Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 Oct 2025 6:29 PM IST
उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर हुआ प्रशासनिक फेरबदल, 44 अधिकारियों का हुआ तबादला
उत्तराखंड सरकार ने दीपावली से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 44 अधिकारियों का तबादला किया है। इसमें 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), 11 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस), तीन सचिवालय सेवा और एक भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी शामिल हैं। इस तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं।
- 12 Oct 2025 6:01 PM IST
मोजाम्बिक की प्रधानमंत्री और आइसलैंड की राष्ट्रपति पेइचिंग पहुंचीं
मोजाम्बिक की प्रधानमंत्री मारिया बेनविंडा डेल्फिना लेवी और आइसलैंड की राष्ट्रपति हल्ला टॉमसडॉटिर 11 अक्टूबर को चीन की राजधानी पेइचिंग पहुंचीं। वे पेइचिंग में आयोजित होने वाले वैश्विक महिला शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी। बता दें कि चीन और मोजाम्बिक की महिलाओं के बीच पारंपरिक मित्रता है। गत 70 के दशक में अखिल-चीन महिला संघ ने मोजाम्बिक महिला संगठन को बड़ी मदद दी। वर्ष 1995 में आयोजित पेइचिंग विश्व महिला सम्मेलन ने मोजाम्बिक में महिलाओं के कार्य को बढ़ावा दिया। उसके बाद वर्ष 2019 में उष्णकटिबंधीय चक्रवात इडाई ने मोजाम्बिक में दस्तक दी, जिससे भारी क्षति हुई।
- 12 Oct 2025 5:52 PM IST
भारत बनाम वेस्टइंडीज क्रीज पर जमे कैंपबेल और होप, पारी की हार से बचने के लिए वेस्टइंडीज को 97 रन की जरूरत
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में तीसरे दिन के खेल की समाप्ति के समय वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 173 रन बना लिए थे। वेस्टइंडीज को पारी की हार से बचने के लिए अब भी 97 रन की जरूरत है। पहली पारी में बेहद निराशाजनक बल्लेबाजी करने वाली वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में संघर्ष का माद्दा दिखाया है और भारतीय गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया है। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने 35 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इस समय ऐसा लग रहा था कि टीम पहली पारी की तरह ही सस्ते में सिमट जाएगी। लेकिन सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शाई होप ने अर्धशतकीय पारियों से टीम की जुझारू क्षमता दिखाई। दोनों अब तक 138 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
- 12 Oct 2025 5:40 PM IST
किसानों ने सीएम मोहन यादव को भावांतर राशि की घोषणा पर दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर राशि की घोषणा के बाद रविवार को उज्जैन में किसानों ने सीएम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान किसानों ने कृषि उपज मंडी प्रांगण से एक ऐतिहासिक 'धन्यवाद ट्रैक्टर रैली' निकाली, जिसमें लगभग तीन हजार ट्रैक्टर शामिल हुए। मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील और दूरदर्शी निर्णय ने प्रदेशभर के कृषक वर्ग में नई ऊर्जा का संचार किया है। किसानों ने इस घोषणा को न केवल अपने आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया, बल्कि इसे प्रदेश सरकार की किसान कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक भी कहा।
- 12 Oct 2025 5:30 PM IST
2025 की शुरूआत से चीन में एक्सप्रेस डिलीवरी की मात्रा 150 अरब से अधिक पहुंची
चीनी राज्य डाक ब्यूरो के अनुसार, पेइचिंग समयानुसार 11 अक्टूबर तक, वर्ष 2025 में पूरे चीन में एक्सप्रेस डिलीवरी की कुल मात्रा 150 अरब से अधिक पहुंची है, जो वर्ष 2024 के 150 अरब के लक्ष्य से 37 दिन पहले है। चीन का एक्सप्रेस डिलीवरी बाजार लगातार बढ़ रहा है। चीन में एक्सप्रेस डिलीवरी उद्योग में बुद्धिमानी और विविध विकास को बढ़ाया जा रहा है, जो ऑनलाइन उपभोग को बढ़ाने में प्रभावी रूप से सहायता कर रहा है। वर्ष 2025 की शुरुआत से, चीन ने मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों में शहर-स्तरीय वितरण केंद्रों, काउंटी-स्तरीय वितरण केंद्रों और टाउनशिप सेवा स्टेशनों के मानकीकरण निर्माण में तेजी लाकर अपनी एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा क्षमताओं को व्यापक रूप से बढ़ाया है।
