Breaking News: आज की बड़ी खबरें 08 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Jun 2025 3:47 PM IST
यूएस की ईरानियों के प्रति गहरी शत्रुता
ईरान ने अमेरिका के नए यात्रा प्रतिबंध की कड़ी निंदा की। आपको बता दें यूएस ने ईरान सहित कई देशों के नागरिकों की यात्रा पर प्रतिबंधित लगा दिया है। यूएस के इस कदम को ईरानियों के प्रति गहरी शत्रुता का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
- 8 Jun 2025 3:37 PM IST
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 लड़ने की तैयारी में मनीष कश्यप
मनीष कश्यप ने ये साफ कर दिया है कि वो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 लड़ेंगे। यूट्यूबर्स ने कहा कि 'मुझे कहां से चुनाव लड़ना चाहिए, किस पार्टी से लड़ना चाहिए या अकेले लड़ना चाहिए, ये आप लोग बताइएगा। मैं स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आवाज उठाउंगा भाई, बुरा मत मानिएगा। मैं यहां बिहार के लोगों की जान बचाने के लिए खड़ा हूं। अब जो जान मारने (जान लेने) के तरफ खड़े रहेंगे, वही मेरा विरोध करेंगे।
- 8 Jun 2025 3:11 PM IST
कोलंबिया के राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे पर फायरिंग
कोलंबिया के सेंट्रो डेमोक्रेटिको कंजर्वेटिव पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे पर चुनाव प्रचार के दौरान फायरिंग हुई, जिसमें तीन गोलियां उनको लगीष बताया जा रहा है कि एक गोली उनके सिर पर लगी। राष्ट्रपति उम्मीदवार को गंभीर घायल अवस्था में आनन फानन में ही उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
- 8 Jun 2025 2:41 PM IST
इजराइली सेना ने गाजा शहर में हमलों में फिलीस्तीनी मुजाहिदीन आंदोलन के दो सदस्यों को किया ढेर
इजराइली सेना ने गाजा शहर में हमलों में फिलीस्तीनी मुजाहिदीन आंदोलन के कम से कम दो वरिष्ठ सदस्यों को मार गिराया है, जिसमें एक कमांडर भी शामिल है, जिस पर 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए घातक हमले में शामिल होने का आरोप है।
- 8 Jun 2025 2:20 PM IST
कांग्रेस पार्टी झूठ और छल का खजाना है चंद्रशेखर बावनकुले
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से महाराष्ट्र चुनाव में 'मैच फिक्सिंग' का आरोप लगाने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ और छल का खजाना है। महाराष्ट्र में साल 2024 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी के मैच फिक्सिंग वाले आरोपों के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस ने 12 जून को मशाल यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस पर चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, " राहुल गांधी एक बार फिर वे जनता के बीच झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन महाराष्ट्र की जनता अब समझ गई है कि राहुल गांधी और उनके समर्थकों का उद्देश्य केवल चुनाव के दौरान वोट हासिल करने के लिए गुमराह करना है। हमारे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी को उत्तर दे दिया है। मेरा मानना है कि यह जवाब पर्याप्त है।"
- 8 Jun 2025 2:12 PM IST
प्यार कभी नहीं बदलता, इसी बात का सबूत है 'कम फॉल इन लव- द डीडीएलजे म्यूजिकल' रानी मुखर्जी
मशहूर एक्ट्रेस रानी मुखर्जी हाल ही में 'कम फॉल इन लव- द डीडीएलजे म्यूजिकल' के प्रीमियर में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत की और बताया कि इसमें प्यार और रिश्तों की कहानी बेहद खास है, जिसके चलते इसे लोग आज भी काफी पसंद कर रहे हैं। इस म्यूजिकल का निर्देशन उनके पति आदित्य चोपड़ा ने किया है। रानी मुखर्जी ने आईएएनएस को बताया कि इस म्यूजिकल की कहानी इतनी खास इसलिए है क्योंकि इसमें प्यार की ताकत को बेहतरीन अंदाज में दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि चाहे दुनिया कितनी भी बदल जाए, प्यार हमेशा एक जैसा रहता है। यही बात इस म्यूजिकल में बहुत खूबसूरती से दिखाई गई है।
- 8 Jun 2025 1:41 PM IST
भारतीय तटरक्षक बल की नई जेट्टी, तटीय सुरक्षा होगी और सशक्त
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के महानिदेशक परमेश शिवमणि ने केरल के विझिनजाम बंदरगाह पर एक नई समर्पित जेट्टी का उद्घाटन किया। 76.7 मीटर लंबा यह अत्याधुनिक बर्थ भारतीय तटरक्षक बल जहाजों की त्वरित तैनाती और वापसी सुनिश्चित करेगा।
- 8 Jun 2025 1:27 PM IST
सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन
सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किए बाबा केदारनाथ के दर्शन सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्तराखंड में केदारनाथ धाम पहुंचे। सेनाध्यक्ष ने यहां बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। भारतीय सेना के प्रमुख, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने यहां मंदिर में बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना भी की।
- 8 Jun 2025 1:15 PM IST
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने विधायक गोपीनाथ के निधन पर जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हैदराबाद के जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र के विधायक मगंती गोपीनाथ के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष ने कहा कि गोपीनाथ के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा। उन्होंने याद किया कि गोपीनाथ ने टीडीपी से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और कई पदों पर कुशलतापूर्वक कार्य किया। उन्होंने कहा, "मैं गोपीनाथ के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।"
- 8 Jun 2025 1:06 PM IST
बिहार चुनाव से पहले मनीष कश्यप ने भाजपा छोड़ी, कहा- 'मैं अब भाजपा में नहीं हूं'
बिहार में इस साल होने वाले चुनाव से पहले ही मशहूर यू-ट्यूबर मनीष कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने फेसबुक लाइव पर आकर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि "मैं अब भाजपा में नहीं हूं।" मनीष कश्यप ने पिछले साल अप्रैल में भाजपा की सदस्यता ली थी। मनीष कश्यप ने फेसबुक लाइव आकर इसकी घोषणा करते हुए कहा, "मैं अपने गांव चनपटिया गया था, कई क्षेत्रों में गया, वहां पर लोगों से बात की है, उसके बाद मैंने यह निर्णय लिया है। मुझे बिहार के लिए लड़ना है, बिहारियों के लिए लड़ना है, यहां की समस्याओं के लिए लड़ना है।"
Created On :   8 Jun 2025 8:00 AM IST