Breaking News: आज की बड़ी खबरें 22 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 22 Aug 2025 12:21 PM IST
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने सड़कों पर कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दी प्रतिक्रिया
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा, "भारत में सड़कों पर रहने वाले कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का जो आदेश आया है हम उसका स्वागत करते हैं। हम कुत्तों से प्रेम करने वाले लोगों की भावना का भी स्वागत करते हैं लेकिन सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों से अक्सर लोगों को बहुत तकलीफ होती है। आक्रामक कुत्तों से लोगों की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ऐसे कुत्तों का टीकाकरण होना चाहिए।"
- 22 Aug 2025 12:09 PM IST
उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के उम्मीदवार, महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात
उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के उम्मीदवार, महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। नितिन गडकरी ने सी.पी. राधाकृष्णन का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े भी मौजूद थे।
- 22 Aug 2025 11:54 AM IST
दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली NCR में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दी प्रतिक्रिया
दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली NCR में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कहा, "हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं और इसे 100% लागू करेंगे। हर कोई चाहता है कि आक्रमक कुत्तों का इलाज हो। कुत्ते हम सभी के प्रिय हैं, लेकिन जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं। एक बार पूरा फैसला पढ़कर हम उस हिसाब से इसे लागू करेंगे।"
- 22 Aug 2025 11:42 AM IST
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने औद्योगिक आइडियाथॉन 2025 पर दी प्रतिक्रिया
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने औद्योगिक आइडियाथॉन 2025 पर कहा, "यह दिल्ली का पहला आइडियाथॉन है, एक अनोखा आइडियाथॉन है। पिछले कई दिनों से कई प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं और आज हम यहां तक पहुंचे हैं। मुझे लगता है कि सिर्फ़ एक क्षेत्र के लिए नहीं, बल्कि कई क्षेत्रों के लिए हमें ऐसे आइडियाथॉन की ज़रूरत है।"
- 22 Aug 2025 11:29 AM IST
सुप्रीम कोर्ट की तरफ से कुत्ते के मामले पर दिए गए निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि कुत्तों को सार्वजनिक रूप से खाना खिलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और आवारा कुत्तों के लिए अलग से भोजन स्थान बनाए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि इस तरह के भोजन के कारण कई घटनाएं घटित हुई हैं।
- 22 Aug 2025 11:16 AM IST
दिल्ली NCR में आवारा कुत्तों के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने किया संशोधन
सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त के आदेश में संशोधन करते हुए कहा कि आवारा कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के बाद उसी क्षेत्र में वापस छोड़ दिया जाएगा, सिवाय उन कुत्तों के जो रेबीज से संक्रमित हैं या आक्रामक व्यवहार प्रदर्शित करते हैं।
- 22 Aug 2025 10:50 AM IST
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, "मुझे लगता है कि सुप्रीम कोर्ट बिहार को न्याय देगा। यह आम धारणा है। बिहार में SIR से जुड़े कुछ वास्तविक मुद्दे हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी गांधी बिहार में यात्रा कर रहे हैं तो लोग ठोस सबूतों के साथ उनसे शिकायत कर रहे हैं। हम देख सकते हैं कि कितने वास्तविक मतदाता कट गए हैं। हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय की उम्मीद है।"
- 22 Aug 2025 10:40 AM IST
यमुना घाटी के स्यानाचट्टी में मलबे से बनी झील को जल्द से जल्द खोलने के जारी हुए निर्देश
यमुना घाटी के स्यानाचट्टी में मलबे से बनी झील को जल्द से जल्द खोलने के लिए NDRF, SDRF, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, खाद्य आपूर्ति और लोक निर्माण विभाग की टीमें समेत सभी एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मौके पर हैं और स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा है कि स्थानीय लोगों को घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है। प्रशासन द्वारा लोगों की सुरक्षा के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए जा रहे हैं और मलबे से बनी कृत्रिम झील को खोलने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं। हालात अनुकूल होते ही झील को खोलने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
- 22 Aug 2025 10:33 AM IST
आज गया में पीएम मोदी, बिहार वासियों को कई परियोजनाओं की देगी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को गया दौरे पर। पीएम मोजी 11 बजे गया पहुंचेंगे और बोधगया मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई मंत्री और नेता शामिल होंगे। यहां से पीएम मोदी बिहार वासियों को 12,992 करोड़ की परियोजनाओं का सौगात देने वाले हैं।
- 22 Aug 2025 10:31 AM IST
24 से 26 अगस्त तक भारत के दौरे पर फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामाडा राबुका
फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामाडा राबुका 24 से 26 अगस्त तक भारत के दौरे पर रहेंगे। यह उनका भारत का पहला दौरा होगा। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर वार्ता करेंगे।
Created On :   22 Aug 2025 7:45 AM IST