Breaking News: आज की बड़ी खबरें 25 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 25 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
25 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 25 July 2025 9:24 AM IST

    थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष सीमा पर सैन्य झड़प के बाद अब तक 14 थाई नागरिकों की मौत, 46 घायल

    थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है। सैन्य संघर्ष में अब तक थाईलैंड के 14 नागरिक मारे गए हैं, जबकि 46 अन्य लोग घायल हैं। थाईलैंड के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कंबोडिया ने गुरुवार शाम तक अपने हताहतों की संख्या के बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की थी। इस बीच, बैंकॉक में जन स्वास्थ्य मंत्री सोमसेक थेपसुथिन ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि की, जिनमें 13 नागरिक और एक सैनिक शामिल हैं।

  • 25 July 2025 9:15 AM IST

    शशि थरूर का भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया समर्थन, बोले-पहले राष्ट्र फिर राजनीति

    भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के हालिया बयान का स्वागत किया, जिसमें थरूर ने राष्ट्रीय हित को पार्टी राजनीति से ऊपर रखने की बात कही थी। खंडेलवाल ने कहा कि यह सोच लोकतांत्रिक एकता और शासन के लिए जरूरी है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में खंडेलवाल ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी हमेशा से मानती है कि व्यक्ति से पहले पार्टी और पार्टी से पहले राष्ट्र आता है। राष्ट्र हमेशा हमारी प्राथमिकता है। शशि थरूर ने भी लगभग यही विचार व्यक्त किया है, और मैं उनके इस बयान का स्वागत करता हूं।"

  • 25 July 2025 8:53 AM IST

    पीएम मोदी ने तोड़ा इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड, बतौर प्रधानमंत्री पूरे किए 4 हजार 78 दिन, कई उपलब्धियां की अपने नाम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे कर लिए। इस तरह उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के साथ, प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे व्यक्ति बन गए हैं, उनसे आगे केवल देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू हैं।

  • 25 July 2025 8:42 AM IST

    21 दिनों में 3.52 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने की अमरनाथ यात्रा

    अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक लगभग 3.52 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं। शुक्रवार को 2,896 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 3 जुलाई से शुरू हुई यात्रा के 21 दिनों में ही तीर्थयात्रियों की संख्या 3.50 लाख के अनुमानित आंकड़े को पार कर गई।

  • 25 July 2025 8:31 AM IST

    हिमाचल की कांग्रेस सरकार वित्तीय स्थिति से ध्‍यान भटकाने के लिए जॉब ट्रेनी पॉलिसी लाई- वीरेंद्र कंवर

    हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ट्रेनी जॉब नीति पर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने प्रदेश सरकार को इसको लेकर घेरा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान तीखा तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में वित्तीय स्थिति से ध्‍यान भटकाने के लिए जॉब ट्रेनी पॉलिसी लेकर सरकार आई है।

  • 25 July 2025 8:16 AM IST

    पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश हादसे पर जताया शोक, सहायता राशि की घोषणा की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से लिखा, "हिमाचल प्रदेश के मंडी में हुए एक हादसे में हुई जानमाल की हानि से दुखी हूं। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।"

  • 25 July 2025 8:11 AM IST

    अयोग्य वोटर्स पर भरोसा कर रहा है विपक्ष- दिनाकर लंका

    बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विरोधी दल हमलावर हैं। इस पर भाजपा नेता दिनाकर लंका ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्‍होंने सवाल किया कि क्‍या विपक्षी दल बहुमत हासिल करने के लिए अयोग्य मतदाताओं पर भरोसा कर रहे थे।

Created On :   25 July 2025 8:08 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story