Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 20 July 2025 8:53 AM IST
दिल्ली जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'संडे ऑन साइकिल' रैली का आयोजन, युवाओं ने बताया सराहनीय कदम
'फिट इंडिया' मूवमेंट के तहत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 'संडे ऑन साइकिल' रैली निकाली गई। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों समेत युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 'संडे ऑन साइकिल' रैली में मशहूर साइकिलिस्ट एसो एल्बेन, मयूरी लुते और शशिकला आगाशे भी शामिल हुए।
- 20 July 2025 8:44 AM IST
डब्ल्यूसीएल 2025 इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच मुकाबला रद्द
इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 (डब्ल्यूसीएल) का बहुप्रतीक्षित मुकाबला रद्द हो गया है। यह मैच रविवार को भारतीय समय के अनुसार रात 9 बजे से एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना था, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने इस मुकाबले में खेलने से साफ इनकार कर दिया।
- 20 July 2025 8:20 AM IST
राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 91 आईपीएस अफसरों के तबादले
राजस्थान में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखा गया। प्रदेश में 91 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की गई। सूची में 2002 बैच के आईपीएस अफसर राजेश मीणा को महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज से हटाकर जोधपुर रेंज का कमान सौंपा गया है। वहीं, 2003 बैच के हिंगलाजदान को महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर से हटाकर महानिरीक्षक पुलिस, राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- 20 July 2025 8:14 AM IST
हमारा लक्ष्य जमशेदपुर को स्वच्छता की रैंकिंग में नंबर एक पर लाना है- नगर आयुक्त कृष्ण कुमार
झारखंड के जमशेदपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण सूची में देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने पूरे देश में प्रथम स्थान पर आने की बात दोहराई। जमशेदपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान प्राप्त होने की खुशी में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने आतिशबाजी भी की।
- 20 July 2025 8:05 AM IST
उद्धव ठाकरे का न तो ब्रांड बचा और न ही शिवसेना- गिरीश महाजन
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को ठाकरे ब्रदर्स पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर कहा कि क्या अब भी कुछ खत्म होने को बचा है, जिस ब्रांड और शिवसेना की आप बात कर रहे हैं, वो अब आपका नहीं रहा। यह ब्रांड उसी वक्त खत्म हो गया था, जिस वक्त आप हमें छोड़कर कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गए।
Created On :   20 July 2025 8:00 AM IST