Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

- 21 सितंबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताज़ा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 Sept 2025 4:00 PM IST
ऑपरेशन 'व्हाइट बॉल' सियासी पिच के धुरंधरों को उम्मीद, पाकिस्तान फिर होगा धराशायी
भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को एशिया कप 2025 में एक बार फिर हाई-वोल्टेज मैच खेला जाना है। टीम इंडिया ने बीते हफ्ते पाकिस्तान को सात विकेट से करारी शिकस्त दी थी। न सिर्फ खेल जगत, बल्कि सियासी पिच के धुरंधरों में भी इस मुकाबले को लेकर बेहद उत्साह देखा जा रहा है। राजनेताओं के मुताबिक भारत एक बार फिर पड़ोसी मुल्क को क्रिकेट के मैदान पर मुंहतोड़ जवाब देगा।
- 21 Sept 2025 3:50 PM IST
गिरिडीह में नाले में बहा दो साल का बच्चा, 18 घंटे बाद मिला शव, लोगों का फूटा गुस्सा
झारखंड के गिरिडीह शहर में एक दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की नाले में बह जाने से मौत हो गई। घटना के करीब 18 घंटे बाद रविवार दोपहर बच्चे का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों का गुस्सा नगर निगम और जिला प्रशासन पर फूट पड़ा। शनिवार शाम बारिश के दौरान बच्चा शहर में गांधी चौक स्थित घर के पास खेल रहा था तभी फिसलकर नाले में गिर पड़ा। नाले का बहाव इतना तेज था कि मासूम का तत्काल कुछ पता नहीं चल पाया।
- 21 Sept 2025 3:40 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी ने दीपावली पर जीएसटी रिफॉर्म का गिफ्ट दिया सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नशामुक्त भारत के लिए 'नमो युवा रन' का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के उपहार के रूप में हर देशवासी और प्रदेशवासी को जीएसटी रिफॉर्म का गिफ्ट दिया है। इससे जहां एक ओर जरूरी चीजें, छात्रों के लिए शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर, खाने की वस्तुओं में भारी छूट दी गई है, वहीं दूसरी ओर नशे और फिजूलखर्ची पर भारी टैक्स लगाया गया है।
- 21 Sept 2025 3:30 PM IST
देश में कट्टरपंथी सोच को बढ़ावा देने से होगा नुकसान मौलाना शहाबुद्दीन रजवी
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि देश पहले से ही कई तरह की कट्टरपंथी विचारधाराओं और आतंकवाद से जूझ रहा है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति या संगठन द्वारा समाज में नई कट्टरपंथी सोच को बढ़ावा देना नुकसानदायक होगा। मौलाना रजवी ने रविवार को कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा और उत्पात मचा रहे हैं। मणिपुर और असम जैसे राज्यों में उग्रवादी संगठन अलगाववादी मांगों को लेकर लगातार हमले कर रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में यदि कोई संगठन या समुदाय कट्टरपंथी विचारधारा को हवा देगा तो इससे देश की एकता और शांति को गहरी चोट पहुंचेगी।
- 21 Sept 2025 3:21 PM IST
'सिनेमा की रंगीन दुनिया में आपका स्वागत है', अहान पांडे को अनुपम खेर ने दी शुभकामनाएं
बॉलीवुड की दुनिया में हर साल नए चेहरे कदम रखते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं। ऐसा ही नाम है अहान पांडे का, जिन्होंने फिल्म 'सैयारा' से धमाकेदार एंट्री की। इस फिल्म को देखने के बाद दर्शकों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज तक, सभी ने उनके अभिनय की सराहना की। अब खुद दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने भी सोशल मीडिया के जरिए अहान पांडे को शुभकामनाएं दी हैं। अनुपम खेर ने अहान के साथ एक प्यारी सी सेल्फी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की, जिसमें दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ अनुपम खेर ने कैप्शन में लिखा, ''यहां कोई उम्र का अंतर नहीं! सिनेमा की इस रंगीन दुनिया में अहान का स्वागत है। इस रचनात्मक सफर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं! जय हो!''
