Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 13 Oct 2025 9:19 AM IST
इजरायली बंधकों की रिहाई से पहले बोले पीएम नेतन्याहू- 'अभियान अभी खत्म नहीं हुआ'
इजरायल और हमास के बीच बंधकों और कैदियों की अदला-बदली होगी। इजरायली समयानुसार बंधकों की रिहाई सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि देश का सैन्य अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है।
- 13 Oct 2025 9:05 AM IST
गाजा में मानवीय सहायता बढ़ाने का काम जारी है संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता व्यवस्था गाजा पट्टी में तेजी से बढ़ाई जा रही है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने बताया कि मार्च के बाद पहली बार रसोई गैस गाजा में पहुंची है। ओसीएचए ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि रविवार को दिन भर विस्थापित परिवारों के लिए और अधिक टेंट, जमे हुए मांस, ताज़ा फल, आटा और दवाइयाँ गाजा पहुंचीं। संयुक्त राष्ट्र और उसके सहयोगी संगठनों ने उत्तर और दक्षिण दोनों इलाकों में लाखों लोगों को गर्म भोजन और ब्रेड के पैकेट बांटे।
- 13 Oct 2025 8:48 AM IST
2027 में उत्तर प्रदेश से होगा भाजपा का सफाया- शिवपाल सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव रविवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश से साफ होने जा रही है। - 13 Oct 2025 8:26 AM IST
गाजा शांति शिखर सम्मेलन में जाने से पहले ट्रंप ने की घोषणा- 'युद्ध समाप्त हो गया है'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि “अब युद्ध खत्म हो गया है।” इसके बाद वे मिस्र रवाना हुए, जहां सोमवार को गाज़ा में शांति प्रक्रिया पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है। यह सम्मेलन दो साल से जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
- 13 Oct 2025 8:15 AM IST
सीट बंटवारे पर बोले उपेंद्र कुशवाहा, 'कुछ आने वाला समय बताएगा'
बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी है। उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रिय मित्रों/साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पाई। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों-लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा, परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे।
- 13 Oct 2025 8:05 AM IST
कर्नाटक प्रियांक खड़गे के पत्र पर भाजपा का पलटवार, मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी की मांग
कर्नाटक भाजपा के प्रदेश महासचिव पी. राजीव ने मुख्यमंत्री से संविधान विरोधी पत्र लिखने के लिए प्रियांक खड़गे को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रियांक खड़गे यह साबित करें कि किस तरह का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि देश की एकता और संविधान की मंशा के विरुद्ध नकारात्मक विचार फैलाए जा रहे हैं। उन्हें यह साबित करना चाहिए कि क्या नकारात्मक विचार फैलाए गए हैं। उन्होंने मांग की कि उनको तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।
Created On :   13 Oct 2025 8:03 AM IST