- 12 Oct 2025 5:20 PM IST
'अंतिम सांस तक प्रधानमंत्री मोदी के साथ रहूंगा', सीट शेयरिंग पर बोले जीतन राम मांझी
बिहार विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर अभी भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। पटना में शुरू एनडीए और इंडिया महागठबंधन की बैठकें अब दिल्ली में शिफ्ट हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक सीट शेयरिंग को लेकर घोषणा नहीं हो सकी है। इस बीच, सहयोगी दलों की नाराजगी को लेकर चर्चा खूब हुई। एनडीए में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सीटों को लेकर नाराजगी की बात सामने आई थी। इस बीच मांझी दिल्ली से पटना लौट रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि बिहार में बहार होगी, नीतीश संग मोदी की सरकार होगी। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर नाराजगी की चर्चा पर विराम लगाते हुए लिखा, "अभी मैं पटना निकल रहा हूं। वैसे एक बात बता दूं, मैंने पहले भी कहा था और आज फिर से कह रहा हूं, मैं जीतन राम मांझी अपने अंतिम सांस तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहूंगा। बिहार में बहार होगी, नीतीश संग मोदी की सरकार होगी।
- 12 Oct 2025 5:01 PM IST
दीपावली स्पेशल साल में 9 दिन ही खुलता है हसनंबा मंदिर, 1 वर्ष पहले चढ़ाए फूल मिलते हैं ताजा
भारत के अलग-अलग राज्यों में कई ऐसे छोटे-बड़े मंदिर हैं, जो अपनी दिव्य मान्यताओं के लिए जाने जाते हैं। कर्नाटक में ऐसा ही एक मंदिर है, जो सिर्फ साल में 9 दिन ही खुलता है और यहां जाकर भक्त लिखित में अपनी मनोकामना रखते हैं। कर्नाटक के हासन जिले में हसनंबा मंदिर है, जिसकी मान्यता पूरे देश में है। इस मंदिर को भगवान शिव और मां पार्वती के कई रूपों से जोड़ा गया है। कहा जाता है कि राक्षस अंधकासुर को अदृश्य होने का वरदान था। असुर को ये वरदान ब्रह्मा जी की घोर तपस्या के बाद मिला था। अदृश्य होने की वजह से असुर ने उत्पाद मचाना शुरू कर दिया। उसने संतों और ब्राह्मणों को अपना निशाना बनाया। ऐसे में असुर का अंत करने के लिए भगवान शिव ने अपनी शक्तियों से योगेश्वरी को बुलाया, जिन्होंने असुर का नाश किया।
- 12 Oct 2025 4:46 PM IST
सपा नेता आजम खान को मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा, जमानत के बाद पुलिस प्रशासन का बड़ा फैसला
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। लंबे समय तक कानूनी उलझनों और जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुए आजम खान की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उनके घर पर लगातार मिलने वालों की भीड़ को देखते हुए यह फैसला किया गया है। आजम खान को पहले भी वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने के साथ ही सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा को कुछ समय के लिए बहाल किया गया था, लेकिन सीतापुर जेल में बंद होने के दौरान उनकी सुरक्षा फिर से हटा दी गई थी।
- 12 Oct 2025 4:04 PM IST
बंगाल: गैंगरेप पीड़िता से मिलने आईं भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी को पुलिस ने रोका
बंगाल: गैंगरेप पीड़िता से मिलने आईं भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी को पुलिस ने रोका
- 12 Oct 2025 3:45 PM IST
PM मोदी को मिस्र के राष्ट्रपति ने गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिया निमंत्रण
PM मोदी को मिस्र के राष्ट्रपति ने गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिया निमंत्रण
Created On :   12 Oct 2025 8:00 AM IST












