Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 July 2025 11:13 AM IST
सेंसेक्स में 9 अंक की मामूली तेजी
मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (21 जुलाई 2025, सोमवार) सपाट स्तर पर खुला। इस दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 9.08 अंक यानि कि 0.01 प्रतिशत बढ़कर 81,766.81 के स्तर पर खुला।
- 21 July 2025 11:00 AM IST
ताइवान ने किया चीनी विमान और पांच नौसैनिक जहाजों की घुसपैठ का दावा
ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने सोमवार सुबह करीब छह बजे चीन के एक लड़ाकू विमान और पांच नौसैनिक जहाजों को ताइवान के समुद्री क्षेत्र में देखने का दावा किया है। लड़ाकू विमान ने ताइवान स्ट्रेट की मध्य रेखा को पार करते हुए ताइवान के नॉर्थ एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (एडीआईजेड) में प्रवेश किया, जिसके बाद ताइवान की सेना ने कार्रवाई की। एमएनडी ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "सोमवार सुबह 6 बजे तक ताइवान के आसपास संचालित पीएलए के एक लड़ाकू विमान और पांच पीएलएएन जहाजों का पता चला। हमने स्थिति पर नजर रखते हुए कार्रवाई की है।"
- 21 July 2025 10:55 AM IST
2006 मुंबई ट्रेन ब्लास्ट केस सबूतों के अभाव में बॉम्बे हाईकोर्ट ने 12 आरोपियों को किया बरी
वर्ष 2006 में मुंबई की लोकल ट्रेनों में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को फैसला सुनाया है। इस मामले में 12 आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। कोर्ट की ओर से इन्हें जेल से रिहा करने का आदेश दिया गया है। कोर्ट ने विशेष टाडा न्यायालय की ओर से दोषी ठहराए गए सभी 12 आरोपियों को बरी कर दिया है। इनमें से 5 को मृत्युदंड और 7 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों को निर्दोष करार देते हुए उन्हें तुरंत जेल से रिहा करने का आदेश दिया है।
- 21 July 2025 10:41 AM IST
पप्पू यादव को नहीं लगता 'एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगी चुनाव'
पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन यादव उर्फ पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा दावा किया है। उनके अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए के तहत आगामी बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। सोमवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान सांसद पप्पू यादव ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी गई सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में हो रही घटनाएं और बिगड़ती कानून व्यवस्था नीतीश कुमार की विश्वसनीयता और व्यक्तित्व को नुकसान पहुंचाने की भाजपा की निरंतर कोशिश का हिस्सा हैं। एक तरफ उपेंद्र कुशवाहा और दूसरी तरफ चिराग पासवान, दोनों ओर से सवाल किए जा रहे हैं।
- 21 July 2025 10:30 AM IST
मानसून सत्र से पहले मायावती की अपील, 'सरकार और विपक्ष मिलकर जनहित और देशहित के मुद्दों पर करें चर्चा'
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने संसद के मानसून सत्र शुरू होने से पहले अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर देश और जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा की अपील की है। उन्होंने सरकार और विपक्ष से पार्टी हितों से ऊपर उठकर देशहित और जनहित के लिए एकजुट होने का आग्रह किया और कहा कि संसद का यह सत्र महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, आंतरिक और सीमा सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर ठोस नीतियां बनाने का अवसर होना चाहिए।
- 21 July 2025 10:21 AM IST
अजयगढ में मेधावी छात्र सम्मेलन के साथ नगर कार्यकारिणी का हुआ गठन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं ०9 जुलाई स्थापना दिवस के अवसर पर नगर में मेधावी छात्र सम्मेलन आयोजित करते हुए नगर कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.डी. बौद्ध के द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। संगठन के नगर मंत्री अंकित तिवारी द्वारा बताया गया कि अभाविप एक छात्र संगठन होने के बावजूद शिक्षा, समाज एवं देशहित में भी कई कार्य किए हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे। नगर कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए दीपक को नगर अध्यक्ष, अंकित तिवारी को नगर मंत्री, सहमंत्री शुभम पाण्डे, आयुष तिवारी, अनुराग सोनी, सुमित मिश्रा, महेन्द्र यादव के साथ महाविद्यालय के छात्र अध्यक्ष अंकित गुप्ता, आशीष, नवीन, सोनू, दिनेश, अभय प्रताप, महेन्द्र, धीरेंद्र, अंकित, पुरुषोत्तम ने संगठन के नए पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के बाद सभी ने एक पेड मां के नाम के तहत पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख प्रमोद गंगेले, जिला विस्तारक ज्ञानेन्द्र के अलावा मॉडल स्कूल के प्राचार्य वीरेन्द्र मिश्रा, दीपक तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
