किल दौर में उन्हें न तो इंडस्ट्री से और न ही परिवार या दोस्तों से कोई सहारा मिला। वह पूरी तरह अकेली थीं और कई बार घर में बंद रहकर रोती थीं।
- 5 Jun 2025 8:58 AM IST
कर्नाटक सरकार ने भगदड़ की जांच के लिए बेंगलुरु शहरी डीसी को नियुक्त किया
कर्नाटक सरकार ने बुधवार को हुई भगदड़ दुर्घटना की जांच के लिए बेंगलुरु शहरी डीसी को नियुक्त किया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने एक आदेश जारी कर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी जी. जगदीश को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ की घटना की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया है। कर्नाटक सरकार ने मृतक पीड़ितों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
- 5 Jun 2025 8:47 AM IST
बिहार सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार ने दी शुभकामनाएं, सब्जियों का पहला परीक्षण शिपमेंट दुबई रवाना
बिहार के सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार ने बुधवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि बिहार के कृषि और सहकारिता क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने खुशी और गर्व जताते हुए बताया कि बिहार की सब्जियां अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बनाने जा रही हैं। बिहार वेज फेडरेशन के जरिए पहला परीक्षण शिपमेंट दुबई के लिए रवाना हुआ, जो एक नई शुरुआत है।
- 5 Jun 2025 8:22 AM IST
ज्योति मल्होत्रा को 9 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में किया जाएगा पेश
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपों में घिरी ज्योति मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने बताया कि उनके मुवक्किल को 9 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद आगे फैसला किया जाएगा कि उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। वकील कुमार मुकेश ने इस बारे में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।
- 5 Jun 2025 8:17 AM IST
बेंगलुरु हादसा भगदड़ में मासूमों की मौत पर प्रियंक कानूनगो ने लिया संज्ञान, न्याय का वादा
कर्नाटक के बेंगलुरु में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली आईपीएल जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में कई मासूमों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। इस घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने दुख जताया है। प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कर्नाटक में आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट की जीत के जश्न में भगदड़ होने से मासूम लोगों की मृत्यु की घटना बेहद दुखद है। इस घटना के दोषियों की जिम्मेदारी तय करने हेतु जांच करने के लिए घटना का संज्ञान लिया जा रहा है, किसी भी दोषी को बचने नहीं दिया जाएगा।"
- 5 Jun 2025 8:05 AM IST
पहलगाम में मारे गए लोगों के नाम पर सिंदूर मेमोरियल बने- भाजपा सांसद बृजलाल
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के नाम पर सिंदूर मेमोरियल बनाया जाए। बृजलाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, "पीएम मोदी ने बहुत ही सोच-समझकर 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया था। ऑल पार्टी डेलिगेशन में जब हम विदेश गए तो विदेशियों को बताया कि सिंदूर होता क्या है? सिंदूर की कीमत क्या है? पहलगाम में धर्म पूछकर गोली मारी गई।
Created On : 5 Jun 2025 8:00 AM IST