- 21 Sept 2025 3:16 PM IST
युद्धाभ्यास के बाद सैन्य चिकित्सा में भारत-अमेरिका आए साथ
भारत और अमेरिका, सेना से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में एक-दूसरे के सहयोगी हैं। दोनों देशों की सेनाओं ने हाल ही में संयुक्त सैन्य अभ्यास भी किए हैं। अब सैन्य क्षेत्र में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए भारतीय सशस्त्र बलों की चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी, अमेरिकी सशस्त्र बलों की चिकित्सा सुविधाओं का अध्ययन करने अमेरिका पहुंचे हैं। अमेरिका यात्रा के दौरान विशेष रूप से मरीन मेडिसिन तथा एविएशन मेडिसिन पर चर्चा की गई। मरीन मेडिसिन समुद्र में तैनात नौसैनिकों के लिए होती है। वहीं, एविएशन मेडिसिन एयरफोर्स से लेकर अंतरिक्ष यात्रियों व ऐसे ही अन्य मिशनों में तैनात विशेषज्ञों के लिए मददगार साबित होती है।
- 21 Sept 2025 3:00 PM IST
जब तक पाकिस्तान आतंक फैलाता रहेगा, अच्छे संबंध संभव नहीं पवन बंसल
कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने पाकिस्तान की भारत विरोधी सोच को अच्छे रिश्तों में बाधा बताया। उन्होंने कहा कि हम हमेशा यही चाहते हैं कि संबंध होने चाहिए, लेकिन पाकिस्तान ने कभी भारत की भावनाओं का सम्मान नहीं किया है। कांग्रेस नेता पवन बंसल ने भारत और पाकिस्तान के संबंधों पर आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम हमेशा यही चाहते हैं कि संबंध होने चाहिए, लेकिन पाकिस्तान ने कभी भारत की भावनाओं का सम्मान नहीं किया या उसे समझा नहीं। उसने लगातार हमारे देश में आतंकवाद और अशांति को बढ़ावा दिया है, हिंसा और आतंक फैलाने की कोशिश की है। जब तक यह चलता रहेगा, अच्छे संबंध नहीं हो सकते। मैं वहां गया हूं और मैं यह कह सकता हूं कि बातचीत हुई है, दोनों तरफ के लोग शांति चाहते होंगे, लेकिन पाकिस्तान की सरकार और सिस्टम तैयार नहीं दिखते। उनका रवैया भारत विरोधी सोच से प्रेरित है। इसलिए अच्छे संबंध शायद कभी पूरी तरह से नहीं बन पाएंगे।"
- 21 Sept 2025 2:52 PM IST
जनता के पैसे से भर रहा 'आप' का राहत कोष सुनील जाखड़
भाजपा पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बाढ़ सहित कई मुद्दों पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ हर साल आ रही है लेकिन पंजाब सरकार कुछ नहीं कर रही है। भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर पंजाब में आई बाढ़ के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने वाले सोशल मीडिया पोस्ट की आलोचना की। उन्होंने कहा कि 2023 में भी बाढ़ आई थी और अब 2025 में इस पर काम करने की जरूरत है। पंजाब सरकार इस पर कुछ काम नहीं कर रही है, बस भाजपा को जिम्मेदार ठहराने में लगी हुई है।
- 21 Sept 2025 2:40 PM IST
ओडिशा सरकार की कैबिनेट में नहीं होगा अभी कोई विस्तार मनमोहन सामल
ओडिशा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल एक दिवसीय दौरे पर संबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मां सामलेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना किया और देवी के धबलमुखी रूप के दर्शन किए। ओडिशा सरकार के कैबिनेट विस्तार पर मनमोहन सामल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि फिलहाल कैबिनेट में कोई विस्तार नहीं होगा। सरकार कॉर्पोरेशन और बोर्ड से संबंधित योजनाओं पर काम कर रही है और संबलपुर जिला भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी। कैबिनेट विस्तार की बातों पर लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिए।
- 21 Sept 2025 2:30 PM IST
इंसानियत को कभी नहीं भूलना शाहरुख की सबसे बेहतरीन बात बॉबी देओल
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की पहली सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' रिलीज हो चुकी है। इसमें बॉबी देओल एक सुपरस्टार अजय तलवार की भूमिका निभा रहे हैं। बॉबी देओल और शाहरुख खान की दोस्ती बहुत पुरानी है। सीरीज के प्रमोशन के दौरान बॉबी देओल ने आईएएनएस से अपनी 3 दशक पुरानी दोस्ती पर बात की। बॉबी देओल ने आईएएनएस से कहा, "शाहरुख जिस तरह के इंसान हैं, यही वजह है कि आज वे इस मुकाम पर हैं। वह जमीन से जुड़े हुए हैं और परिवार को लेकर बहुत सजग रहते हैं। मुझे यकीन है कि बस एक ही बात उन्हें आगे बढ़ने में मदद करती है, वह यह कि वह अपने परिवार के लिए हमेशा मौजूद रहना चाहते हैं और मुझे लगता है कि हर माता-पिता में यही समानता होती है। हालांकि इन 30 सालों में हम कभी एक-दूसरे के ज्यादा संपर्क में नहीं रहे, लेकिन जब भी हम मिलते हैं तब ऐसा नहीं लगता कि हम लंबे समय बाद मिल रहे हैं।"
Created On :   21 Sept 2025 8:00 AM IST












