Breaking News: आज की बड़ी खबरें 15 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटी खास बातें। जानिए भरोसेमंद की बड़ी खबरें।
Live Updates
- 16 Sept 2025 1:00 AM IST
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने किया पंजाब दौरा, कही ये बात
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के अपने दौरे पर कहा, "बाढ़ उतरने के बाद जो स्थिति है, कई परिवारों के मकान टूट गए हैं। करीब 4 लाख एकड़ फसल बर्बाद हुई है। पानी भरा है फसल दब गई और वहां से बदबू उठने लग गई है। स्थिति को संभालने की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के बीच जो लड़ाई है उसके कारण पंजाब को नुकसान हो रहा है।"
- 16 Sept 2025 12:24 AM IST
इंदौर में हुए दर्दनाक ट्रक हादसे को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की आई प्रतिक्रिया
मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। घायलों का इलाज हमारी प्राथमिकता है। जिन लोगों का भी नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। मैंने पुलिस कमिश्नर और राजस्व कमिश्नर से बात की है कि इसे छोटी घटना न समझें। ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। अपराधी को सजा जरूर मिलेगी। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है, कुल 13 घायल हैं जिनमें 3-4 लोगों की हालत गंभीर है। सबका इलाज किया जा रहा है।"
- 15 Sept 2025 11:51 PM IST
हिमाचल प्रदेश कुल्लू में 30 सितंबर तक एडवेंचर गतिविधियां स्थगित, अधिसूचना जारी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बाढ़ के बाद पर्यटन स्थलों पर एडवेंचर गतिविधियां असुरक्षित घोषित कर दी गई हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर 30 सितंबर तक सभी एडवेंचर गतिविधियों को स्थगित करने का आदेश दिया है।
- 15 Sept 2025 11:22 PM IST
बिहार परसरमा-अररिया 2-लेन अपग्रेडेशन के लिए 1547 करोड़ रुपए की मंजूरी
बिहार में विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। एनएच-327ई पर परसरमा-अररिया 2-लेन अपग्रेडेशन को 1547.55 करोड़ की मंजूरी मिल गई। यह परियोजना सुपौल, पिपरा, त्रिवेणीगंज, रानीगंज जैसे घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों के लिए बाईपास के साथ बनाई जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी दी।
- 15 Sept 2025 10:49 PM IST
इंदौर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 2 की मौत, कई घायल
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक ने कई लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
- 15 Sept 2025 10:08 PM IST
वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात पाकर खुश हुए छात्र, कहा- पीएम मोदी कर रहे हैं बिहार का विकास
पीएम मोदी सोमवार को बिहार दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई।
- 15 Sept 2025 9:24 PM IST
सेट पर दिखी हिना और स्वरा की क्रेजी केमिस्ट्री, फनी एक्सप्रेशन्स ने लूटी महफिल
टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री हीना खान इन दिनों शो 'पति पत्नी और पंगा' में धमाल मचा रही हैं। उन्होंने सोमवार को अपनी और स्वरा की फनी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। हिना ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह और स्वरा भास्कर पति-पत्नी और पंगा के सेट पर नजर आ रही हैं। वहीं, तस्वीर में दोनों अजीबों-गरीब एक्सप्रेशन दिए खड़ी हैं।
- 15 Sept 2025 8:43 PM IST
बिहार में जाड़े से पहले प्रवासी पक्षियों का आगमन
बिहार में इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। जाड़े के आगमन से पहले बिहार के विभिन्न हिस्सों में कई प्रवासी पक्षियों का देखा जाना शुभ संकेत माना जा रहा है। बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के तहत कार्यरत इंडियन बर्ड कंजरवेशन नेटवर्क के बिहार राज्य कोऑर्डिनेटर एवं पटना राष्ट्रीय डॉल्फिन शोध केंद्र के अंतरिम निदेशक डॉ. गोपाल शर्मा ने सोमवार को बताया कि इस बार प्रवासी पक्षियों का समय से पहले आना सर्दियों में कड़ी ठंड पड़ने की संभावना को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रवासी पक्षियों के आने की शुरुआत इस बात के भी संकेत हैं कि इनकी संख्या में भी इजाफा होगा
- 15 Sept 2025 8:17 PM IST
अनन्या पांडे ने मालदीव ट्रिप से शेयर किया वीडियो
अभिनेत्री अनन्या पांडे इन दिनों मालदीव में छुट्टियां मना रही हैं। इसकी तस्वीरें वे लगातार अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करती रहती हैं। यहां पर उन्होंने एक नए क्षेत्र में हाथ आजमाया है, ये है व्लॉगिंग। इसका एक वीडियो उन्होंने इंस्टा पर शेयर किया है। अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अनन्या ने अपना पहला व्लॉगिंग वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "व्लॉग बनाने की मेरी पहली कोशिश, लेकिन मालदीव में मैंने अब तक का सबसे अच्छा समय बिताया।"
- 15 Sept 2025 7:58 PM IST
झारखंड में सुरक्षा उपकरणों की खरीदारी में गड़बड़ी पर लीपापोती कर रही सरकार- भाजपा
झारखंड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा उपकरणों की खरीद में हुए भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रही है।
Created On :   15 Sept 2025 8:01 AM IST












