Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 14 Oct 2025 1:00 AM IST
राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने मिस्र के राष्ट्रपति सिसी से की मुलाकात
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह का सोमवार को शर्म अल शेख में आयोजित गाजा शांति शिखर सम्मेलन में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने स्वागत किया।
- 14 Oct 2025 12:45 AM IST
उज्बेकिस्तान किकबॉक्सिंग विश्व कप 2025 में भारत का उत्कृष्ट प्रदर्शन
भारत की प्रियंका ठाकुर ने उज्बेकिस्तान किकबॉक्सिंग विश्व कप 2025 के फाइनल में उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी को 3-0 से हराकर सीनियर लो किक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। मनप्रीत कौर ने फुल कॉन्टैक्ट में कांस्य पदक जीता। पंजाब के जालंधर के पीएपी में दोनों खिलाड़ी पंजाब पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। टीम का मार्गदर्शन इंस्पेक्टर खेम चंद और अंकुश घारू ने किया।
- 14 Oct 2025 12:18 AM IST
'विकसित भारत' का निर्माण प्रतिभाशाली स्कूली छात्रों के कंधों पर होगा धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में विकसित भारत बिल्डथॉन (वीबीबी) 2025 का उद्घाटन किया। उद्घाटन सत्र के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने छात्रों से बातचीत की और देश भर के स्कूलों और भाग लेने वाले छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए सराहना की।
- 13 Oct 2025 11:51 PM IST
अफगान विदेश मंत्री ने भारतीय उद्योग जगत को किया आश्वस्त, आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए माहौल अनुकूल
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने सोमवार को अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी और उनके साथ भारत आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ एक बैठक का आयोजन किया।
- 13 Oct 2025 11:19 PM IST
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले 'इंडिया' ब्लॉक के दो बागी विधायक भाजपा में शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को इंडिया ब्लॉक के दो बागी नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया। ये दोनों नेता पिछले विधानसभा चुनाव में क्रमशः राजद और कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने हाल ही में कैमूर जिले की मोहनिया विधानसभा सीट से इस्तीफा देने वाली संगीता कुमारी और पटना जिले की बिक्रम विधानसभा सीट से दो बार कांग्रेस विधायक रहे सिद्धार्थ सौरव का पार्टी में औपचारिक स्वागत किया।
- 13 Oct 2025 10:45 PM IST
कन्नड़ अभिनेता राजू तालिकोटे का निधन, डीके शिवकुमार ने जताया दुख
लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता और रंगमंच कलाकार राजू तालिकोटे (59) का सोमवार को कर्नाटक के उडुपी जिले में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। धारवाड़ रंगायन के निदेशक राजू तालीकोटे ने रंगमंच और फिल्मों में ख्याति अर्जित की थी। तालीकोट के परिवार में दो पत्नियां, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उनके बेटे भरत ने बताया कि राजू तालीकोट को पहले भी दिल का दौरा पड़ा था और उनका इलाज किया गया था। हालांकि, इस बार उन्हें फिर से दिल का दौरा पड़ा और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
- 13 Oct 2025 10:20 PM IST
सीबीआई अदालत ने अंकित चौहान हत्याकांड में दो आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में हुए चर्चित अंकित चौहान हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। सीबीआई की विशेष अदालत, नई दिल्ली ने सोमवार को इस मामले में दो आरोपियों, शशांक जादौन और मनोज कुमार, को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही शशांक जादौन पर 70,000 रुपए और मनोज कुमार पर 50,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
- 13 Oct 2025 9:58 PM IST
विपक्ष के बड़े नेता चुनाव अधिकारियों से करेंगे मुलाकात, चुनाव प्रारूप मतदाता सूची पर सुझाव देने अवधि बढ़ी
महाराष्ट्र की राजनीति में मंगलवार का दिन बड़ा महत्वपूर्ण होने जा रहा है। आगामी स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के नेता राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार, शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे और मुंबई कांग्रेस वर्षा गायकवाड़ समेत विपक्ष के कई नेता मुख्य चुनाव अधिकारी एस चोकलिंगम और राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे से मुलाकात करेंगे। सूत्रों का कहना है कि सभी नेता दोनों चुनाव अधिकारियों से चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची में गड़बड़ी, और मुंबई महानगरपालिका सहित अन्य स्थानीय निकायों के चुनाव कार्यक्रम को लेकर चर्चा करेंगे। चुनाव से पहले विपक्ष के नेताओं की एकजुटता ने सत्तारूढ़ दलों पर दवाब डालने का काम शुरू किया है। खबर है कि चुनाव अधिकारियों से मुलाकात के बाद विपक्ष के इन नेताओं की साझा प्रेस कांफ्रेंस भी होगी।
- 13 Oct 2025 9:39 PM IST
गुना अनाथ हुई मासूम का सहारा बने सिंधिया, भविष्य संवारने का बीड़ा उठाया
मध्य प्रदेश के गुना में हुए हादसे में दो साल की मासूम ने अपने माता-पिता को खो दिया है। इस घटना के बाद, सांसद और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मासूम का भविष्य संवारने के लिए हाथ बढ़ाया है।
- 13 Oct 2025 9:19 PM IST
पूर्वोत्तर मानसून से निपटने के लिए मदुरै में मॉक ड्रिल, तैयारियों का लिया जायजा
मदुरै में आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर मानसून से निपटने की तैयारी को लेकर एक आपदा बचाव मॉडल ड्रिल और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग और अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग की ओर से तेप्पाकुलम (मंदिर तालाब) में किया गया।
Created On :   13 Oct 2025 8:03 AM IST












