Breaking News: आज की बड़ी खबरें 07 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Jun 2025 12:19 AM IST
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के मदुरै पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के मदुरै पहुंचे। वे कल मदुरै में तमिलनाडु भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और पार्टी के राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
- 8 Jun 2025 12:07 AM IST
ओडिशा CM ने फूलबनी में 100 सीटों वाले सरकारी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने फूलबनी में 100 सीटों वाले सरकारी मेडिकल कॉलेज और 650 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग भी मौजूद थे।
- 8 Jun 2025 12:00 AM IST
सीएम सिद्धारमैया ने बेंगलुरु भगदड़ में मारे गए के लिए घोषित मुआवजा बढ़ाई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए घोषित मुआवजे को बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का आदेश दिया है। इससे पहले सरकार ने प्रत्येक को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की थी।
- 7 Jun 2025 11:30 PM IST
'महाराष्ट्र चुनाव में मैच फिक्सिंग' वाले बयान पर एनडीए नेताओं ने राहुल गांधी को घेरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के महाराष्ट्र चुनाव में मैच फिक्सिंग की बात कहने और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने पर एनडीए के नेता उन पर हमलावर हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "राहुल गांधी बिल्कुल भी गंभीर नेता नहीं हैं। महाराष्ट्र चुनाव को बहुत दिन हो चुके हैं। इस मुद्दे को वह अब उठा रहे हैं। जिस राज्य में उसी मशीन से वह चुनाव जीतते हैं, तो उन्हें सही लगता है। अगर वोटिंग पैटर्न गलत है, तो वह कैसे चुनाव जीतते हैं। उन्हें सभी संवैधानिक संस्थाएं गलत दिखाई पड़ती हैं। अगर उन्हें संस्थाओं का मुखिया बना दिया जाए, तो सब ठीक हो जाएगा।"
- 7 Jun 2025 11:09 PM IST
सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आईआईएम इंदौर करेगा मैनेजमेंट प्लानिंग
उज्जैन में 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) इंदौर प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा, ट्रैफिक कंट्रोल और क्राउड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए आईआईएम इंदौर ने 5-ई फ्रेमवर्क पर आधारित एक विशेष स्टडी शुरू की है।
- 7 Jun 2025 10:33 PM IST
सीएम रेखा गुप्ता ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह में एक जनसभा को संबोधित किया
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं में बेटी बढ़ाओं भी जोड़ा है। बेटी को इतना बड़ा आसमान दो, जहां वह अपने पंख फैलाकर इस देश और समाज को दिशा दे सके। मैं भी प्रधानमंत्री मोदी की उसी सोच का उदाहरण हूं। भाजपा एकमात्र पार्टी है जिसने संगठन में महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया और सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण पास किया।"
- 7 Jun 2025 10:26 PM IST
बहराइच जिले के महसी क्षेत्र के एक गांव में आज वन विभाग ने एक मादा भेड़िये को पकड़ा
उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के महसी क्षेत्र के एक गांव में आज वन विभाग ने एक मादा भेड़िये को पकड़ा।
- 7 Jun 2025 9:34 PM IST
प्लास्टिक बैग और थर्मोकोल उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगी
मध्य प्रदेश के कटनी के लमतारा औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक बैग और थर्मोकोल उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगी। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं और आग बुझाने का काम जारी है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
- 7 Jun 2025 9:17 PM IST
कांग्रेस नेता उदित राज ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र चुनाव 2024 में धांधली का आरोप लगाया है, जिसका समर्थन कांग्रेस नेता उदित राज ने किया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने (ECI) ने फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े और हटाए जाने के बारे में कोई जवाब नहीं दिया है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी तथ्य के साथ बातचीत करते हैं। चुनाव आयोग ने समझौता किया। फर्जी वोट डाले गए, जिसका जवाब चुनाव आयोग नहीं दे पाया है। महाराष्ट्र की सरकार बेईमानों की सरकार है। इस चुनाव में ईवीएम में घोटाला हुआ है।
- 7 Jun 2025 7:24 PM IST
राहुल गांधी को अगर लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है, तो उनकी सरकारों को इस्तीफा दे देना चाहिए- सम्राट चौधरी
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में मैच फिक्सिंग का आरोप दोहराया, जिस पर सियासत तेज हो गई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है, तो जिन राज्यों में उनकी सरकार है, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
Created On :   7 Jun 2025 8:00 AM IST