Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 11 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
11 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 11 July 2025 9:51 AM IST

    सावन की शुरुआत उज्जैन, ओंकारेश्वर, मेरठ और देवघर में उमड़े शिव भक्त

    सावन मास के पहले दिन देशभर के शिव मंदिरों में भक्ति का उत्साह चरम पर है। उज्जैन, खंडवा और देवघर में लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े हैं। मंदिरों में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

  • 11 July 2025 9:40 AM IST

    अमेरिका टेक्सास में विनाशकारी बाढ़ के कारण अब तक 120 की मौत, 170 से अधिक लोग लापता

    अमेरिका के टेक्सास में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद पूरा राज्य शोक में डूबा है। इस प्राकृतिक आपदा में तकरीबन 120 लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ से हुई तबाही इतनी व्यापक है कि राहत कार्य में समय लग रहा है। इस दौरान मृतकों की संख्या में और इजाफा होने की आशंका है, क्योंकि 170 से अधिक लोग अभी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि सैकड़ों मील तक फैले मलबे के बीच नदियों के किनारों पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

  • 11 July 2025 9:26 AM IST

    सावन के पहले दिन काशी, हरिद्वार और प्रयागराज में उमड़े श्रद्धालु

    पवित्र सावन महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर के प्रमुख तीर्थस्थलों पर 'बम-बम भोले' के जयकारे गूंज रहे हैं। भगवान शिव को समर्पित यह महीना श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर वाराणसी, हरिद्वार और प्रयागराज जैसे तीर्थस्थलों पर शुक्रवार की सुबह भक्ति, सेवा और समर्पण के अद्वितीय उदाहरण के रूप में देखी गई। हजारों शिव भक्त मंदिरों में भगवान की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के लिए कतारों में खड़े हुए।

  • 11 July 2025 9:25 AM IST

    अमरनाथ यात्रा आठ दिनों में 1.45 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

    अमरनाथ यात्रा के शुरू होने के बाद से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले आठ दिनों में 1.45 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा की है। इसके अलावा, शुक्रवार को जम्मू से 6,482 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ है।

  • 11 July 2025 9:09 AM IST

    कनाडा पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे ट्रंप, वजह बताकर धमकी भी दी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि 1 अगस्त से कनाडा से होने वाले सभी आयातों पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने इसे कनाडा की ओर से फेंटानिल ड्रग की सप्लाई कम करने में नाकामी का नतीजा बताया है। ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नाम लिखे पत्र में कहा कि अगर कनाडा जवाबी कार्रवाई करता है, तो टैरिफ में और वृद्धि हो सकती है। पत्र को उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया है।

  • 11 July 2025 8:59 AM IST

    जन सुरक्षा बिल से महाराष्ट्र में अर्बन नक्सल, माओवादी गतिविधियों पर लगेगा अंकुश- सचिन अहीर

    महाराष्ट्र में जन सुरक्षा विधेयक ध्वनिमत से राज्य विधानसभा में पारित हुआ। इस विधेयक में राज्य की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और संविधान विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रावधान है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता सचिन अहीर ने गुरुवार को कहा कि यह बिल जन सुरक्षा की दृष्टिकोण से लाया गया है। इससे अर्बन नक्सल और माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।

  • 11 July 2025 8:43 AM IST

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार विशेषज्ञ पर अमेरिकी प्रतिबंध अस्वीकार्य- यूएन प्रवक्ता

    संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार विशेषज्ञ के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंध को अस्वीकार्य बताया। दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों पर प्रतिबंध लगाना खतरनाक है। यह बयान फ्रांसेस्का अल्बानीज पर अमेरिकी प्रतिबंधों के जवाब में आया। अल्बानीज फिलिस्तीन में यूएन की विशेष रिपोर्टर (प्रतिवेदक) के तौर पर काम करती हैं।

  • 11 July 2025 8:18 AM IST

    सपा राज में थानों की नीलामी होती थी, अपराध चरम पर था- भूपेंद्र चौधरी

    उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने गुरुवार को उन्नाव के निराला नगर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद पर विपक्ष को घेरा।

  • 11 July 2025 8:13 AM IST

    लालू यादव ने बिहार को 'चरवाहा विद्यालय' में बदल दिया था- गिरिराज सिंह

    बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई हैं और राजनेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधा।

  • 11 July 2025 8:08 AM IST

    पीएम बिहार दौरे पर प्रदेश को कई सौगात देते हैं दिलीप जायसवाल

    बिहार में होने वाले चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राज्य के दौरे पर आने वाले हैं। वह 18 जुलाई को मोतिहारी के गांधी नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह बिहार को कई सौगात देंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि पीएम मोदी जब भी बिहार दौरे पर आते हैं, सौगात देते हैं।

Created On :   11 July 2025 8:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story