Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 July 2025 10:09 PM IST
बालासोर छात्रा के आत्मदाह के प्रयास के बाद एफएम कॉलेज के प्रिंसिपल निलंबित, एचओडी गिरफ्तार
ओडिशा के बालासोर में स्थित फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय से बड़ी खबर सामने आई है, जहां छात्रा ने विभागाध्यक्ष (एचओडी) पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्मदाह का प्रयास किया। सौम्यश्री बिसी ने कॉलेज के गेट के सामने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली, जो इंटीग्रेटेड बीएड के सेकंड ईयर की छात्रा हैं। झुलसी छात्रा को बालासोर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में उसे भुवनेश्वर एम्स भेज दिया गया। इस मामले में कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष और विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने समीर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
- 12 July 2025 9:47 PM IST
देश की पूरी न्याय व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा होनी चाहिए प्रवीण खंडेलवाल
चीफ जस्टिस बीआर गवई ने देश की न्यायिक व्यवस्था को लेकर इस बात पर जोर दिया है कि भारत की न्यायिक व्यवस्था में सुधार की सख्त जरूरत है। सीजेआई के इस बयान पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ कानून के जानकारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। सीजेआई के इस बयान पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि जब देश के मुख्य न्यायाधीश ऐसा कुछ कहते हैं, तो इसका बहुत महत्व होता है।
- 12 July 2025 9:35 PM IST
जम्मू और राजकोट में चयनित उम्मीदवारों को दिए गए नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उन परिवारों को खुशियां मनाने का मौका दिया है, जिनके घर में युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र मिले। पीएम मोदी ने एक साथ 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा है। पीएम ने इस दौरान नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवक-युवतियों को शुभकामनाएं भी दी।
- 12 July 2025 9:24 PM IST
भारत की आत्मा पर धर्मांतरण का हमला, 'चुनावी हिंदू जनेऊधारी' चुप - केशव प्रसाद मौर्या
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को तीखे शब्दों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कथित धर्मनिरपेक्ष ताकतों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा को मुस्लिम धर्मांतरण के नापाक हथकंडों से लगातार छलनी करने का षड्यंत्र किया जा रहा है, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि जिन्हें खुद को 'हिंदू' कहलाने का शौक सिर्फ चुनावी मौसम में चढ़ता है, उनकी ज़ुबान पर आज भी तुष्टिकरण की राष्ट्रविरोधी परत चढ़ी हुई है।
- 12 July 2025 8:52 PM IST
कटरा पुलिस ने अवैध रूप से भारत में घुसे बांग्लादेशी नागरिक को किया गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के कटरा पुलिस स्टेशन ने अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नियमित निगरानी के दौरान की गई, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चल रही थी।
- 12 July 2025 8:42 PM IST
नोएडा दुष्कर्म और धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे
नोएडा पुलिस ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक लड़की को नौकरी दिलाने के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके बेहोश हो जाने पर उसके साथ दुष्कर्म किया था और फिर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस आरोपी पर नोएडा, दिल्ली और हैदराबाद में आईटी एक्ट, धोखाधड़ी और दुष्कर्म का मामला दर्ज है।
- 12 July 2025 8:22 PM IST
स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में आरोपी बिभव कुमार को कोर्ट से राहत, विदेश जाने की मिली इजाजत
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए रहे बिभव कुमार को बड़ी राहत मिली। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने 'आप' सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट करने के मामले में आरोपी बिभव कुमार को विदेश जाने की इजाजत दे दी है।
- 12 July 2025 8:02 PM IST
नवी मुंबई एयरपोर्ट से सितंबर से वाणिज्यिक उड़ानें हो सकती है शुरू
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के कामों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 94 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और यहां से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करने के लिए 30 सितंबर का लक्ष्य रखा गया है। फडणवीस ने कहा कि यह देश का सबसे आधुनिक और पूर्णतः सुसज्जित हवाई अड्डा होगा। यहां के प्राधिकारियों को सामान प्राप्ति प्रणाली को विश्व में सबसे तेज बनाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और वन मंत्री गणेश नाइक के साथ दिन में एनएमआईए परियोजना का निरीक्षण किया था।
- 12 July 2025 7:53 PM IST
बिहार की कानून-व्यवस्था पर चिराग पासवान ने उठाए सवाल, जीतनराम मांझी ने कसा तंज
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर पिछले कई दिनों से सियासी गर्मी बढ़ी हुई है। इस बीच, विपक्ष के साथ ही बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को जब कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए, तो एनडीए के सहयोगी दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने 'गुड़ खाए, गुड़अम्मे से परहेज' कहावत के जरिए तंज कसा।
- 12 July 2025 7:37 PM IST
ऋषभ पंत को रन आउट करते समय बेन स्टोक्स ने अद्भुत सूझबूझ दिखाई रवि शास्त्री
भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने लॉर्ड्स में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच में तीसरे दिन लंच से ठीक पहले ऋषभ पंत को जिस तरह विपक्षी टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने रन आउट किया, उसकी सराहना की।
Created On :   12 July 2025 8:00 AM IST