Breaking News: आज की बड़ी खबरें 05 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 5 Oct 2025 6:32 PM IST
कंबोडिया के एआई परिवर्तन में शिक्षकों की भूमिका अहम - प्रधानमंत्री हुन मानेट
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने रविवार को कहा कि शिक्षक दक्षिण पूर्व एशियाई देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) परिवर्तन में महत्वपूर्ण हैं। विश्व शिक्षक दिवस पर हुन मानेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, "कंबोडिया ने इस कार्यक्रम को 'शिक्षक एआई परिवर्तन के उत्प्रेरक हैं' की राष्ट्रीय थीम के तहत मनाया। यह थीम छात्रों को एआई निर्मित भविष्य में आगे बढ़ने और उससे लाभ उठाने के लिए तैयार करने में शिक्षकों की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित करती है।"
- 5 Oct 2025 6:00 PM IST
जनकपुरी क्षेत्र के लोगों को मिलेंगी कई सुविधाएं, जीवनशैली में होगा सुधार आशीष सूद
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर पश्चिमी दिल्ली के सांसद कमलजीत सहरावत और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनकपुरी से विधायक आशीष सूद मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से करीब 5.3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इन कार्यों का उद्घाटन किया।
- 5 Oct 2025 5:52 PM IST
सामंथा रुथ प्रभु के फोन वॉलपेपर पर किसकी तस्वीर, 'लेट्स टॉक' सेशन में एक्ट्रेस ने खोले राज
साउथ की एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु का फिल्मी करियर हिट रहा है और फैंस ने भी एक्ट्रेस पर खुलकर प्यार लुटाया है, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ हमेशा सुर्खियों में रही है। तलाक के बाद सबसे ज्यादा एक्ट्रेस को हेल्थ प्रॉब्लम हुई और उन्हें अपनी 'ऑटोइम्यून मायोसिटिस' नाम की बीमारी के बारे में पता चला। बीमारी के बारे में जानने के बाद से ही एक्ट्रेस ने अपनी हेल्थ पर फोकस करना शुरू किया और अब वो कुछ दिन खुद को हील करने में लगाती हैं।
- 5 Oct 2025 5:38 PM IST
उत्तर बंगाल में भारी बारिश के आसार, मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज अभी भी बिगड़ा हुआ है। उत्तर बिहार में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब एक चक्रवातीय परिसंचरण में तब्दील हो चुका है। इसके प्रभाव से बंगाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के कई जिलों में आज खराब मौसम रहेगा। इनमें विशेष रूप से अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कोचबिहार शामिल हैं। साथ ही, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों के लिए भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- 5 Oct 2025 5:24 PM IST
परमाणु निगरानी संस्था के साथ सहयोग की बात अब अप्रासंगिक ईरानी विदेश मंत्री अराघची
रानी विदेश मंत्री एसए अराघची का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के साथ सहयोग की बात का अब कोई मतलब नहीं है वो "प्रासंगिक नहीं" रही है। उन्होंने ये भी दावा किया कि इस्लामिक रिपब्लिक पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों को फिर से लागू करने का समर्थन करने वाली यूरोपीय शक्तियों की भूमिका भी भविष्य में न के बराबर रह जाएगी। तेहरान स्थित राजदूतों, प्रभारी राजदूतों, और विदेशी तथा अंतर्राष्ट्रीय मिशनों के प्रमुखों को दिए गए भाषण के बाद, अराघची ने यूरोपीय त्रिगुट - ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के साथ ईरान के सहयोग को लेकर मीडिया की ओर से पूछे गए सवाल का वो जवाब दे रहे थे।
- 5 Oct 2025 5:01 PM IST
बिग बॉस 19 अमाल मलिक ने फरहाना को 'सबसे बड़ी धोखेबाज' बताया, फिर भी हंसती रही कंटेस्टेंट
