Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 Nov 2025 11:18 AM IST
मुंबई से कोलकाता जा रहे स्पाइसजेट विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई से कोलकाता जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान को इंजन में खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एयरलाइन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
- 10 Nov 2025 11:02 AM IST
श्रीनगर पुलिस ने अनंतनाग के पूर्व डॉक्टर आदिल अहमद को किया था गिरफ्तार
8 नवंबर को श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अनंतनाग के पूर्व डॉक्टर आदिल अहमद के लॉकर से एके-47 राइफल बरामद की थी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कड़ी पूछताछ शुरू की थी.
- 10 Nov 2025 10:57 AM IST
मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती और कतर के प्रधानमंत्री व विदेशमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने बातचीत की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति योजना के तहत गाजा पट्टी और इजरायल के बीच युद्ध विराम के बाद गाजा में शुरुआती पुनर्निर्माण और राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिशें जारी हैं। इस बीचगाजा पट्टी में युद्धविराम को मजबूत करने और स्थायी शांति की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती और कतर के प्रधानमंत्री व विदेशमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने बातचीत की।
- 10 Nov 2025 10:36 AM IST
आतंकी साजिश का पर्दाफाश ,भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बहुत बड़े आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो दिनों पहले गिरफ्तार किए गए डॉक्टर आदिल अहमद की निशानदेही पर हरियाणा के फरीदाबाद से 300 किलोग्राम आरडीएक्स, एक एके-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है।
- 10 Nov 2025 10:17 AM IST
गोवा में विदेशी जोड़े के साथ ऑटोवालों ने किया बुरा बर्ताव, पुलिस ने लगाया जुर्माना
गोवा में छुट्टियां मनाने आया एक जर्मन ट्रैवलर आजकल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। उसका नाम है एलेक्स वेल्डर। वो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पटनेम बीच घूमने गया था, लेकिन वहां उसके साथ जो हुआ, उसने उसकी पूरी ट्रिप का मजा किरकिरा कर दिया।
- 10 Nov 2025 10:04 AM IST
उत्तर प्रदेश बलिया में पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियार थाना क्षेत्र के घोघाचट्टी-बड़ागांव मार्ग पर रविवार देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक हत्या का आरोपी घायल हो गया।
- 10 Nov 2025 9:39 AM IST
राजनाथ सिंह आज 16 डीपीएसयू की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा करेंगे, आरएंडडी निवेश दोगुना करने की योजना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को नई दिल्ली में 16 रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (डीपीएसयू) की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा करेंगे। राजनाथ सिंह ने इससे पहले 2025 को 'सुधारों का वर्ष' घोषित किया था, जिसमें रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (डीपीएसयू) द्वारा नई तकनीक के विकास के महत्व और निर्यात एवं स्वदेशीकरण को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया था। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए, उन्होंने रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (डीपीएसयू) से अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) के लिए अपने निवेश और जनशक्ति को बढ़ाने का आह्वान किया था।
- 10 Nov 2025 9:31 AM IST
शटडाउन के 40वें दिन पूरे, अमेरिका में 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द
अमेरिकी सरकार का शटडाउन 40वें दिन पहुंच चुका है। इसके कारण देश भर में 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और 8,000 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। यह आंकड़े उड़ानें ट्रैक करने वाली वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के अनुसार हैं। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शुक्रवार से अमेरिका के विमानन विभाग द्वारा उड़ानों में कटौती की नीति लागू की गई। इसके बाद उड़ानें रद्द होने की संख्या तेजी से बढ़ी है। गुरुवार को जहां 202 उड़ानें रद्द हुई थीं, वहीं शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 1,025 हो गई और शनिवार को 1,566 उड़ानें रद्द करनी पड़ी।
- 10 Nov 2025 9:17 AM IST
केंद्रीय मंत्री अमित शाह दिल्ली में 'सहकारिता कुंभ 2025' का उद्घाटन करेंगे
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को शहरी सहकारी ऋण क्षेत्र पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'सहकारी कुंभ' (कॉपकुंभ 2025) का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा।
- 10 Nov 2025 9:14 AM IST
दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर रेखा गुप्ता समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अर्पित की श्रद्धाजंलि
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “अद्वितीय संगठन शिल्पी और विलक्षण कर्मयोगी दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से उन्होंने भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, स्वदेशी जागरण मंच, समरसता मंच, ग्राम पंचायत संगठन और अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद जैसे अनगिनत राष्ट्रव्यापी संगठनों की आधारशिला रखी। ये सभी संगठन आज भी राष्ट्र निर्माण के स्तंभ बने हुए हैं। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें यह शिक्षा देता है कि संगठित शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी और प्रगति का मूल मंत्र है।“
Created On :   10 Nov 2025 8:00 AM IST












