Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 21 April 2025 12:41 AM IST
NDA की सरकार बनेगी- केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, "नीतीश कुमार पिछले 20 सालों से भाजपा के साथ हैं। 20 वर्षों का यह साथ दिल का साथ है और आगे निरंतर रहने का साथ है। जनता ने मन बना लिया है कि 2025 में बिहार के आम चुनावों में भारी बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।"
- 21 April 2025 12:34 AM IST
एनडीए अलग होने पर बोले आरएलजेपी नेता पशुपति पारस
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) को एनडीए से अलग हुए कुछ दिन बीत चुके हैं। इस बीच आरएलजेपी प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने एनडीए से अलग होने पर कहा कि जब लोकसभा चुनाव में एनडीए की ओर से उनके पांच सांसदों का टिकट काटा गया तो उन्हें बहुत बुरा लगा था।
रविवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हम साल 2014 में एनडीए गठबंधन में बड़े भाई राम विलास पासवान के साथ शामिल हुए थे। देश में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला था। हम लोग बिना किसी स्वार्थ के एनडीए से जुड़े। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी के पांच सांसदों का टिकट काट दिया गया। जब इस बात की जानकारी मुझे मिली तो बहुत बुरा लगा था। हमारी पार्टी का पूरे देश में संगठन है। देशभर से फोन आने लगे। मैंने कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। मैंने हमेशा आदर्श के रूप में पीएम मोदी को नेता माना है और आज भी मानता हूं। यही वजह है कि हम लोगों ने लोकसभा चुनाव में एनडीए के साथ रहने का ऐलान किया। हम लोगों ने एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार-प्रसार किया।
- 20 April 2025 11:51 PM IST
वक्फ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल ने रखा अपना पक्ष
वक्फ (संशोधन) अधिनियम पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल ने रविवार को अपना पक्ष रखा। उन्होंने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर कानून को लेकर भ्रम फैलाने और इसे सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब कोई सुधारात्मक कदम उठाया जाता है, विपक्ष उसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश करता है।
वक्फ अधिनियम में संशोधन को लेकर देशभर में मचे राजनीतिक शोर-शराबे के बीच केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल रविवार को उदयपुर पहुंचे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत आयोजित वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत यह दौरा किया। मेघवाल ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया और अधिनियम से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की।
- 20 April 2025 11:26 PM IST
सभी स्कूलों में कल (21 अप्रैल) एक दिन के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी- जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इटू का ट्वीट
जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इटू ने ट्वीट किया, "लगातार खराब मौसम की स्थिति और पूर्वानुमान के मद्देनजर, यह निर्णय लिया गया है कि घाटी के सभी स्कूलों में कल (21 अप्रैल) एक दिन के लिए कक्षाएं स्थगित रहेंगी। यह निर्णय सभी छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है।"
- 20 April 2025 10:54 PM IST
कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या
बेंगलुरु सिटी पुलिस ने बताया है कि कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या कर दी गई है। 1981 बैच के IPS अधिकारी की बेंगलुरु के HSR लेआउट में हत्या की गई है। घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांच जारी है। उनके तीन मंजिला घर के ग्राउंड फ्लोर पर खून से शव लथपथ मिला। पूर्व डीजीपी की पत्नी पल्लवी ने घटना की जानकारी सबसे पहले पुलिस को दी।
इस पूरे मामले पर बेंगलुरु के एडिशनल CP विकास कुमार ने कहा, "आज दोपहर करीब 4-4:30 बजे हमें हमारे पूर्व DGP व IGP ओम प्रकाश की मौत की सूचना मिली। उनके बेटे से संपर्क किया गया है और वह घटना के खिलाफ शिकायत दे रहे हैं, और उसके आधार पर FIR दर्ज की जाएगी। मामला दर्ज होने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल, कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एडिशनल CP विकास कुमार ने आगे कहा- शुरुआती जांच से पता चलता है कि मामला आंतरिक हो सकता है। ऐसा लगता है कि किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इतना खून बह गया कि मौत हो गई।
- 20 April 2025 10:51 PM IST
9 विकेटों से जीती MI
क्रिकेट के 'El Clasico' कहे जाने वाले मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 9 विकेटों से शानदार जीत हासिल की। रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रनों का टारगेट खड़ा किया था। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 26 गेंद और 9 विकेट रहते ही जीत अपने नाम कर ली। टीम की इस धमाकेदार जीत में हिटमैन का बड़ा योगदान रहा। मौजूदा सीजन में पहली बार उनका बल्ला गरजा और उन्होंने नाबाद रहकर 76 रनों की विस्फोटक पारी खेल जीत टीम की झोली में डाल दी। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स से पिछले मैच में मिली हार का बदला भी चुकता किया।
- 20 April 2025 10:25 PM IST
हिटमैन ने ठोका अर्धशतक
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2025 के 38वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 50 रनों का आंकड़ा 33 गेंदों में पार किया। जानकारी के लिए बता दें, यह हिटमैन का 44वां आईपीएल अर्धशतक, टी20 में 79वां, मुंबई इंडियंस के लिए 37वां और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 8वां अर्धशतक है।
- 20 April 2025 9:57 PM IST
पॉवर प्ले में MI को मिली धमाकेदार शुरुआत
आईपीएल 2025 के 38वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के दिए 177 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। मुंबई इंडियंस की पारी का पॉवर प्ले समाप्त हो चुका है। इस वक्त तक टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 62 रन बना लिए हैं।
- 20 April 2025 9:15 PM IST
MI के सामने 177 रनों का टारगेट
आईपीएल 2025 के 38वें मुकाबले में इतिहास की दो सबसे सफलतम टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने हैं। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले जा रहे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेटों के नुकसान पर 176 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस के सामने 177 रनों का टारगेट दिया है। बता दें, पहली पारी के आखिरी ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
- 20 April 2025 8:04 PM IST
रामबन जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते तीन की मौत
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जमकर भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। जिसके चलते जिले में भूस्खलन भी देखने को मिली है। कई इमारत और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन के चलते रास्ते भी ब्लॉक हुए हैं। इसके अलावा जिले में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई लोगों सुरक्षित जगह पर भी पहुंचाया गया है। जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर कुमार चौधरी रामबन पहुंचे हैं। जहां उन्होंने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डिप्टी कमिश्नर बसीर-उल-हक चौधरी के मुताबिक, भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हो गई है।
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा, "सिर्फ रामबन ही नहीं, हम रामबन पहुंचे हैं लेकिन बनिहाल में भी यही स्थिति है, रियासी में भी कई इलाके हैं जो इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। रामबन, बनिहाल के विधायक मेरे साथ हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी उनसे बात की। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार बहुत गंभीर है, इस दुख की घड़ी में हम उनके साथ है। जो भी नुकसान हुआ है, सरकार पूरी मदद करेगी। बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं लेकिन प्रशासन पूरी मदद कर रहा है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि तीन लोगों की मौत हो गई है। मैंने DC से फंसे हुए लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था करने को कहा है।"
Created On :   20 April 2025 8:00 AM IST