Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 13 Jun 2025 8:15 PM IST
चंडीगढ़ में भाजपा नेताओं ने गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी को भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि दी
चंडीगढ़ में भाजपा नेताओं ने गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी को भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि दी। पूर्व सीएम का कल अहमदाबाद में हुए #AirIndiaFlightCrash में निधन हो गया था।
- 13 Jun 2025 7:14 PM IST
भारतीय सेना के 'फॉरएवर इन ऑपरेशन्स डिवीजन' ने टोलोलिंग टॉप पर एक अभियान का नेतृत्व किया
कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर, भारतीय सेना के 'फॉरएवर इन ऑपरेशन्स डिवीजन' ने टोलोलिंग टॉप पर एक अभियान का नेतृत्व किया - जहां ऑपरेशन विजय के बहादुर भारतीय सैनिकों ने 1999 के भारत-पाक युद्ध में चोटी को पुनः प्राप्त किया था। भारतीय वायु सेना ने भी इस प्रयास को अपना समर्थन दिया और अभियान के लिए अधिकारियों और वायुसैनिकों को मैदान में उतारा।
- 13 Jun 2025 6:38 PM IST
शूटिंग विश्व कप सुरुचि 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में पहुंचीं, मनु चूकीं
सुरुचि इंदर सिंह ने शुक्रवार को यहां अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग खेल महासंघ (आईएसएसएफ) शूटिंग विश्व कप (राइफल/पिस्टल) में 10 मीटर एयर पिस्टल महिलाओं के फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि पेरिस ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर कट बनाने से चूक गईं। सुरुचि ने 20 इनर 10 के साथ 588 अंक बनाए और क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहीं, चीन की याओ कियानक्सुन के बाद, जिन्होंने 589 - 21x के क्वालीफिकेशन विश्व रिकॉर्ड जूनियर के साथ क्वालीफिकेशन चार्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया।
- 13 Jun 2025 6:21 PM IST
टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल को हुआ लिवर सिरोसिस, ट्रांसप्लांट करने की आई नौबत
बिग बॉस ओटीटी 3 की विनर और टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल पिछले कई दिनों से बीमार चल रही हैं। कुछ वक्त पहले एक्ट्रेस ने अस्पताल से अपनी एक फोटो शेयर की थी। जिसमें वो काफी मायूस नजर आई थी। वहीं अब जानकारी मिल रही है कि सना मकबूल एक गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। एक्ट्रेस को लिवर सिरोसिस हुआ है।
- 13 Jun 2025 6:10 PM IST
अहमदाबाद विमान हादसा विजय रूपाणी के निधन से नितिन पटेल दुखी, पूर्व सीएम को दी श्रद्धांजलि
गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी है। रूपाणी के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके साथ सरकार में रहे नितिन पटेल शुक्रवार को उनके आवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। नितिन पटेल ने कहा कि विजय रूपाणी का अहमदाबाद में दुखद निधन हुआ है। यह समाचार सुनने के बाद उनके समर्थकों और बीजेपी के कार्यकर्ताओं को बड़ा दुख हुआ। विजय रूपाणी हमारे ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिनके साथ उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का मुझे मौका मिला।
- 13 Jun 2025 6:00 PM IST
एयर इंडिया हादसा शत्रुघ्न सिन्हा ने जताया दुख, बोले- ‘यह जांच का विषय’
तृणमूल कांग्रेस सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एयर इंडिया विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने इसे 'आपदा' करार देते हुए देश को झकझोर देने वाला बताया। सिन्हा ने इस हादसे की गहन जांच की मांग की और जांच का विषय बताया। मीडिया से बातचीत में सिन्हा ने कहा, “यह साल का सबसे चौंकाने वाला विमान हादसा है। मैं अवाक हूं। इससे न केवल बड़ी क्षति हुई, बल्कि सुरक्षा नियमों पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए। यह आश्चर्य की बात है कि इतना मजबूत विमान इस तरह से नीचे गिर गया, यह जांच का विषय है।”
- 13 Jun 2025 5:55 PM IST
साइबर अपराध पर सीबीआई का शिकंजा, कई राज्यों में छापेमारी
देशभर में साइबर आधारित वित्तीय अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन 'चक्र-वी' के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली, हिसार, लखनऊ, मुंबई, पुणे और नासिक समेत कुल 10 स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई एक संगठित साइबर निवेश धोखाधड़ी के मामले में की गई। इस दौरान सीबीआई ने मुंबई के कल्याण निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो धोखाधड़ी में सक्रिय रूप से शामिल था। वह साइबर अपराधियों को पहले से सक्रिय सिम कार्ड और ‘म्यूल’ बैंक खातों की आपूर्ति करता था, जिससे इन अवैध गतिविधियों को अंजाम देना संभव हो सका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य बरामद हुए हैं।
- 13 Jun 2025 5:51 PM IST
‘मिस्टर बजाज’ और ‘मिहिर वीरानी’ का किरदार करियर का टर्निंग पॉइंट रोनित रॉय
अभिनेता रोनित रॉय ने अपने करियर के दो सबसे अहम किरदारों ‘कसौटी जिंदगी की’ के ‘मिस्टर बजाज’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के ‘मिहिर वीरानी’ को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा और करियर का आधार बताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि इन किरदारों ने उन्हें न सिर्फ पहचान दिलाई, बल्कि एक अभिनेता और इंसान के रूप में भी तराशा।
- 13 Jun 2025 5:42 PM IST
अहमदाबाद विमान दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण, सीएम फडणवीस घटना पर बनाए हुए हैं नजर एकनाथ शिंदे
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुई भीषण विमान दुर्घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस त्रासदी ने पूरे देश में शोक की लहर पैदा कर दी है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार प्रभावितों को हरसंभव मदद मुहैया कराएगी। एकनाथ शिंदे ने इस त्रासदी को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह एक अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस विमान दुर्घटना में बहुत बड़ी संख्या में यात्रियों की मृत्यु हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह स्वयं स्थिति की गंभीरता से समीक्षा कर रहे हैं। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी देहांत हो गया है। महाराष्ट्र के कुछ यात्रियों की भी इस दुर्घटना में मृत्यु हुई है। शव इतनी बुरी तरह से जल चुके हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। डीएनए टेस्ट और फॉरेंसिक जांच का कार्य चल रहा है।
Created On :   13 Jun 2025 8:00 AM IST