Breaking News: आज की बड़ी खबरें 18 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 18 July 2025 9:41 PM IST
'भाजपा के लिए काम कर रही एजेंसी', तहसीन पूनावाला का ईडी पर तंज
कांग्रेस नेता तहसीन पूनावाला ने शुक्रवार को केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि ईडी का नाम बदलकर 'बीडी' (बजरंग दल) कर देना चाहिए, क्योंकि उनके मुताबिक, ईडी और इसके अधिकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम कर रहे हैं।
- 18 July 2025 9:34 PM IST
सरकार गटर से मैला निकालने के लिए 100 करोड़ की रोबोटिक मशीनरी खरीदेगी
महाराष्ट्र समेत पूरे देश में गटर और नालों से हाथ से मैला साफ करने पर प्रतिबंध है, लेकिन बावजूद इसके राज्य में साल 2021 से लेकर 2024 तक परभणी, सातारा, ठाणे और पुणे में 18 लोगों की मौत हुई है। हालांकि पिछले पांच वर्षों में मुंबई में हाथ से मैला साफ करने के मामले में कोई मौत नहीं हुई है। शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने एक प्रश्न के जवाब में सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि हाथ से मैला साफ करना एक गंभीर मामला है। इसको लेकर राज्य की सभी नगरपालिकाओं और महानगरपालिकाओं से रिपोर्ट मांगी गई है। शिरसाट ने कहा कि राज्य सरकार ने मैला साफ करने के लिए 100 करोड़ रुपए रोबोटिक मशीने खरीदने के लिए जारी किए गए हैं। जिससे शहरों के बड़े गटर और नाले साफ किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में 3 महीने का समय लगेगा। शिरसाट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने मैला साफ करने के दौरान होने वाली मौत के बदले में मुआवजे की राशि को 30 लाख तक बढ़ाने का ऐलान किया है।
- 18 July 2025 9:17 PM IST
टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित करना भारत की कूटनीतिक सफलता सुधांशु त्रिवेदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने राजस्थान के जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अमेरिका ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित कर प्रतिबंध लगा दिया।
- 18 July 2025 9:02 PM IST
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 6 नक्सली ढेर, सीएम विष्णु देव साय बोले- नक्सलमुक्त प्रदेश बनाने का संकल्प मजबूत
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। माओवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में अब तक 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।
- 18 July 2025 8:28 PM IST
बिहार चुनाव एसआईआर में 94.68 प्रतिशत मतदाता हुए शामिल, 7 दिन शेष
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए सिर्फ 7 दिन बचे हैं। राज्य में अब तक 94.68 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं। अब सिर्फ 41,10,213 या 5.2 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त होने शेष हैं।
- 18 July 2025 8:12 PM IST
तीन साल से फरार एक हजार करोड़ के अवैध खनन घोटाले के आरोपी दाहू यादव की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
झारखंड में करीब एक हजार करोड़ रुपये के अवैध पत्थर खनन घोटाले के सबसे बड़े आरोपी और साहिबगंज के शोभनपुर भट्ठा गांव निवासी राजेश यादव उर्फ दाहू यादव को रांची पीएमएलए स्पेशल कोर्ट ने शुक्रवार को अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया।
- 18 July 2025 7:58 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी का बिहार दौरा 'खाली पोटली' के अलावा कुछ नहीं मनोज झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 7200 करोड़ रुपए की योजनाओं की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को राजद के राज्यसभा सांसद व प्रवक्ता मनोज झा ने भावविहीन, दर्शनविहीन, भ्रम की स्थिति पैदा करने वाला और खाली पोटली वाला बताया।
- 18 July 2025 7:40 PM IST
झारखंड-बंगाल ‘एलिफेंट कॉरिडोर’ बना हाथियों के लिए मौत का गलियारा, 45 दिन में 7 की मौत
झारखंड के कोल्हान प्रमंडल से लेकर बंगाल तक फोले 'एलिफेंट कॉरिडोर' में गजराज खतरे में हैं। बीते 45 दिनों में महज 100 किलोमीटर के दायरे में सात हाथियों की मौत हो चुकी है। किसी की करंट, किसी की ट्रेन से कुचलकर तो किसी की जान बारूदी सुरंग ने ले ली। जंगल हाथियों के लिए मौत का गलियारा बनते जा रहे हैं। ताजा घटना 17-18 जुलाई 2025 की दरमियानी रात की है। झारखंड के घाटशिला अनुमंडल से सटे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में बांसतोला स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आकर तीन हाथियों की मौत हो गई।
- 18 July 2025 7:04 PM IST
सरकार ने वैश्विक अनिश्चितता के दौर में भी नागरिकों को सस्ती और निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित की हरदीप पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कोविड-19 महामारी और वैश्विक भू-राजनीतिक संघर्ष जैसी चुनौतियों के बीच भारत न केवल बाधाओं से प्रभावी ढंग से निपट रहा है, बल्कि ऊर्जा विकास में एक ग्लोबल लीडर के रूप में भी उभरा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद, कच्चे तेल की खपत में वैश्विक वृद्धि में भारत का योगदान 16 प्रतिशत रहा है और अगले तीन दशकों में इस वृद्धि में 25 प्रतिशत योगदान देने का अनुमान है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने वैश्विक अनिश्चितता के दौर में भी नागरिकों को सस्ती और निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित की है।
- 18 July 2025 5:21 PM IST
लोकतांत्रिक व्यवस्था को हाईजैक करने की कोशिश में जुटा विपक्ष - मुख्तार अब्बास नकवी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष की तरफ से चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने को लेकर तीखा हमला बोला। नकवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में विपक्ष को "सामंती सियासत के सत्तालोलुप सुल्तानों की फ्रेंचाइजी" करार दिया और कहा कि ये लोग रणबांकुरों से ज्यादा "रणछोड़ बहादुर" बन रहे हैं।
Created On :   18 July 2025 8:13 AM IST