Breaking News: आज की बड़ी खबरें 25 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 26 July 2025 1:03 AM IST
पीएम मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने किया रक्षा मंत्रालय भवन का उद्घाटन
दो दिवसीय दौरे पर मालदीव गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने मालदीव के नवनिर्मित रक्षा मंत्रालय भवन, धोशिमेना भवन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
- 26 July 2025 12:45 AM IST
पूर्वांचल हमेशा से समाजवादी पार्टी का रहा है - शिवपाल यादव
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा, "पूर्वांचल हमेशा से समाजवादी पार्टी का रहा है, नेताजी भी यहीं से लड़े थे, अखिलेश भी यहीं से लड़े थे। अब धर्मेंद्र यादव हैं, पूर्वांचल हमेशा समाजवादी पार्टी का रहा है। 2027 में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, तब पूर्वांचल का संपूर्ण विकास करेंगे।"
- 26 July 2025 12:26 AM IST
क्या जाली वोटर्स के साथ चुनाव होना चाहिए? - केंद्रीय मंत्री ललन सिंह
SIR मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "क्या चुनाव जाली मतदाताओं के साथ होना चाहिए? चुनाव आयोग का फैसला है कि विशेष गहन पुनरीक्षण करवाया जाएगा जिसके तहत जो इस देश का नागरिक नहीं है वह मतदाता नहीं होगा, जो लोग दो जगह बतौर मतदाता दर्ज हैं उनका नाम काटने का काम किया जाएगा, जो स्थायी तौर पर विदेशों में रह रहे हैं उनका नाम यहां की मतदाता सूची में क्यों रहेगा?... विशेष गहन पुनरीक्षण संविधान के अनुकूल है। इससे लोकतंत्र की जड़ मजबूत होगी और इसलिए यह आवश्यक है। देश के मतदाता इसका समर्थन भी कर रहे हैं... आपको(विपक्ष) डर क्यों लग रहा है?।"
- 25 July 2025 11:53 PM IST
भारत और न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते पर दूसरे दौर की वार्ता पूरी की
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए दूसरे दौर की वार्ता राष्ट्रीय राजधानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वार्ता में द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साझा उद्देश्य को आगे बढ़ाया गया। बातचीत का तीसरा दौर सितंबर में न्यूजीलैंड में होगा। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दूसरे दौर में मिली गति को बनाए रखने के लिए वर्चुअल बैठकें भी जारी रहेंगी।
- 25 July 2025 11:37 PM IST
चाइना ओपन सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे, उन्नति हुड्डा का सफर खत्म
भारतीय बैडमिंटन सितारे सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने वैश्विक सर्किट पर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए शुक्रवार को शानदार जीत के साथ चाइना ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। युवा उन्नति हुड्डा का शानदार सफर महिला एकल क्वार्टर फाइनल में थम गया।
- 25 July 2025 11:15 PM IST
मालदीव के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को बतौर प्रधानमंत्री दूसरे सबसे लंबे कार्यकाल की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव दौरे पर हैं। इस दौरान मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी को दूसरे सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री पद पर रहने पर बधाई दी। माले में प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में दिए गए भोज में, राष्ट्रपति मुइज्जू ने कहा कि 4,078 दिनों तक लगातार पद पर रहना मोदी जी की "जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और भारतीय लोगों की प्रगति व समृद्धि के प्रति समर्पण" को दर्शाता है।
- 25 July 2025 10:29 PM IST
विपक्ष में बिहार विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की हिम्मत नहीं चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि विपक्ष में बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की हिम्मत नहीं है। विपक्ष सत्ता का भूखा है। मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, "बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चुनाव आयोग करा रहा है, जो संवैधानिक संस्था है। इसमें सरकार का कोई रोल नहीं है। इस विषय पर विपक्ष में विरोधाभास है, जो मुझे समझ नहीं आता। एसआईआर की प्रक्रिया विपक्ष की मांग पर ही चुनाव आयोग ने शुरू की है। विपक्ष हर चुनाव के बाद चुनाव आयोग के पास जाकर फर्जी वोट और वोटिंग में धांधली की शिकायत करता रहा है। महाराष्ट्र और दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष ने हम पर आरोप लगाए थे। इन्हीं शिकायतों को दूर करने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पूर्व में भी आयोग ने ऐसे अभियान चलाए हैं। इस बार तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।"
- 25 July 2025 10:07 PM IST
SIR चुनाव आयोग की सतत प्रक्रिया - जीतनराम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने SIR को लेकर विपक्ष के विरोध पर कहा, "...यह कोई नई बात नहीं है। SIR तो चुनाव आयोग की सतत प्रक्रिया है... आंकड़ों में बताया गया है कि 20 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो गई है, तो क्या मृत मतदाताओं को रहना चाहिए? 17 लाख मतदाता ऐसे हैं जिनका नाम दूसरी जगह है, क्या उनका नाम (मतदाता सूची में) रहना चाहिए... मतदाता सूची के शुद्धिकरण का काम हो रहा है। यह कोई नई बात नहीं है... कांग्रेस के कार्यकाल के समय में भी ऐसा हुआ था... इसलिए यदि कोई कहता है कि जानबूझकर ऐसा किया गया है तो ऐसा नहीं है। इससे वही लोग डर रहे हैं जो पहले इसी के बल पर जीतते आ रहे थे।"
- 25 July 2025 9:47 PM IST
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में 'बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ' का नारा ध्वस्त अजय राय
प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के दूसरे सबसे लंबे कार्यकाल पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक तरफ पीएम के नाम रिकॉर्ड बनते जा रहे हैं, दूसरी ओर उनके ही संसदीय क्षेत्र में 'बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ' का नारा ध्वस्त हो चुका है।
- 25 July 2025 9:33 PM IST
आरओ/एआरओ परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश, प्रश्नपत्र की गोपनीयता सर्वोपरि मुख्य सचिव
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने राज्यभर के मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि 27 जुलाई को आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 को पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समयबद्ध वितरण, बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
Created On :   25 July 2025 8:08 AM IST