- 21 July 2025 10:11 AM IST
सीआईएसएफ ने वर्ष २०२४-२५ में रिकार्ड पदक जीतकर रचा इतिहास
पन्ना। भारत सरकार की खेलो भारत नीति के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल देश में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और उनका समर्थन करने के लिए लगातार प्रयासरत है। वर्ष 2024-25 के दौरान सीआईएसएफ के एथलीटों ने 159 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया जो इतिहास में अब तक के सर्वाधिक पदक संख्या है। यह पदक अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय और अखिल भारतीय पुलिस खेल आयोजनों में शानदार प्रदर्शन का परिणाम हैं। हाल ही में अमेरिका के बर्मिंघम में संपन्न हुए विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल 2025 में सीआईएसएफ के एथलीटों ने रिकॉर्ड 66 पदक जीते हैं। जिससे राष्ट्रीय पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। सीआईएसएफ द्वारा अब तक का सबसे बड़ा खेल भर्ती अभियान भी शुरू किया है जिसके माध्यम से 433 होनहार खेल प्रतिभाओं की भर्ती की जानी है जिनमें 229 महिलाएं शामिल होंगी। यह चयन प्रक्रिया 7 जुलाई 2025 को शुरू हुई व 29 जुलाई 2025 तक देशभर के 14 चयन केंद्रों पर जारी रहेगी। इसके माध्यम से लॉन टेनिस, बैडमिंटन, कराटे, साइकिलिंग, तीरंदाजी, तलवारबाजी, कयाकिंग, रोइंग, वुशु, पेनकैक सिलाट जैसे खेलों में 13 नई टीमें बनाई जाएंगी। इस पहल को 12868 आवेदकों की भारी प्रतिक्रिया मिली है। इनमें 350 अंतर्राष्ट्रीय और 3968 राष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं। इस अभियान ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों सहित देश के सभी कोनों से प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए प्रयासरत हैं। यह सीआईएसएफ के समावेशी दृष्टिकोण और जमीनी स्तर तक पहुँच पर केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है।
- 21 July 2025 10:03 AM IST
ट्रेंड को चुनौती नहीं देता, डायरेक्टर के विजन को ध्यान में रख संगीत बनाता हूं मिथुन
संगीतकार मिथुन ने हालिया रिलीज फिल्म 'सैयारा' के गाने 'धुन' में संगीत दिया है, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मौजूदा ट्रेंड को चुनौती देने के लिए संगीत नहीं बनाते, बल्कि वह डायरेक्टर के विजन के लिए संगीत बनाते हैं। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मिथुन ने बताया, "एक गाना चाहे तेज हो, धीमा हो या किसी भी तरह का हो, मैं उसे किसी खास श्रेणी में नहीं बांधता। मैं कभी भी यह सोचकर कुछ अलग नहीं बनाता कि यह मौजूदा ट्रेंड से हटकर हो। मुझे डायरेक्टर के विजन से प्रेरणा मिलती है।"
- 21 July 2025 10:00 AM IST
मानसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अपील, 'सभी दल लोकतांत्रिक संवाद में दें सहयोग'
लोकसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों से खास अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट के जरिए उन्होंने सभी दलों से सदन को सुचारू रूप से चलाने और रचनात्मक चर्चा में सहयोग करने का आग्रह किया है।
- 21 July 2025 9:52 AM IST
बिहार विधानसभा का सत्र आज से शुरू, चुनाव से पहले सरकार का आखिरी सत्र
बिहार विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। यह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि आगामी चुनावों से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार का यह आखिरी सत्र होगा। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, इस सत्र में कुल पांच बैठकें होंगी। इस दौरान प्रश्नकाल, वित्तीय कार्य, गैर-सरकारी प्रस्ताव और अन्य महत्वपूर्ण विधेयक सहित प्रमुख विधायी कार्य किए जाएंगे।
Created On :   21 July 2025 8:04 AM IST