Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 July 2025 9:51 AM IST
कांग्रेस नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे को 83वें जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके 83वें जन्मदिन पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के बाहर पोस्टर और होर्डिंग्स लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वास्थ्य की कामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
- 21 July 2025 9:38 AM IST
दिल्ली हाई कोर्ट में 6 नए जज लेंगे शपथ, 40 हो जाएगी जजों की कुल संख्या
दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को छह नए जज शपथ लेंगे। इसके साथ ही दिल्ली हाई कोर्ट में जजों की कुल संख्या 40 हो जाएगी। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय नव नियुक्त जजों को शपथ दिलाएंगे। नव नियुक्त जजों के नाम जस्टिस वी. कामेश्वर राव, जस्टिस नितिन वासुदेव साम्ब्रे, जस्टिस विवेक चौधरी, जस्टिस अनिल क्षेत्रपाल, जस्टिस अरुण कुमार मोंगा और जस्टिस ओम प्रकाश शुक्ला हैं।
- 21 July 2025 9:28 AM IST
दिल्ली में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 21 से 23 जुलाई तक यातायात व्यवस्था में बदलाव
दिल्ली यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों के चलते 21 जुलाई (सोमवार) सुबह 8 बजे से 23 जुलाई (बुधवार) सुबह 8 बजे तक कुछ प्रमुख सड़कों पर यातायात बंद करने की घोषणा की है। इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
- 21 July 2025 9:12 AM IST
सीरिया के स्वैदा में संघर्षविराम पर मंडराया खतरा, बढ़ी सांप्रदायिक हिंसा
दक्षिणी सीरिया के स्वैदा इलाके में ड्रुज लड़ाकों और अंतरिम सरकार समर्थित बेदुइन ट्रायबल फोर्स के बीच भीषण झड़पें हुईं। कार्यकर्ताओं के अनुसार, इससे क्षेत्र में पहले से ही नाजुक संघर्षविराम और अधिक खतरे में पड़ गया है।
- 21 July 2025 9:05 AM IST
सुप्रीम कोर्ट में आज होगी फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ मामले में सुनवाई
राजस्थान के कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ से संबंधित याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। साल 2022 में हुए हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
- 21 July 2025 8:56 AM IST
अमरनाथ यात्रा 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
अमरनाथ यात्रा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 18 दिनों में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। 3 जुलाई से शुरू यात्रा 9 अगस्त को खत्म होगी। यात्रा में अभी 20 दिन बाकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तक 3.07 लाख तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन कर लिए थे।
- 21 July 2025 8:49 AM IST
संसद का मानसून सत्र आज से शुरू
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद को संबोधित करेंगे। यह मानसून सत्र 21 जुलाई से लेकर 21 अगस्त तक चलेगा। यह सत्र 32 दिन तक चलेगा। इस दौरान 21 बैठकें होंगी।
- 21 July 2025 8:26 AM IST
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में अनियमितताओं को उद्धव ने खारिज किया- परिणय फुके
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा नेता परिणय फुके ने कहा कि महाराष्ट्र में चुनाव के दौरान कुछ मतदान केंद्रों या कुछ मतदाता क्षेत्रों में अनियमितताओं की भी खबरें थीं, जिन्हें उद्धव ठाकरे ने खुद खारिज कर दिया है।
- 21 July 2025 8:11 AM IST
अधीर रंजन चौधरी ने बंगाली प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य और नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बंगाली प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न को लेकर पत्र लिखा। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य अधीर रंजन चौधरी ने पत्र लिखकर ओडिशा और महाराष्ट्र में बंगाली भाषी प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न, अपमान और शारीरिक यातना पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
- 21 July 2025 8:06 AM IST
संविधान की प्रति जेब में रखना और संवैधानिक पद पर हमला- गजेंद्र सिंह शेखावत
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तंज कसा है। शेखावत ने कहा कि संविधान की एक प्रति जेब में रखना और संवैधानिक पद पर हमला विरोधाभाषी है।
Created On :   21 July 2025 8:04 AM IST