‘बिग बॉस 19’ का 'वीकेंड का वार' एपिसोड धमाकेदार होने वाला है। इस एपिसोड में 'बिग बॉस ओटीटी 2' विजेता एल्विश यादव और क्रिकेटर दीपक चाहर नजर आएंगे। दोनों अपने-अपने हिसाब से कंटेस्टेंट्स को आजमाते दिखाई देंगे। इस बार घर का माहौल भी थोड़ा रंगीन होता दिखाई देगा, जब कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को फिल्मी गीत डेडिकेट करते दिखाई देंगे। इसका एक प्रोमो मेकर्स ने हाल ही में इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इसमें फरहाना खान को सबसे बड़ा धोखेबाज बताते हुए अमाल मलिक उन्हें एक गाना डेडिकेट करते हैं, और इसके बारे में जानने के बाद फरहाना भट्ट हंसती दिखाई देती हैं।
- 5 Oct 2025 4:45 PM IST
आनंद दुबे ने किया ममता बनर्जी और टीएमसी की जमकर तारीफ, भाजपा पर कसा तंज
शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने बंगाल सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी लगातार बंगाल में जीत रही, जिससे भाजपा परेशान है। आनंद दुबे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी पिछले 15-20 वर्षों से लगातार जीत रही है, जिससे साबित होता है कि वहां विकास कार्य हो रहे हैं। कोलकाता को सबसे सुरक्षित शहर माना जाना भाजपा को परेशान करता है, क्योंकि वह लंबे समय से वहां पैर जमाने की कोशिश कर रही है।
- 5 Oct 2025 4:40 PM IST
उम्मीद है गाजा समझौते को जल्द ही लागू किया जाएगा, अगर ऐसा नहीं हुआ तो लड़ाई होगी तेज इजरायली रक्षा मंत्री
इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना का पहला चरण जल्द पूरा होगा और सभी बंधकों की तत्काल रिहाई हो जाएगी। उन्होंने गाजा सिटी पर लगातार आक्रमण के कारण उत्पन्न हुए सैन्य दबाव को इसकी वजह बताया। 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' के मुताबिक इजरायली सैनिकों की याद में आयोजित स्मृति समारोह में पहुंचे काट्ज ने कहा कि 7 अक्टूबर के हमले के लगभग दो साल बाद, "हमें जल्द ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इनिशिएटिव के अनुसार, हमारे सभी बंधकों, जीवित और मृत (शव), की घर वापसी की सूचना मिल सकती है। इस पहल के अंत में हमास को निरस्त्र कर दिया जाएगा। आईडीएफ नियंत्रण क्षेत्रों में रहेगा और किसी भी खतरे के विरुद्ध कार्रवाई करेगा।"
- 5 Oct 2025 4:25 PM IST
बूथ लूटने वाले निष्पक्ष मतदान की बात न करें, नितिन नबीन ने तेजस्वी पर साधा निशाना
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने तेजस्वी यादव के फेयर इलेक्शन कराने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि राजद के काल में निष्पक्ष और स्वच्छ मतदान नहीं होता था। बूथ लूटने वाले निष्पक्ष और स्वच्छ मतदान की बात नहीं करें। मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त टी एन शेषन के समय से ही स्वच्छ मतदान शुरू हुआ। लालू यादव के समय में तो बिहार में बूथ लूट लिए जाते थे, बैलेट बॉक्स उड़ा लिए जाते थे। अब फेयर इलेक्शन शुरू हो गया है, लेकिन राजद के समय नहीं होता था। बंदूक की नोंक पर जो बूथ लूटे जाते थे, उसे बिहार की जनता भूली नहीं है।
- 5 Oct 2025 4:15 PM IST
कैसे विनोद खन्ना ने विलेन की छवि को तोड़कर हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार का मुकाम किया हासिल
विनोद खन्ना हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा सितारों में से एक थे, जिनका सफर नेगेटिव रोल से हीरो बनने तक बेहद खास और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने न सिर्फ अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि एक अलग पहचान भी बनाई। विनोद खन्ना ने अपनी शुरुआत फिल्मों में खलनायक के रूप में की, लेकिन उनके लुक और दमदार अभिनय ने उन्हें जल्द ही हीरो का किरदार दिलवा दिया।
Created On :   5 Oct 2025 8:00 AM IST












